विज्ञापन

दिल्ली पुलिस थानों में अब हर हफ्ते जनसुवाई, बड़े अधिकारी सुनेंगे समस्या, तत्काल होगा समाधान   

दिल्ली पुलिस के सभी थानों में अब हर शनिवार को जनसुनवाई होगी, सुबह 10 से 2 बजे तक लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी. इस दौरान पुलिस आला अधिकारी भी मौजूद रहेंगे.

दिल्ली पुलिस थानों में अब हर हफ्ते जनसुवाई, बड़े अधिकारी सुनेंगे समस्या, तत्काल होगा समाधान   
दिल्ली के पुलिस थानों में अब हर शनिवार जनसुनवाई होगी.

दिल्ली में आम लोगों की शिकायतों के जल्द समाधान और पुलिस-जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के लिए दिल्ली पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है. उपराज्यपाल के निर्देशों के बाद दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने सभी थानों में नियमित जनसुनवाई की व्यवस्था लागू करने के आदेश जारी किए हैं. जिससे अब हर शनिवार को सभी थानों में थाना दिवस-जनसुनवाई आयोजित की जाएगी, जिसमें आम लोग सीधे पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी शिकायतें, समस्याएं और सुझाव रख सकेंगे. मौके पर ही लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा. 

हर शनिवार सुबह 10 से 2 बजे तक होगी जनसुनवाई 

दिल्ली पुलिस की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह जनसुनवाई हर शनिवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक सभी थानों में होगी. इसकी शुरुआत 20 जून 2026 को शिनवार से होगी. इस दौरान कोई भी नागरिक अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंच सकता है, चाहे उसकी शिकायत पहले से ICMS पोर्टल पर दर्ज हो या नहीं. दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलछा ने निर्देश दिए हैं कि जनसुनवाई में आने वाले हर व्यक्ति की बात सुनी जाए और शिकायत को स्वीकार किया जाए. इसके बाद जरूरत के अनुसार शिकायत को ICMS में दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाए. 

बड़े अधिकारी भी बैठक में रहेंगे मौजूद

जनसुनवाई की नई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए स्पेशल सीपी, जॉइंट सीपी, एडिशनल सीपी, डीसीपी और एसीपी स्तर के वरिष्ठ अधिकारी भी अलग-अलग शेड्यूल के अनुसार थानों में मौजूद रहेंगे. वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई हो और लोगों को बार-बार थानों के चक्कर न लगाने पड़ें. जनसुनवाई के दौरान शिकायतों का पूरा रिकॉर्ड भी रखा जाए. हर थाने में अलग रजिस्टर या रिकॉर्ड शीट तैयार की जाएगी, जिसमें आने वाली शिकायतों, कार्रवाई और निपटारे की जानकारी दर्ज होगी. 

समय सीमा में होगा निपटारा  

दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलछा ने पुलिस अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया है कि जिन शिकायतों में जांच, सत्यापन या मौके पर कार्रवाई की जरूरत होगी, उन्हें तुरंत संबंधित अधिकारी को सौंपा जाए और तय समय सीमा के भीतर उनका समाधान किया जाए. लंबित शिकायतों की समीक्षा एसीपी और डीसीपी स्तर के अधिकारी नियमित रूप से करेंगे, ताकि किसी भी मामले में अनावश्यक देरी न हो. दिल्ली के सभी थाना अधिकारियों से साफ कहा गया है कि जनसुनवाई में आने वाले लोगों के लिए थानों में बेहतर व्यवस्था की जाए. इसके लिए थानों में सहायता डेस्क, बैठने की उचित व्यवस्था और लोगों के लिए सुविधाजनक माहौल तैयार किया जाए. 

उपराज्यपाल का मानना- लोगों को मिले खुला मंच   

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू लगातार इस बात पर जोर दे रहे हैं कि पुलिस व्यवस्था जनता के करीब होनी चाहिए और लोगों को अपनी समस्याएं बताने के लिए आसान और खुला मंच मिलना चाहिए. इसी उद्देश्य से थाना दिवस-जनसुनवाई को एक संस्थागत व्यवस्था के रूप में लागू किया जा रहा है. इसकी सूचना थानों में नोटिस बोर्ड, सोशल मीडिया, आरडब्ल्यूए, मार्केट एसोसिएशन और बीट स्टाफ के जरिए लोगों तक पहुंचाई जा रही है. 

दिल्ली के कश्मीरी गेट पर दर्दनाक हादसा, ड्यूटी कर रहे दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल की सड़क दुर्घटना में मौत

डीसीपी, एसीपी और थाना प्रभारियों की होगी जिम्मेदारी  

दिल्ली पुलिस ने सभी जिला डीसीपी, एसीपी और थाना प्रभारियों को इस पूरी व्यवस्था के लिए व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार बनाया है. आदेशों का पालन नहीं करने, लापरवाही बरतने या शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. हर सप्ताह जिलों से जनसुनवाई में मिली शिकायतों, उनके निपटारे और लंबित मामलों की रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को भेजी जाएगी. इस कवायद से दिल्ली पुलिस और जनता के बीच भरोसा मजबूत होगा और आम लोगों की समस्याओं का समाधान ज्यादा तेजी और पारदर्शी तरीके से हो सकेगा.

पुलिस से है कोई शिकायत? लगेगा जन सुनवाई शिविर, जानें कहां पहुंचना है 
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com