ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र में हिट एंड रन का एक गंभीर मामला सामने आया है. मूर्ति चौक पर सड़क से गुजर रहे एक युवक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हादसे में घायल युवक हिमांशु राय के दोनों पैर, हाथ, घुटने और रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है.
CCTV में कैद हुआ खौफनाक हादसा
जानकारी के अनुसार यह घटना 5 सितंबर की सुबह करीब 4:10 बजे की बताई जा रही है. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक सड़क पर जा रहा था, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक कई फीट तक हवा में उछल गया. वीडियो में हादसे के बाद युवक दिखाई नहीं देता, जबकि उसके हाथ में मौजूद सामान सड़क पर गिरा हुआ नजर आता है.

ऐसे हुआ हादसा, आखिरी फोटो में सड़क पर गिरा सामान
युवक गंभीर रूप से घायल
हादसे में घायल युवक की पहचान हिमांशु राय के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दुर्घटना में उसके दोनों पैरों, हाथ, घुटनों और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई हैं.

इसी कार से हुई थी टक्कर
आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार
बिसरख थाना प्रभारी के अनुसार मामले में थाना बिसरख में अपराध संख्या 639/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125बी के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है. घटना में इस्तेमाल की गई टाटा पंच कार को भी कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया गया है.
जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और सभी तथ्यों की जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : 'मेरा पीछा क्यों किया, ये हत्या की कोशिश', गुरुग्राम हिट एंड रन पीड़िता सिया ने मीडिया को सब कुछ बताया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं