मुंबई के गिरगांव इलाके में एक व्यापारी 'सेक्सटॉर्शन' का शिकार हो गया. इंस्टाग्राम पर एक महिला से दोस्ती उसे भारी पड़ गई, महिला ने वीडियो कॉल के दौरान व्यापारी का न्यूड वीडियो बना लिया और ₹3.5 लाख की डिमांड कर दी. ब्लैकमेलिंग से परेशान व्यापारी अपनी फरियाद लेकर पुलिस थाने पहुंचा.
शिकायतकर्ता ने बताया कि Instagram पर एक महिला के नाम वाले अकाउंट से उसे पहले 'Hi' का मैसेज आया. इसके बाद दोनों में दोस्ती हुई और नियमित बातचीत शुरू हो गई. करीब दो महीने के बाद, उसे Instagram पर ही एक दूसरी महिला के अकाउंट से संपर्क करने के लिए कहा गया. शुरुआत में उसने इनकार किया, लेकिन बार-बार जोर देने पर वो उस दूसरे अकाउंट पर बातचीत करने लगा.
शिकायत के मुताबिक, एक रात करीब 11 बजे 'kanxi_maya' नाम के Instagram अकाउंट से उसे वीडियो कॉल आया. कॉल उठाने पर सामने वाली महिला नग्न अवस्था में थी. महिला ने उसे भी कपड़े उतारने के लिए कहा, उस वक्त वो नशे में था. आरोप है कि इस दौरान करीब दो मिनट के वीडियो कॉल की गुपचुप रिकॉर्डिंग कर ली गई.

इसके बाद 2 जून 2026 को जब शिकायतकर्ता अपनी दुकान पर था, तब उसे एक अनजान व्यक्ति का फोन आया. फोन करने वाले ने दावा किया कि उसके पास वह आपत्तिजनक वीडियो है और उसने वीडियो डिलीट करने के एवज में ₹3.50 लाख की मांग की और पैसे नहीं देने पर वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी.
शिकायत में दावा किया गया है कि आरोपी ने डराने के लिए उस वीडियो की रिकॉर्डिंग या स्क्रीन रिकॉर्डिंग भी शिकायतकर्ता को भेजी. इसके बाद टेक्स्ट मैसेज के जरिए भी पैसों के लिए बार-बार धमकाने का आरोप है.
बदनामी के डर से व्यापारी ने शुरुआत में पुलिस में शिकायत नहीं की और मामला शांत होने का इंतजार किया, लेकिन जब ब्लैकमेलिंग और वीडियो वायरल करने की धमकियां लगातार जारी रहीं, तो आखिरकार उसने पुलिस में जाकर शिकायत दर्ज कराई.
Instagram पर दोस्ती, न्यूड वीडियो कॉल और फिर ब्लैकमेलिंग का यह पूरा पैटर्न एक सुनियोजित 'सेक्सटॉर्शन' का मामला है, जिसकी पुलिस अब जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें: 145 बच्चों को ऑनलाइन बनाया शिकार, कनाडा के बाद अमेरिका में मिली 33 साल की सजा
इसे भी पढ़ें: मेवात के 'हनीट्रैप' किंग का पर्दाफाश! FB पर लड़की बनकर फंसाता था जाल, 8 सेकंड के VIDEO से लूटे लाखों
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं