विज्ञापन

क्या राहुल द्रविड़ ने बेटे को दिया था गुरु मंत्र? PAK के खिलाफ जीत के बाद अन्वय का दिलचस्प खुलासा

अंडर-19 एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ मिली रोमांचक जीत को याद करते हुए राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ ने कहा कि एक समय भारतीय टीम को लगा था कि मैच हाथ से निकल गया है, लेकिन खिलाड़ियों ने शानदार वापसी कर खिताब जीत लिया.

क्या राहुल द्रविड़ ने बेटे को दिया था गुरु मंत्र? PAK के खिलाफ जीत के बाद अन्वय का दिलचस्प खुलासा
Rahul Dravid son Anvay Dravid
NDTV

पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप 2026 फाइनल में भारत ने ऐसी जीत दर्ज की, जिसे युवा क्रिकेट फैंस लंबे समय तक याद रखेंगे. 338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम एक समय पूरी तरह दबाव में थी, लेकिन मोहित उल्वा और मनल चौहान की शानदार बल्लेबाजी ने मैच का रुख बदल दिया. अब इस ऐतिहासिक जीत पर राहुल द्रविड़ के बेटे और भारतीय अंडर-19 टीम के बल्लेबाज अन्वय द्रविड़ ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने माना कि एक समय टीम को लगने लगा था कि मैच हाथ से निकल चुका है, लेकिन खिलाड़ियों ने हार नहीं मानी.

दिल्ली लौटने के बाद अन्वय द्रविड़ ने फाइनल की यादें शेयर करते हुए कहा कि यह जीत बेहद खास रही. उनके मुताबिक भारत-पाकिस्तान मुकाबला और ऊपर से फाइनल होने के कारण दबाव काफी ज्यादा था.

रोलर-कोस्टर राइड की तरह था मैच

अन्वय ने कहा, 'कल का मैच शानदार था. हम आखिरी गेंद पर मैच जीतने में सफल रहे और यह एक अविश्वसनीय मुकाबला था. एशिया कप जीतना अपने आप में खास एहसास है, लेकिन इतने करीबी मुकाबले में जीतना और भी यादगार बन गया. यह पूरा मैच किसी रोलर-कोस्टर राइड की तरह था. एक समय हमें लगा कि हम लगभग मैच से बाहर हो चुके हैं, लेकिन वहां से वापसी करना अद्भुत था.'

राहुल द्रविड़ क्या सलाह देते हैं?

अन्वय से जब उनके पिता और भारतीय क्रिकेट के दिग्गज राहुल द्रविड़ को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने बताया कि बातचीत होती है, लेकिन ज्यादा नहीं. उन्होंने कहा, 'वह (राहुल द्रविड़) बीच-बीच में कुछ बातें बताते हैं, लेकिन बहुत ज्यादा नहीं.'

मोहित उल्वा बने जीत के सबसे बड़े हीरो

फाइनल में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 337 रन बनाए थे. उस्मान खान ने 107 रन, अब्दुल कादिर ने 80 रन और कप्तान फरहान यूसुफ ने 63 रन की अहम पारियां खेलीं. उस्मान और कादिर ने दूसरे विकेट के लिए 135 रन जोड़कर भारत पर दबाव बना दिया था. हालांकि आखिरी ओवरों में भारत ने वापसी की. काव्या पटेल ने चार विकेट लिए, जबकि चिगुरुपति वेंकट ने तीन विकेट झटककर पाकिस्तान को 337 रन पर रोकने में अहम भूमिका निभाई.

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की वापसी

338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को आर्यवीर सहवाग (58) और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी (80) ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों ने पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़े. लक्ष्य ने 101 गेंदों पर 80 रन की संयमित पारी खेलकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा. लेकिन 37वें ओवर में लक्ष्य के आउट होने और उसके बाद अन्वय द्रविड़ के रन आउट होने से भारत मुश्किल में फंस गया. जल्द ही आर्यन सवसानी और काव्या पटेल के विकेट भी गिर गए और पाकिस्तान मुकाबले में हावी नजर आने लगा.

मनल-मोहित की साझेदारी ने बदल दी कहानी

जब भारत 252 रन पर 8 विकेट गंवा चुका था, तब मनाल चौहान और मोहित उलवा ने अविश्वसनीय संघर्ष दिखाया. दोनों ने नौवें विकेट के लिए सिर्फ 35 गेंदों में 57 रन जोड़कर मैच का रुख बदल दिया. मनाल चौहान ने 32 गेंदों में 47 रन बनाए, जबकि मोहित उलवा 26 गेंदों पर 49 रन बनाकर नाबाद लौटे. आखिरी गेंद पर भारत को जीत के लिए तीन रन चाहिए थे और मोहित ने शानदार चौका लगाकर टीम को एक विकेट से यादगार जीत दिला दी.

कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने भी की मोहित की तारीफ

दिल्ली पहुंचने पर भारतीय कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने कहा कि यह खिताबी जीत उनके लिए शानदार अनुभव रही. उन्होंने खास तौर पर मोहित उलवा की मैच जिताऊ पारी की प्रशंसा की और कहा कि टीम को ऐसी जीत पर गर्व है. भारत ने इस जीत के साथ रिकॉर्ड नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम किया और पाकिस्तान के खिलाफ सबसे यादगार जीतों में से एक दर्ज की.

यह भी पढ़ें-  रोहित-कोहली नहीं, गौतम गंभीर ने इन खिलाड़ियों को बताया न्यूजीलैंड में जीत का असली हीरो

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, New Zealand, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com