दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शूटरों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार इनकी गिरफ्तारी से दिल्ली में रंगदारी के लिए कारोबारी पर फायरिंग और मुंबई में एक मशहूर बॉलीवुड अभिनेता पर हमले की साजिश समय रहते नाकाम कर दी गई. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास ठाकुर उर्फ विक्की और दीप उर्फ दीपक सिंह के रूप में हुई है. दोनों पर विदेश में बैठे एक भगोड़े गैंगस्टर के लिए काम करने का आरोप है.
कारोबारी को निशाना बनाने की थी तैयारी
पुलिस के मुताबिक गैंगस्टर ने दिल्ली के एक कारोबारी से रंगदारी वसूलने के लिए फायरिंग की योजना बनाई थी. इस वारदात की जिम्मेदारी विकास ठाकुर को सौंपी गई थी. वह मुंबई से दिल्ली पहुंच चुका था और आगे दीपक सिंह को भी उसके साथ जुड़ना था. स्पेशल सेल को साजिश की जानकारी मिल गई और पुलिस ने वारदात से पहले ही विकास को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ और खुफिया जानकारी के आधार पर दूसरी टीम ने मुंबई से दीपक सिंह को भी पकड़ लिया.
बॉलीवुड अभिनेता पर हमले की साजिश
जांच में सामने आया कि यही गैंगस्टर मुंबई में एक बड़े बॉलीवुड अभिनेता पर फायरिंग करवाने की योजना बना रहा था. पुलिस का कहना है कि दीप को मुंबई में छिपाकर रखने के पीछे इसी हमले की तैयारी थी. सही समय पर उसे वारदात को अंजाम देने का निर्देश दिया जाना था. हालांकि स्पेशल सेल ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर इस साजिश पर भी पानी फेर दिया.
मैड संधू हत्याकांड से जुड़ा है दीप
गिरफ्तार आरोपी दीप उर्फ दीपक सिंह पंजाब के तरनतारन का रहने वाला है. वह 3 अक्टूबर 2026 को अमृतसर में हुए इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू हत्याकांड में भी वांछित था. पुलिस के अनुसार उसने अपने साथी पलविंदर उर्फ काका के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था. हत्या के बाद काका गिरफ्तार हो गया था जबकि दीप फरार होकर मुंबई में छिप गया था. पंजाब पुलिस को भी उसकी तलाश थी.
अपराध की दुनिया में ऐसे बढ़े कदम
जालंधर निवासी विकास ठाकुर का नाम पहली बार 2019 में एक झपटमारी मामले में सामने आया था. बाद में वह गैंगस्टरों के लिए अवैध हथियारों की सप्लाई, रेकी और नए लड़कों की भर्ती जैसे काम करने लगा. वहीं दीप पहले ट्रकों में हेल्पर और ड्राइवर था लेकिन जल्दी पैसा कमाने की चाह और गलत संगत उसे अपराध की दुनिया में ले गई.
नेटवर्क की कड़ियां जोड़ रही पुलिस
स्पेशल सेल ने विकास ठाकुर की गिरफ्तारी के बाद आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर संख्या 261/2026 दर्ज की है. पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर विदेश में बैठे भगोड़े गैंगस्टर, हथियार सप्लाई नेटवर्क और अलग-अलग राज्यों में सक्रिय उसके साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है. जांच एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में भी जुटी हैं.
यह भी पढ़ें | होशियारपुर सेंट्रल जेल में नशा छुड़ाने वाला ही निकला तस्कर! ड्रग्स और मोबाइल के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं