- दिल्ली के मोती नगर में 18 वर्षीय युवती शबनम की कपड़ों के शोरूम में गला रेतकर हत्या कर दी गई.
- CCTV फुटेज में आरोपी को युवती के साथ मारपीट करते और उसे चेंजिंग रूम में घसीटते हुए दिखाया गया है.
- पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह एकतरफा प्यार या निजी रिश्तों में आई खटास हो सकती है.
दिल्ली के मोती नगर हत्याकांड का CCTV फुटेज सामने आया है. वीडियो में आरोपी दुकान के अंदर युवती के साथ मारपीट करता दिखाई देता है. मारपीट के दौरान पीड़िता रोते हुए जमीन पर बैठ जाती है. लेकिन आरोपी नहीं रुकता. इसके बाद वह युवती को घसीटते हुए दुकान के चेंजिंग रूम में ले जाता है, जहां कथित तौर पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी जाती है. पूरी वारदात CCTV में कैद होने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है और पुलिस जांच में जुटी हुई है.
मोती नगर इलाके में शनिवार शाम एक कपड़ों के शोरूम में काम करने वाली 18 वर्षीय युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी. अधिकारियों के अनुसार, पुलिस को शक है कि इसके पीछे एकतरफा प्यार या निजी रिश्तों में आई खटास हो सकती है. युवती का नाम शबनम है. वो मोती नगर मेट्रो स्टेशन के पास एक शोरूम में काम करती थी और पश्चिमी दिल्ली में अपने परिवार के साथ रहती थी. शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी युवती को पहले से जानता था और कभी उसका दोस्त हुआ करता था. शनिवार शाम जब युवती की शिफ्ट खत्म होने वाली थी, तब आरोपी शोरूम पहुंचा. पुलिस ने बताया कि आरोपी उसे शोरूम के ट्रायल रूम में ले गया और किसी धारदार हथियार से उसके गले पर हमला कर दिया, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया.
पुलिस के मुताबिक पहले दोनों के बीच अच्छी दोस्ती थी. लेकिन पिछले कुछ महीनों से उनके रिश्तों में खटास आ गई थी. माना जा रहा है कि इसी निजी विवाद के चलते हत्या की गई है. यह घटना रात करीब 9 बजे सामने आई, जब शोरूम के कर्मचारी दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे. उन्होंने ट्रायल रूम चेक किया तो शबनम को खून से लथपथ हालत में पाया. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवती के गले पर किसी धारदार हथियार से चोट के निशान थे.
वहीं, पुलिस ने फरार चल रहा आरोपी सूरज को गिरफ्तार किया है. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या में इस्तेमाल हथियार समेत वारदात के हर पहलू की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या की साजिश पहले से रची गई थी या फिर किसी विवाद के दौरान आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया.
ये भी पढ़ें : कल का मौसम: दिल्ली, यूपी, राजस्थान समेत 12 राज्यों में बारिश, बंगाल की खाड़ी में तूफान की दस्तक; IMD का अलर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं