- उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर विवाद चल रहा है
- कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को लगभग 180 सीटों की सूची प्रदान की है लेकिन सपा इससे संतुष्ट नहीं है
- दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर 17 नवंबर को मल्लिकार्जुन खरगे के घर बैठक आयोजित होगी
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर खींचतान तेज है. अखिलेश यादव ने खुद ही शनिवार को एचटी समिट में माना था कि कांग्रेस ने 181 सीटों की लिस्ट हमें दी है. अब जानकारी मिल रही है कि कांग्रेस ने 180 सीटों की सूची सपा को दी है. इस पर समाजवादी पार्टी सहज नहीं है और इससे आधी से भी कम सीटें ही देने के लिए तैयार है. फिलहाल दोनों दलों के बीच इसे लेकर चर्चा करने की तैयारी है. इसी क्रम में पहले राउंड की मीटिंग में 17 नवंबर को होने वाली है. इस मीटिंग में कांग्रेस की ओर से सीटों की दावेदारी का आधार बताया जाएगा तो वहीं सपा बताएगी कि वह क्यों उसे कम ही सीटें देना चाहती है.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के घर पर यह मीटिंग होनी है. समाजवादी पार्टी की तरफ से राजीव राय, रामगोपाल यादव और कांग्रेस की तरफ से राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा, इमरान मसूद बैठक में शामिल हो सकते हैं. कांग्रेस ने इन तीनों ही नेताओं को अहम भूमिका दी है. राजेंद्र पाल गौतम और इमरान मसूद तो सपा पर हमलावर भी रहे हैं, लेकिन आराधना मिश्रा मोना और उनके पिता प्रमोद तिवारी के सपा से अच्छे संबंध माने जा सकते हैं. ऐसे में वह कोई बीच का रास्ता निकाल सकती हैं, जिससे गठबंधन के दोनों दल सहज भी रहें.
दरअसल कांग्रेस का कहना है कि उसका 2024 में स्ट्राइक रेट काफी अच्छा था और उसे ध्यान में रखकर ही सीटें दी जाएं. वहीं सपा उसे 2017 की याद दिला रही है, जब 100 सीटें लेकर भी 6 पर ही उसे जीत मिली थी. अब पूरा मामला अखिलेश यादव के पाले में ही है. कांग्रेस ने अपनी सूची सौंप दी है और सपा को उस ऑफर में से देखना है कि वह कितनी सीटें दे सकेगी. सपा सूत्रों का कहना है कि 60 सीटों के करीब ऑफर की जाएंगी. वहीं सीटों की संख्या के अलावा दोनों दलों में जिताऊ सीटों को लेकर भी खींचतान होना तय माना जा रहा है. इसके अलावा रायबरेली, सुल्तानपुर जैसे जिलों को लेकर भी खींचतान हो सकती है, जहां कांग्रेस अपना गढ़ मानती है, लेकिन सपा भी कई चुनावों में जीत हासिल करती रही है.
बता दें कि अखिलेश यादव ने खुद ही दिलचस्प अंदाज में कांग्रेस की सीटों की डिमांड के बारे में बताया था. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा था कि कांग्रेस ने यूपी की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है. खास बात यह रही कि उन्होंने यह आंकड़ा सीधे बताने के बजाय अपने अंदाज में सामने रखा. हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट 2026 में जब अखिलेश यादव से पूछा गया कि कांग्रेस कितनी सीटें मांग रही है और क्या उसने 100 सीटों की मांग की है, तो उन्होंने कहा, 'देखिए, कांग्रेस पार्टी के साथ हमारे रिश्ते बहुत अच्छे हैं. और जितनी सीटों की बात आप कह रहे हैं, उससे ज्यादा सीटें उन्होंने मांगी हैं.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं