एक डॉक्टर पर दर्ज रेप के केस में बड़ा ट्विस्ट आ गया है. केरल के मशहूर डॉक्टर जॉनसन के. वर्गीज पर एक महिला ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था. इसी मामले में अब उन्होंने एर्नाकुलम की सेशन कोर्ट का रुख किया है और अग्रिम जमानत की मांग की है. उनका कहना है कि यह मामला रेप का नहीं है बल्कि 3 करोड़ रुपये की डिमांड का है. उनको हनीट्रैप किया गया है और अब फंसाकर पैसों की मांग की जा रही है. डॉक्टर पर फिलहाल गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है और इसके बचने के लिए ही उन्होंने अदालत का रुख किया. डॉक्टर ने कहा कि मैंने 50 वर्षीय महिला का रेप नहीं किया है. यह शिकायत गलत है और 10 अक्तूबर को ऐसा कुछ नहीं हुआ.
जमानत याचिका में डॉक्टर ने कहा कि शिकायत करने वाली महिला लंबे समय से उनकी मरीज है. महिला के साथ उनकी करीबी दोस्ती रही है. डॉ. वर्गीज ने इस मामले में एक एक्ट्रेस पर आरोप लगाया है कि उसने उन्हें मेडिकल सहायता के लिए फ्लैट पर बुलाया था. वह एक्ट्रेस शिकायत करने वाली महिला की रिश्तेदार है. डॉक्टर ने कहा कि मैं जब फ्लैट पर पहुंचा तो वह एक्ट्रेस और उसके 12 साथी मौजूद थे. इईन लोगों ने मुझे पकड़ लिया और एक जगह पर बांध दिया. डॉक्टर ने कहा कि इन लोगों ने मेरे कपड़े उतार डाले और वीडियो बना लिया. मेरी पिटाई भी की गई थी. अब उसी वीडियो का इस्तेमाल करके ब्लैकमेल किया जा रहा है.
उन्होंने अदालत में दावा किया कि इन लोगों ने मुझसे 3 करोड़ रुपये की डिमांड की. इनका कहना था कि यदि मैं पैसे नहीं दे पाया तो फिर वे इन विजुअल्स को रिलीज कर देंगे. उनका दावा है कि मेरे पास सारे दस्तावेज और मेसेज भी मौजूद हैं, जिनके जरिए उन्हें धमकियां दी गईं. उन्होंने कहा कि अभिनेत्री मुझसे काफी पहले से पैसे मांग रही थी. डॉ. वर्गीज ने कहा कि मैंने जब इन पैसों को देने से मना किया तो मेरे खिलाफ ही केस करा दिया गया. महिला की शिकायत के आधार पर डॉक्टर के खिलाफ पुलिस ने यौन उत्पीड़न का केस दर्ज किया है. अब तक डॉक्टर के दावों का वेरिफिकेशन नहीं हो सका है, लेकिन जल्दी ही उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई की जाएगी.
इस तरह पूरे मामले ने अजीब मोड़ ले लिया है. एक तरफ डॉक्टर पर यौन उत्पीड़न का केस है तो वहीं आरोपी ने कहा कि मेरे खिलाफ फर्जी केस दर्ज हुआ है. उनका कहना है कि करोड़ों रुपये की डिमांड का यह मामला है. मेरी ब्लैकमेलिंग की जा रही है. अब इस मामले में आरोपी को सोमवार को ही मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं