विज्ञापन

अमेरिकी सरकार ने पन्नू की हत्या की साजिश रचने के मामले में निखिल गुप्ता के लिए 24 साल सजा की मांग की

भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता के वकीलों ने कहा है कि 55-वर्षीय व्यक्ति के लिए लंबी अवधि की कोई भी सजा उचित नहीं होगी.

अमेरिकी सरकार ने पन्नू की हत्या की साजिश रचने के मामले में निखिल गुप्ता के लिए 24 साल सजा की मांग की
पन्नू के मामले में निखिल गुप्ता को 20 नवंबर को सजा सुनाई जाएगी. (फोटो-एनडीटीवी)
  • निखिल गुप्ता ने न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या के प्रयास और धनशोधन की साजिश रचने के आरोप स्वीकार कर लिए हैं
  • अमेरिकी अटॉर्नी ने अदालत में गुप्ता के दुस्साहसपूर्ण और क्रूर आचरण को गंभीर अपराध बताया है
  • सरकार ने कहा कि गुप्ता और सह-साजिशकर्ताओं ने राजनीतिक कारणों से हत्या की साजिश रची थी

सिख अलगाववादी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने के मामले में अमेरिकी सरकार भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 24 साल जेल की सजा देने की मांग कर रही है. गुप्ता (55) ने इस साल की शुरुआत में न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या के प्रयासों के संबंध में सुपारी देने और धनशोधन की साजिश रचने के आरोपों को स्वीकार कर लिया था. गुप्ता को 20 नवंबर को सजा सुनाई जाएगी. हालांकि, उनके वकीलों ने 12 साल की कैद और उसके बाद तीन साल तक निगरानी में रिहा रखने का अनुरोध करते हुए कहा है कि सजा में ‘‘काफी कमी'' की जानी चाहिए.

पन्नू के पास अमेरिका और कनाडा की दोहरी नागरिकता है. अमेरिकी अटॉर्नी जेम्स मैकडोनाल्ड ने शुक्रवार को न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले की अमेरिकी जिला अदालत के न्यायाधीश विक्टर मारेरो के समक्ष 20 पन्नों का लिखित पक्ष पेश किया. इसमें उन्होंने कहा कि गुप्ता का ‘‘आचरण जितना दुस्साहसपूर्ण था, उतना ही क्रूर भी था.''

अमेरिकी सरकार ने कहा, ‘‘वह अमेरिकी धरती पर एक अमेरिकी नागरिक की हत्या की विदेशी साजिश में अहम भागीदार था. अदालत को ऐसा फैसला सुनाना चाहिए, जो अपराध की गंभीरता को दर्शाए और यह संदेश दे कि इस देश में आवाजों को हिंसा के जरिए दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इन कारणों और ऊपर बताए गए अन्य सभी कारणों से सरकार अदालत से 293 महीने की सजा देने का अनुरोध करती है.''

सरकार ने कहा कि गुप्ता और उसके सह-साजिशकर्ताओं ने पीड़ित की राजनीतिक विचारधारा के कारण अमेरिकी धरती पर एक अमेरिकी नागरिक की हत्या की साजिश रची थी. सह-साजिशकर्ताओं में कम से कम एक भारतीय सरकारी कर्मचारी भी शामिल था.  सरकार ने कहा, ‘‘यह बेहद गंभीर अपराध है और इसके लिए उतनी ही गंभीर सजा जरूरी है. हमारा मानना है कि अमेरिकी सजा दिशानिर्देशों के तहत निर्धारित 235 से 293 महीने की कैद की अधिकतम अवधि के अनुरूप सजा देना जरूरी है, ताकि सजा के उद्देश्यों को पूरा किया जा सके.''

गुप्ता के वकीलों ने कहा है कि परिवीक्षा अधिकारी की सिफारिश उस अधिकारी के सोच-समझकर लिये गए फैसले को दर्शाती है, जिसने गुप्ता से पूछताछ की थी, जांच से जुड़े सभी रिकॉर्ड की समीक्षा की और कानून के तहत निर्धारित सभी पहलुओं पर विचार किया. गुप्ता के वकीलों ने कहा, ‘‘इसमें इस बात को ध्यान में रखा गया है कि गुप्ता का पहले किसी भी तरह का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं रहा है, अपराध के समय वह शराब की लत से पीड़ित था, जिसका इलाज नहीं हुआ था और 55-वर्षीय व्यक्ति के लिए लंबी अवधि की कोई भी सजा उचित नहीं होगी.'' उन्होंने कहा कि गुप्ता ने अपने कृत्य की गंभीरता को कमतर करके पेश नहीं किया.

यह भी पढ़ें | गुरुग्राम से नोएडा प्लेन में सफर, पार्क में लैंडिंग-टेकऑफ; क्या ये मुमकिन है? अमेरिकी कंपनी बना रही ऐसा विमान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nikhil Gupta, Nikhil Gupta Case, Nikhil Gupta Case News, Gurupatwant Singh Pannu, Gurupatwant Singh Pannun
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com