इंग्लैंड के खिलाफ लगातार दो टेस्ट मैचों में मिली शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान ने तीसरे टेस्ट के लिए अपने स्क्वॉड में 7 बदलाव किए हैं. टीम में अचानक हुए इन बदलावों और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के हालिया प्रदर्शन को लेकर शोएब अख्तर ने अपनी बात रखी है. पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज ने 'आउटसाइड एज' शो पर बात करते हुए कहा, "पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) खुद इन खिलाड़ियों से काफी निराश है और उन्हें पाकिस्तान के मौजूदा स्क्वॉड से कोई उम्मीद नहीं है. उनका प्लान इस स्क्वॉड को हटाकर नए खिलाड़ियों को टीम में जगह देने का है. वह उन खिलाड़ियों को मौका देना चाहते हैं, जो सिर्फ पाकिस्तान के लिए खेलना चाहते हैं। वह अब भविष्य को देख रहे हैं और मेरे हिसाब से पीसीबी सही दिशा में काम कर रहा है."
हालांकि, शोएब अख्तर ने कहा कि बदलाव के इस दौर में शाहीन अफरीदी, नसीम शाह और हारिस रऊफ के करियर का पीसीबी को ध्यान रखना चाहिए. उन्होंने कहा, "बदलाव के इस दौर में मैं यही चाहता हूं कि शाहीन शाह अफरीदी, नसीम शाह और हारिस रऊफ के करियर का बचाव हो। उन खिलाड़ियों में अभी काफी क्रिकेट बची हुई है."
शोएब अख्तर ने बताया कि उनकी पीसीबी के एक अधिकारी से भी बात हुई, जिन्होंने बताया कि इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तान की मौजूदा टीम से कोई उम्मीद नहीं है. अख्तर ने बताया कि अधिकारी का कहना है कि उन्हें अगली पीढ़ी से उम्मीदें हैं, जिन्हें बड़े स्टेज के लिए तैयार किया जा रहा है. पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर के अनुसार, पीसीबी अधिकारी का कहना है कि पाकिस्तान क्रिकेट फिलहाल 'वेंटिलेटर' पर है और नेशनल सेटअप को दोबारा से जीवित होने में कम से कम दो साल लगेंगे.
पाकिस्तान को लॉर्ड्स के मैदान पर खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड के खिलाफ 194 रनों से हार का सामना करना पड़ा था.वहीं, हेडिंग्ले टेस्ट में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को एक पारी और 103 रनों से हराया था. पाकिस्तान के बल्लेबाजों का प्रदर्शन अब तक खेले गए दोनों ही टेस्ट मैचों में बेहद निराशाजनक रहा है. सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच 9 सितंबर से एजबेस्टन के मैदान पर खेला जाना है.
(IANS के इनपुट के साथ)
ये भी पढ़ें- अभिषेक शर्मा-वैभव सूर्यवंशी ओपनर, ईशान किशन नंबर 6 पर, अफगानिस्तान के खिलाफ ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग 11
ये भी पढ़ें- 92.97m वाले अरशद टॉप पर, 92.62m के साथ पथिरागे पीछे, नीरज को झटका, एशिया के 5 सबसे बेहतरीन जैवलिन थ्रोअर
ये भी पढ़ें- अजीत अगरकर के सामने चमके वैभव सूर्यवंशी, सिराज पर बरसाए रन, क्या ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए ठोकी दावेदारी?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं