इंग्लैंड दौरे पर हेडिंग्ल और लॉर्ड्स में मिली शर्मनाक हार के बाद से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पर्दे के पीछे सफाई अभियान चला रखा है. इसके तहत पहले सात खिलाड़ियों को बीच दौरे से वापस बुलाया गया. दो कोच की छुट्टी की गई. वहीं अब खबर है कि बोर्ड ने सेलेक्टर आकिब जावेद की विदाई करने का फैसला ले लिया है. आकिब ने अपने करियर के दौरान 883 विकेट झटके हैं. बता दें, इससे पहले मिस्बाह उल हक के इस्तीफे की खबरें थीं. हालांकि, बोर्ड ने उनका रिजाइन स्वीकार नहीं किया. कुछ दिनों पहले ही मोहम्मद रिज़वान, इमाम-उल-हक और सलमान अली आगा को इंग्लैंड से वापस भेज दिया गया था. इंग्लैंड दौरे के लिए मोहम्मद रिज़वान, इमाम-उल-हक के चयन पर सवाल थे.
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, इस मामले से संबंधित एक सूत्र ने बताया,"आकिब से भी लाहौर हाई परफॉर्मेंस सेंटर में डायरेक्टर डेवलपमेंट के तौर पर अपनी भूमिका पर ध्यान देने के लिए कहा जा सकता है." उन्होंने दावा किया कि रिजवान, इमाम और सलमान को वापस भेजना पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की बड़ी योजना का हिस्सा था. पहले दो खिलाड़ियों को न सिर्फ खराब फॉर्म की वजह से, बल्कि ड्रेसिंग रूम में उनके व्यवहार के कारण भी टीम से हटाया गया.
सोर्स ने आगे बताया,"बाकी खिलाड़ियों को अंतरिम रेड-बॉल हेड कोच माइक हेसन की सिफारिश पर वापस भेजा गया, जो उन कुछ खिलाड़ियों को आजमाना चाहते थे जिनके साथ उन्होंने व्हाइट-बॉल कैंप में काम किया था."
सूत्र ने दावा किया कि PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी "सफाई" करने के इच्छुक थे और अगला बदलाव सिलेक्शन कमिटी में हो सकता है. उन्होंने कहा,"आकिब, जिन्हें चेयरमैन का चहेता माना जाता है, उनसे भी लाहौर हाई परफॉर्मेंस सेंटर में डायरेक्टर डेवलपमेंट के तौर पर अपनी भूमिका पर ही ध्यान देने के लिए कहा जा सकता है." सूत्र के अनुसार, एक और सेलेक्टर, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मिसबाह-उल-हक, पहले ही पद छोड़ने की पेशकश कर चुके हैं.
PCB ने सेलेक्शन कमिटी और एडवाइजरी कमिटी के सदस्यों को भी नोटिस जारी किए हैं. उनसे इंग्लैंड दौरे के लिए इमाम और रिजवान के सिलेक्शन और सिलेक्शन पॉलिसी बनाने के लिए अपनाए गए क्राइटेरिया के बारे में सफाई मांगी गई है. सूत्र ने कहा,"इंग्लैंड दौरे के बाद एक नई सिलेक्शन कमिटी की घोषणा की जा सकती है."
आकिब को लंबे समय से PCB में सबसे प्रभावशाली लोगों में से एक माना जाता रहा है और सिलेक्शन व टीम से जुड़े अन्य मामलों में उनकी अहम भूमिका रही है. सूत्र ने बताया कि अगर हेसन रेड-बॉल टीम के परमानेंट हेड कोच की जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार होते हैं, तो बोर्ड उन्हें इस पद पर बनाए रखने पर भी विचार कर रहा है. उन्होंने आगे कहा,"अगर वह सहमत नहीं होते हैं, तो बोर्ड नवंबर में श्रीलंका के खिलाफ अगली घरेलू सीरीज से पहले किसी और को नियुक्त करेगा."
सूत्र ने यह भी कहा कि रिजवान, इमाम और सलमान को वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरों के दौरान कुछ घटनाओं के संबंध में अपने व्यवहार पर सफाई देने के लिए कमिटी के सामने पेश होने को कहा जाएगा. पूर्व हेड कोच सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल के भविष्य के बारे में - जिन्हें टीम के इंग्लैंड में रहने के दौरान ही उनके पदों से हटा दिया गया था - सूत्र ने कहा कि दोनों को बोर्ड के भीतर अन्य काम सौंपे जाएंगे.
यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा टॉप पर, जयसूर्या से आगे सचिन- कोहली, वनडे में सबसे अधिक 150+ स्कोर करने वाले क्रिकेटर
यह भी पढ़ें: 8 छक्के, 5 चौके, 190.56 का स्ट्राइक रेट, राजस्थान रॉयल्स के स्टार के विस्फोट में धुंआ-धुंआ हुआ स्टेडियम, VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं