- बलूचिस्तान के डेरा बुगती में बुगती जनजाति की लोक गायिका माई सुभाई बुगती की गोली मारकर हत्या कर दी गई
- अज्ञात हमलावरों ने बाइक से सवार होकर माई सुभाई बुगती पर गोलियां चलाईं, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई
- पुलिस ने माई सुभाई बुगती की हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, हत्या का कारण अज्ञात है
पाकिस्तान में हिंसा चरम पर है. बलूचिस्तान प्रांत के डेरा बुगती में बुगती जनजाति की एक बलूची फीमेल सिंगर की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई है. स्थानीय मीडिया ने गुरुवार, 3 सितंबर को इसकी जानकारी दी. मारी गईं लोक गायिका (फोक सिंगर) की पहचान माई सुभाई बुगती के रूप में हुई है. पाकिस्तानी अखबार डॉन के मुताबिक, उन्हें बुगती जनजाति की शुरुआती फीमेल सिंगर्स में से एक माना जाता था.
पुलिस के मुताबिक, बाइक पर सवार कुछ अज्ञात हमलावरों ने डेरा बुगती के बाहरी इलाके में माई सुभाई बुगती पर गोलियां चला दीं और मौके से भाग गए. पुलिस ने बताया कि गायिका को कई गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. मृतका का पार्थिव शव कानूनी और मेडिकल जांच की प्रक्रिया के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया. एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि डेरा बुगती में पहली बार किसी फीमेल सिंगर को निशाना बनाया गया है. उन्होंने बताया कि हत्या के पीछे की वजह अभी पता नहीं चल पाई है और मामले की जांच जारी है.
पहले कंटेंट क्रिएटर, अब सिंगर... पाकिस्तान में महिलाएं सुरक्षित नहीं
यह घटना पाकिस्तान में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा को एक बार फिर सामने लाती है. खासकर आर्ट फिल्ड की महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा है. पिछले महीने पाकिस्तान के टैक्सिला में 28 साल की एक कंटेंट क्रिएटर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उनके सोशल मीडिया पर 13 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे. गोलीबारी के बाद हुई एक सड़क दुर्घटना में उनकी छोटी बहन भी गंभीर रूप से घायल हो गई थी. FIR के मुताबिक, मृतक का नाम शम्सू बीबी था, जिन्हें आयशा के नाम से भी जाना जाता था. वह अपनी बहन अस्मिया बीबी और भाई नेमतुल्लाह के साथ एक गाड़ी में घर से निकली थीं.
रास्ते में बाइक पर सवार कुछ अज्ञात हमलावरों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाया और गोलियां चला दीं. गोलीबारी में शम्सू बीबी को कई गोलियां लगीं और गाड़ी के अंदर ही मौत हो गई, जबकि उनकी छोटी बहन गंभीर रूप से घायल हो गईं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं