विज्ञापन

इंदौर में India-West Indies T20 का टिकट प्राइस जारी, ₹1000 में देखें मुकाबला; सबसे महंगा टिकट ₹12,500

इंदौर के होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को होने वाले भारत-वेस्टइंडीज टी20 मैच के टिकट रेट जारी हो गए हैं. सबसे सस्ता टिकट ₹1000 और सबसे महंगा ₹12,500 रखा है. एमपीसीए ने ऑनलाइन टिकट बिक्री के लिए डिस्ट्रिक्ट ऐप को अधिकृत पार्टनर बनाया है.

इंदौर में India-West Indies T20 का टिकट प्राइस जारी, ₹1000 में देखें मुकाबला; सबसे महंगा टिकट ₹12,500
  • भारत और वेस्टइंडीज के टी-20 मैच के टिकट की कीमतें ₹1000 से ₹12,500 के बीच रखी गई हैं.
  • पवेलियन सीटों के टिकट ₹5500 से ₹8500 तक होंगे, जिनकी मांग सबसे ज्यादा रहने की उम्मीद है.
  • टिकट की बिक्री पूरी तरह ऑनलाइन होगी, जिसमें डिस्ट्रिक्ट ऐप और वेबसाइट से ही खरीद संभव है.

क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है. इंदौर के होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को खेले जाने वाले भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 मुकाबले के टिकटों की कीमतें जारी कर दी हैं. मैच देखने के लिए दर्शकों को कम से कम ₹1000 खर्च करने होंगे, जबकि सबसे महंगा टिकट ₹12,500 का रखा है. मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) ने टिकट बिक्री की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रखने का फैसला किया है. साथ ही फर्जी टिकट और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले नकली लिंक से सावधान रहने की सलाह भी दी है.

₹1000 से शुरू होगी टिकटों की कीमत

भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच के लिए सबसे सस्ता टिकट ₹1000 का रखा है. ईस्ट और वेस्ट गैलरी में बैठकर मैच देखने वाले दर्शकों के लिए टिकटों की कीमत ₹1000 से ₹1800 तक निर्धारित की है. इससे आम क्रिकेट प्रशंसकों को भी मुकाबला देखने का मौका मिलेगा.

पवेलियन सीटों के लिए ज्यादा रकम चुकानी होगी

स्टेडियम में बेहतर सुविधाओं और बेहतर व्यू वाली पवेलियन सीटों के टिकट महंगे रखे हैं. पवेलियन श्रेणी के टिकट ₹5500 से लेकर ₹8500 तक उपलब्ध रहेंगे. हर साल की तरह इस बार भी पवेलियन सीटों की मांग सबसे ज्यादा रहने की उम्मीद है.

हॉस्पिटैलिटी टिकट ₹12,500 तक

प्रीमियम सुविधाओं का लाभ लेने वाले दर्शकों के लिए हॉस्पिटैलिटी टिकट भी उपलब्ध होंगे. इन टिकटों की कीमत ₹11,000 और ₹12,500 रखी है. यह मैच का सबसे महंगा टिकट होगा, जिसमें दर्शकों को विशेष सुविधाएं मिलेंगी.

ऑनलाइन ही खरीद सकेंगे टिकट

एमपीसीए ने टिकट बिक्री के लिए डिस्ट्रिक्ट (District) कंपनी को आधिकारिक टिकटिंग पार्टनर बनाया है. सभी टिकटों की बिक्री पूरी तरह ऑनलाइन होगी. क्रिकेट प्रशंसक डिस्ट्रिक्ट ऐप और उसकी वेबसाइट के माध्यम से टिकट खरीद सकेंगे. ऑफलाइन टिकट बिक्री की फिलहाल कोई व्यवस्था नहीं रखी गई है.

एक व्यक्ति को मिलेंगे अधिकतम चार टिकट

टिकटों की कालाबाजारी रोकने और अधिक से अधिक लोगों को मौका देने के लिए एक व्यक्ति को अधिकतम चार टिकट खरीदने की अनुमति दी गई है. इससे बड़े पैमाने पर टिकट खरीदकर उन्हें ऊंचे दामों पर बेचने की संभावना कम होगी.

एमपीसीए ने बताया है कि छात्रों और दिव्यांग वर्ग के लिए रियायती टिकट भी उपलब्ध कराए जाएंगे. हालांकि इन टिकटों की कीमत और बिक्री प्रक्रिया की जानकारी बाद में जारी की जाएगी.

फर्जी लिंक और टिकट से रहें सावधान

भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले को लेकर लोगों की बढ़ती उत्सुकता के बीच एमपीसीए और क्राइम ब्रांच ने संयुक्त रूप से एडवाइजरी जारी की है. लोगों से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया, व्हाट्सएप या अन्य प्लेटफॉर्म पर आने वाले किसी भी संदिग्ध लिंक पर भरोसा न करें. टिकट केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म से ही खरीदें, ताकि किसी तरह की ऑनलाइन ठगी का शिकार न होना पड़े. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Vs West Indies T20, Holkar Stadium Cricket News, India West Indies Cricket, Ticket Booking, Cricket Match Ticket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com