विज्ञापन

पाकिस्तान क्रिकेट में गजब ड्रामा: बिना सेलेक्टर को बताए टीम से हुई 7 खिलाड़ियों की छुट्टी? रिपोर्ट में बड़ा दावा

जब से रिपोर्ट्स आई है कि मिस्बाह उल हक ने सेलेक्टर के पद से इस्तीफे की पेशकश की है, उसके बाद से ही उनके रिजाइन को लेकर खबरें आ रही हैं.

पाकिस्तान क्रिकेट में गजब ड्रामा: बिना सेलेक्टर को बताए टीम से हुई 7 खिलाड़ियों की छुट्टी? रिपोर्ट में बड़ा दावा
PCB dropped 7 Players without informing selector Misbah-ul-Haq Report

लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान को मिली शर्मनाक हार के बाद पीसीबी ने टीम से सात खिलाड़ियों की छुट्टी कर दी और दो कोच को भी बाहर का रास्ता दिखाया. इन बदलावों के 24 घंटे के अंदर ही पाकिस्तान के सेलेक्टर मिस्बाह-उल-हक के इस्तीफा देने की खबरें आईं. मिस्बाह मार्च में बनी उस चार सदस्यीय चयन समिति का हिस्सा थे, जिसमें आकिब जावेद, सरफराज अहमद और असद शफीक भी शामिल हैं. वहीं अब एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बोर्ड के इस बड़े फैसले की जानकारी मिस्बाह उल हक को नहीं थी. 

सात खिलाड़ी, दो कोच पर गिरी गाज

सीरीज का दूसरा मैच 194 रनों से गंवाने के बाद पीसीबी ने घबराहट में मोहम्मद रिजवान, इमाम-उल-हक, सलमान आगा, अली उस्मान, आमिर जमाल, अवैस जफर और खुर्रम शहजाद को टीम से हटा दिया. बोर्ड ने संघर्ष कर रही टीम को मजबूत करने के लिए 5 अनकैप्ड प्लेयर्स अराफात मिन्हास, मोहम्मद इमरान जूनियर, साद बेग, मोहम्मद इमरान रंधावा और रजउल्लाह को शामिल करने का भी फैसला किया.

इसके साथ ही कैप्ड प्लेयर्स में सैम अयूब और अब्दुल्ला फजल को भी शामिल किया गया. यह बदलाव सिर्फ प्लेइंग स्क्वाड तक ही सीमित नहीं है. पाकिस्तान के खराब प्रदर्शन के कारण रेड-बॉल हेड कोच सरफराज और बॉलिंग कोच गुल को भी उनकी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है. 

मिस्बाह को नहीं थी जानकारी

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, बोर्ड के एक भरोसेमंद सूत्र ने बताया कि मिस्बाह का यह कदम PCB द्वारा नेशनल सिलेक्शन कमिटी के सदस्यों को नोटिस जारी करने के एक दिन बाद आया है. इस नोटिस में इंग्लैंड दौरे के लिए अपनाई गई सिलेक्शन प्रोसेस के बारे में सफाई मांगी गई थी. सूत्र ने कहा,"सिलेक्टर्स से यह बताने को कहा गया है कि किस आधार पर मोहम्मद रिज़वान और इमाम-उल-हक को टेस्ट टीम में चुना गया था."

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मिसबाह, जो 2019 के आखिर से PCB में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर रहे हैं, इस बात से खास तौर पर नाखुश थे कि इंग्लैंड में टीम में बदलाव करने और हेड कोच व बॉलिंग कोच को हटाने के फैसले लेते समय उन्हें दरकिनार कर दिया गया.

एक अन्य सूत्र ने कहा,"उन्होंने बोर्ड अधिकारियों को बता दिया है कि वह पद छोड़ने को तैयार हैं, लेकिन जिस तरह से बोर्ड ने इंग्लैंड से सात खिलाड़ियों को वापस बुलाने और उनकी जगह दूसरे खिलाड़ियों को लाने का फैसला किया - जबकि इंग्लैंड में सिर्फ़ एक टेस्ट बचा था - वह सही नहीं था."

बता दें, मिस्बाह ने पीसीबी में अलग-अलग भूमिकाएं निभाई हैं. साल 2017 में संन्यास लेने के बाद, 2019 में उन्होंने हेड कोच और चीफ सेलेक्टर की जिम्मेदारी संभाली. हेड कोच की भूमिका पर ध्यान देने के लिए उन्होंने अक्टूबर 2020 में चीफ सेलेक्टर का पद छोड़ दिया, और अगले साल हेड कोच का पद भी छोड़ा. 

साल 2023 में, एड-हॉक मैनेजमेंट कमेटी के तत्कालीन प्रमुख जका अशरफ ने उन्हें सलाहकार के तौर पर नियुक्त किया और तभी से वह पीसीबी के साथ जुड़े हुए हैं. उन्होंने 2024-25 में पुरुषों के चैंपियंस कप के लिए बतौर मेंटॉर काम किया और पाकिस्तान गोल्ड के कोच भी रहे, जिसकी कप्तानी में टीम ने 50-ओवर का नेशनल चैंपियंस कप जीता.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pakistan, Cricket, Misbah-ul-Haq Khan Niazi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com