महिला एशिया कप 2026 में टीम इंडिया का अगला मैच शनिवार को पाकिस्तान के खिलाफ है. भारत ने टूर्नामेंट के सातवें मैच में हांगकांग के खिलाफ शानदार जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह बना ली. भारत अब 5 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ अपना अंतिम ग्रुप मैच खेलेगा. दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होने वाले मुकाबले में एक बार फिर स्मृति मंधाना के पास वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा.
टीम इंडिया की उपकप्तान मंधाना अगर पाकिस्तान के खिलाफ 78 रन बना लेती हैं तो वह वुमेंस T20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन जाएंगी. वुमेंस टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड फिलहाल न्यूजीलैंड की बल्लेबाज सूजी बेट्स के नाम दर्ज है, जिन्होंने 186 मैचों में 4758 रन बनाए हैं.
भारत की स्टार स्मृति मंधाना 4681 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं और पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में उनके पास वुमेंस टी20I इतिहास की सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बनने का बड़ा मौका होगा. इस लिस्ट में हरमनप्रीत कौर 4231 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं. वहीं श्रीलंका की चमारी अट्टापट्टू (4094) चौथे और न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन (3817) पांचवें नंबर पर मौजूद हैं.
मंधाना ने मिताली राज को छोड़ा पीछे
मंधाना ने गुरुवार को महिला T20 एशिया कप में हांगकांग चीन के खिलाफ 64 गेंदों में शानदार 124 रन बनाकर इतिहास रचा. इसके साथ ही वह भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज के 10,868 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़कर महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गईं।
हालांकि, अपने रिकॉर्ड-तोड़ प्रदर्शन पर बात करते हुए मंधाना ने कहा कि उन्होंने कभी भी व्यक्तिगत उपलब्धियों को अपने करियर का मुख्य पैमाना नहीं माना है. BCCI द्वारा जारी एक वीडियो में मंधाना ने कहा, 'मुझे हमेशा लगा कि यह मेरा काम है. मैंने कभी रिकॉर्ड, आंकड़ों या भारत के लिए जीते गए मैचों की संख्या के अलावा किसी और चीज के बारे में नहीं सोचा. यही वह पैमाना है जिसे आप अपने साथ ले जाते हैं. आप यह नहीं ले जाते कि आपने कितने रन बनाए या कितने रिकॉर्ड तोड़े.'
एक से ज्यादा T20I शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला
बाएं हाथ की ओपनर, जो एक से ज़्यादा T20I शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला भी बनीं, ने कहा कि उन्हें भारतीय महिला क्रिकेटरों की अगली पीढ़ी को उच्चतम स्तर तक पहुंचने में मदद करने में ज़्यादा गर्व होगा. उन्होंने कहा कि, 'अगर मेरी किसी भी चीज़ से 10% लड़कियां भी बल्ला और गेंद उठाने और क्रिकेट खेलना शुरू करने के लिए प्रेरित हो सकें, तो मुझे लगता है कि यह ऐसी चीज़ होगी जिस पर मुझे हमेशा गर्व और खुशी होगी.'
मंधाना ने महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ियों की लिस्ट में अपने साथ और भी भारतीय बल्लेबाजों को देखने की अपनी इच्छा के बारे में भी बात की. उन्होंने कहा, 'उम्मीद है कि भारतीय टीम से 10,000 रन बनाने वालों की लिस्ट में तीन-चार और खिलाड़ी शामिल होंगे और यही वह पैमाना है जिससे मैं अपनी तुलना करना चाहूंगी. अगर मैं उस सवाल पर वापस आऊं, तो शीर्ष पांच की सूची में अपने साथ तीन या चार और खिलाड़ियों का होना बहुत अच्छा होगा, और उनमें तीन या चार भारतीय होंगे. 30 साल की खिलाड़ी ने माना कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह मिताली से आगे निकल पाएंगी, जिन्हें देखते हुए और जिन्हें अपना आदर्श मानते हुए वह बड़ी हुई हैं.
हांगकांग के खिलाफ लगाए सात छक्के
मंधाना ने छक्के मारने की अपनी क्षमता को बेहतर बनाने की कोशिशों पर भी ज़ोर दिया. हांगकांग-चीन के खिलाफ़ उनकी रिकॉर्ड-तोड़ पारी में यह क्षमता साफ़ दिखी, जब उन्होंने सात छक्के लगाए. उन्होंने कहा, 'मैं लगातार छक्के मारने की अपनी क्षमता को बेहतर बनाने की कोशिश कर रही हूं, ताकि लॉन्ग-ऑफ और लॉन्ग-ऑन फील्डर के ऊपर से शॉट मार सकूं या ऐसा करने का आत्मविश्वास रख सकूं.'
सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर
उनकी 124 रनों की पारी (जिसमें 14 चौके और सात छक्के शामिल थे) महिला T20 एशिया कप के इतिहास में किसी खिलाड़ी का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी था. इसने 2024 में मलेशिया के खिलाफ़ चमारी अथापथु के नाबाद 119 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया.
सभी फ़ॉर्मेट में सबसे ज़्यादा शतक लगाने
यह मंधाना की 18वीं इंटरनेशनल सेंचुरी थी. इसके साथ ही वह महिला इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी फ़ॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में मेग लैनिंग और लॉरा वोल्वार्ड्ट से आगे निकल गईं. वह एक से ज्यादा T20I शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला भी बनीं और T20I में किसी भारतीय महिला द्वारा बनाए गए सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर का नया रिकॉर्ड भी बनाया.
ये भी पढ़ें- एशिया कप में पाकिस्तान के सेमीफाइनल का सपना होगा चकनाचूर? इंडिया के साथ 14 मैचों का इतिहास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं