भारत-न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च में दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जा रहा है. इस मुकाबले में भी मोहम्मद सिराज की अनदेखी हुई है. सिराज को वेलिंगटन टेस्ट से ड्रॉप करने पर काफी बवाल हुआ था. लेकिन टीम मैनेजमेंट ने बाहरी शोर को नजरअंदाज करते हुए दाएं हाथ के तेज गेंदबाज को बेंच पर बिठाने का ही फैसला लिया है. ऐसे में गौतम गंभीर एंड कंपनी फिर से आलोचकों के निशाने पर हैं.इस बीच पूर्व भारतीय तेज गेंदबाद मुनाफ पटेल ने टीम मैनेजमेंट से सवाल पूछा कि अगर सिराज को बाहर कर दिया जाए तो भारत की अगली बॉलिंग यूनिट कहां है?
पूर्व तेज गेंदबाज मुनाफ पटेल ने लिखा,"एक बार फिर मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली."
And @mdsirajofficial didnt find his place again in playing 11 #IndvsNZ #Siraj
— Munaf Patel (@munafpa99881129) November 27, 2026
इसके बाद उन्होंने अपने अगले ट्वीट में सवाल पूछते हुए लिखा,"चलो, कोई बात नहीं अगर आप मोहम्मद सिराज और मोहम्मद शमी को नहीं देख रहे हैं, लेकिन आपकी अगली बॉलिंग यूनिट कहां है, जो मैच जिताने में माहिर हो?"
Chalo its okay if you are not looking at @mdsirajofficial @MdShami11 @imjadeja Where is your next bowling unit who is as good as to win the Match ?
— Munaf Patel (@munafpa99881129) November 27, 2026
मोहम्मद सिराज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के मौजूदा साइकिल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. वह इस साइकिल में अब तक 43 विकेट अपने नाम कर चुके हैं. सिराज को इस साल सिर्फ 3 टेस्ट मैच खेलने का मौका मिला है और इस दौरान उन्होंने 5 विकेट चटकाए हैं. साल 2020 में डेब्यू करने के बाद यह पहला मौका है, जब सिराज किसी विदेशी टेस्ट सीरीज में बिना कोई मैच खेले लौटेंगे.
क्रिकेट विशेषज्ञ और कमेंटेटर हर्षा भोगले ने अपने एक्स अकाउंट पर सिराज को लेकर लिखा,"सिराज अब भारत के छठे रैंक वाले तेज गेंदबाज हैं. मुझे यह बहुत गलत लगता है. इस वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल में टेस्ट क्रिकेट में टॉप 5 विकेट लेने वालों में भारत के पास अब सिर्फ बुमराह के लिए जगह है. आप चाहते हैं कि बॉलर अच्छे से चुने जाएं, उनके पास बॉलिंग के लिए बेहतरीन कंडीशन हैं, लेकिन उन्हें पता होगा कि जब उनकी बारी आएगी तो उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिलेंगे."
मोहम्मद कैफ ने भी सिराज को बाहर रखने की कड़ी आलोचना की. उनका मानना है कि जसप्रीत बुमराह के साथ-साथ मोहम्मद सिराज को भी भारत के विदेशी दौरों पर होने वाले टेस्ट मैचों में टीम में जरूर शामिल किया जाना चाहिए. कैफ ने लिखा,"यह यकीन करना मुश्किल है कि भारत के प्रमुख तेज गेंदबाजों में से एक, मोहम्मद सिराज को फिर से बाहर कर दिया गया है."
कैफ ने आगे लिखा,"भारत के विदेशी टेस्ट बॉलिंग अटैक के लिए, बुमराह के साथ-साथ सिराज का नाम सबसे पहले विचार किए जाने वाले नामों में से एक होना चाहिए. दिलचस्प बात यह है कि बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्केल ने खुद सिराज को वर्ल्ड-क्लास बॉलर बताया और कहा कि वह अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं."
जबकि महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने सिराज के साथ साथ रवींद्र जडेजा को बाहर रखने को भारत की गलती करार दिया है. गावस्कर का तर्क है कि जडेजा की स्पिन गेंदबाजी मैच के आखिरी दो दिनों में काफी काम आ सकती थी. गावस्कर ने ब्रॉडकास्टर से कहा, "देखिए, आप सिराज की बात कर रहे हैं, लेकिन जडेजा का क्या? वह 33 विकेटों के साथ इस सूची में तीसरे नंबर पर हैं."
गावस्कर ने जडेजा को लेकर आगे कहा,"मुझे लगता है कि चौथे और पांचवें दिन उनकी स्पिन बहुत उपयोगी साबित हो सकती थी, क्योंकि वह गेंद को काफी अच्छी तरह स्पिन कराते हैं." "वह ऐसे गेंदबाज नहीं हैं जो बस गेंद को हवा में उछालते रहें, बल्कि वह सबसे सपाट पिचों पर भी गेंद को ग्रिप कराने और टर्न दिलाने के लिए जाने जाते हैं."
गावस्कर, जिन्होंने पहले टेस्ट से सिराज को बाहर रखने पर भी सवाल उठाए थे, ने कहा कि इन दोनों अनुभवी खिलाड़ियों को फिर से नजरअंदाज किया जाना निराशाजनक है. उन्होंने कहा,"मुझे लगता है कि यह उनके और मोहम्मद सिराज, दोनों के लिए ही मुश्किल स्थिति है. मोहम्मद सिराज इस पूरे चक्र में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में से एक रहे हैं. तो, देखते हैं आगे क्या होता है."
यह भी पढ़ें: 'क्या वो रो रहे हैं?' दूसरे टेस्ट से भी ड्रॉप होने पर मोहम्मद सिराज हुए इमोशनल, पूर्व स्टार ने उठाए सवाल
यह भी पढ़ें: No-11 पर उतर जयदेव उनाडकट ने रचा इतिहास, फिर भी टीम सौराष्ट्र को मिली हार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं