विज्ञापन

कौन हैं भारत के AI वंडर किड राउल जॉन अजू; पुतिन के साथ ली सेल्फी, 16 साल में CEO, पिता कंपनी में कर्मचारी

9 साल की उम्र में बाथरूम में वीडियो बनाने वाला एक बच्चा, 16 साल की उम्र में मॉस्को के AI सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ सेल्फी ले रहा है. AI Kid of India के नाम से मशहूर राउल जॉन अजू की यह कहानी बताती है कि तकनीक और जुनून की कोई उम्र नहीं होती.

कौन हैं भारत के AI वंडर किड राउल जॉन अजू; पुतिन के साथ ली सेल्फी, 16 साल में CEO, पिता कंपनी में कर्मचारी
9 साल में शुरू किया AI सीखना, 16 की उम्र में पुतिन के साथ सेल्फी; कौन हैं राउल जॉन अजू?
अल्टर्ड बाय NDTV (Raul John Aju)
  • 16 साल की उम्र में AI कंपनी का मालिक, अब पुतिन के साथ तस्वीर से चर्चा में राउल
  • 12 साल की उम्र में बनाया रोबोट, अब चला रहे हैं AI स्टार्टअप
  • जानिए AI Kid राहुल जॉन अजू की कहानी
कोच्चि:

महज 16 वर्ष की उम्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में पहचान बना चुके केरल के राउल जॉन अजू एक बार फिर चर्चा में हैं. 'AI Kid of India' के नाम से मशहूर राउल ने रूस के मॉस्को में आयोजित AI Journey 2026 कॉन्फ्रेंस के दौरान राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ सेल्फी ली और उसे सोशल मीडिया पर शेयर किया. राउल ने अपनी पोस्ट में कहा कि नौ साल की उम्र में बाथरूम में पहला वीडियो बनाने से लेकर पुतिन के साथ तस्वीर लेने तक का सफर उनकी कल्पना से भी परे था.

सोशल मीडिया पोस्ट वायरल, दुनिया भर के एक्सपर्ट से हुई मुलाकात

राउल जॉन अजू ने इंस्टाग्राम पर पुतिन के साथ तस्वीर साझा करते हुए अपनी यात्रा को याद किया. उन्होंने लिखा कि नौ साल की उम्र में जब उन्होंने पहला वीडियो बनाया था, तब उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि जीवन उन्हें इस मुकाम तक पहुंचा देगा. राउल ने कहा कि उपलब्धियों से अधिक वह इस बात के लिए थैंकफुल हैं कि इस सफर ने उन्हें एक बेहतर इंसान बनने में मदद की है. उन्होंने यह भी लिखा कि इस कॉन्फ्रेंस में दुनिया भर के एक्सपर्ट्स से मिलकर उन्हें यह पता चला कि सीखने के लिए अभी बहुत कुछ बाकी है.

अब जानिए 12 साल की उम्र में पहला रोबोट बनाने वाले राउल की कहानी

राउल की टेक जर्नी काफी कम उम्र में शुरू हो गई थी. उन्होंने 12 वर्ष की उम्र में अपना पहला रोबोट 'MeBot' बनाया था. यह एक स्कूल साइंस प्रोजेक्ट का हिस्सा था. संयुक्त राष्ट्र समाचार (UN News) को दिए एक इंटरव्यू में राउल ने बताया था कि तकनीक के प्रति उनकी रुचि वीडियो एडिटिंग से शुरू हुई. उनके पिता को एडॉबी (Adobe) में जॉब मिलने के बाद उन्हें कई प्रीमियम डिजिटल टूल्स के बारे में न केवल पता चला बल्कि उनको चलाने में मदद मिली, जिससे उन्होंने एआई की दुनिया को समझना शुरू किया.

10 से ज्यादा AI टूल्स कर चुके हैं विकसित, सरकारों को भी दे चुके हैं सलाह

राउल अब तक 10 से अधिक AI टूल विकसित कर चुके हैं. विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार उन्होंने RESQ AI, MeBot, ZapGap, Investo AI और FeedFye जैसे कई प्रोडक्ट्स तैयार किए हैं, जिनका उद्देश्य जीवन की वास्तविक समस्याओं का समाधान करना है. वह AI Realm Technologies के फाउंडर हैं. उनका AI Technologies स्टार्टअप AI आधारित शिक्षा और तकनीकी समाधान उपलब्ध कराने का काम करता है. राउल ने केरल सरकार और दुबई प्रशासन को सार्वजनिक सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल को लेकर सलाह भी दी है. उनकी संस्था ThinkCraft Academy के माध्यम से छात्रों, प्रोफेशनल्स और विभिन्न संस्थानों को AI से जुड़ी ट्रेनिंग दी जाती है.

पिता उनकी कंपनी में कर्मचारी

राउल की कहानी का एक दिलचस्प पहलू यह भी है कि उनके पिता उनकी कंपनी में काम करते हैं. उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि भले ही वह इंटरनेट से ज्ञान हासिल कर सकते हैं, लेकिन उनके पिता का अनुभव उनके लिए बेहद मूल्यवान है. राउल के पिता अमेज़न (Amazon), एडॉबी, विप्रो और आईबीएम (IBM) जैसी कंपनियों में काम कर चुके हैं.

यह भी पढ़ें : शशि थरूर को वंदे भारत में मिला 16 साल का AI जीनियस, छात्र के टैलेंट ने किया इंप्रेस

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Raul John Aju, Vladimir Putin, AI Kid Of India, Viral Selfie, Success Story
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com