विज्ञापन

Olympic 2036 Bid: ओलंपिक की दावेदारी पर आगे बढ़ा भारत, IOC के सामने पेश किया विजन और रोडमैप

भारत ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए IOC की फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने अपना विजन और प्लान पेश किया. प्रस्तुति में अहमदाबाद की तैयारियों, खेल सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं पर जोर दिया गया.

Olympic 2036 Bid: ओलंपिक की दावेदारी पर आगे बढ़ा भारत, IOC के सामने पेश किया विजन और रोडमैप
भारत ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए अपना 'दृष्टिकोण और प्रस्तावित रोडमैप' पेश किया.
NDTV

2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी हासिल करने की दिशा में भारत ने गुरुवार को एक अहम कदम बढ़ाया. देश में तेजी से बढ़ रही खेल सुविधाओं और स्टेडियमों को सामने रखते हुए भारत ने अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) की फ्यूचर होस्ट कमीशन के साथ ऑनलाइन बैठक में अपना "विजन और प्रस्तावित प्लान" पेश किया.

करीब 50 मिनट तक चली इस प्रस्तुति के बाद कोलिंडा ग्राबर-कितारोविच की अगुआई वाली नौ सदस्यीय फ्यूचर होस्ट कमीशन के साथ लगभग 20 मिनट की चर्चा भी हुई. भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की ओर से जारी बयान में कहा गया कि प्रस्तुति में प्रस्तावित मेजबान शहर अहमदावाद (अहमदाबाद) की तैयारियों की जानकारी दी गई. इसमें खेल सुविधाओं, स्टेडियमों और भारतीय ओलंपिक संघ को शहर, राज्य और केंद्र सरकार की ओर से मिल रहे सहयोग का भी जिक्र किया गया.

ओलंपिक की मेजबानी की दौड़ में ये देश भी शामिल

बयान में कहा गया, "प्रस्तुति में बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी करने के भारत के अनुभव, नए खेल स्थलों के विकास की योजनाओं और खेलों के सफल आयोजन के लिए लंबी अवधि की सोच को भी शामिल किया गया." 2036 ओलंपिक की मेजबानी की दौड़ में भारत के अलावा जर्मनी, हंगरी, कतर, दक्षिण कोरिया, दक्षिण अफ्रीका और तुर्किये भी शामिल हैं. जानकारी के अनुसार तुर्किये पहले ही फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने अपनी पहली प्रस्तुति दे चुका है.

आम लोगों की राय जानने के लिए होगा गोपनीय सर्वे

प्रस्तुति के बाद IOC भारत की दावेदारी को लेकर आम लोगों की राय जानने के लिए एक गोपनीय सर्वे कराएगा. यह सर्वे दिसंबर के तीसरे सप्ताह में होने की उम्मीद है. अगले साल मार्च में भारत की दावेदारी की समीक्षा के दौरान इस सर्वे के नतीजों को भी ध्यान में रखा जाएगा. इसके बाद अगले दौर की बातचीत शुरू होगी.

इस चरण में मेजबानी के इच्छुक देशों को फ्यूचर होस्ट प्रश्नावली का शुरुआती जवाब और जरूरी आर्थिक गारंटी से जुड़े दस्तावेज जमा करने होंगे. गुरुवार को हुई प्रस्तुति में भारत की ओर से खेल मंत्री मनसुख मंडाविया, खेल सचिव हरि रंजन राव, भारतीय ओलंपिक संघ की निवर्तमान अध्यक्ष पीटी ऊषा, IOC सदस्य नीता अंबानी, IOA एथलीट्स आयोग की प्रमुख और स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु, गुजरात के खेल मंत्री हर्ष संघवी और IOA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राघुराम अय्यर समेत कई अन्य अधिकारी शामिल थे.

यह भी पढ़ें-  आर्यवीर के बाद अब वेदांत का जलवा, सहवाग के छोटे बेटे ने 7 विकेट लेकर मचाई तबाही

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sports News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com