उत्तर प्रदेश में ग्राम पंचायत चुनाव छह महीने और आगे बढ़ाए जाने पर मुहर लग गई है. यूपी में पंचायतों का कार्यकाल 26 मई को खत्म हुआ था और तमाम वजहों से इसे छह महीने बढ़ाया गया था. ये अवधि 27 नवंबर को खत्म हो रही थी और इसके पहले ही इसे छह महीने और विस्तार दे दिया गया. यूपी में पंचायत मतदाता सूची अपडेट न होने, पंचायतों में ओबीसी आरक्षण की रिपोर्ट तैयार न होने जैसी वजहों से पंचायत चुनाव में देरी हुई है. अब ग्राम प्रधान छह महीने और जिम्मेदारी संभालेंगे. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद अब पंचायत चुनाव कराए जा सकते हैं.
पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट आने में देरी
यूपी में 57694 ग्राम पंचायतें हैं. इसके साथ ही क्षेत्र पंचायत और 75 जिलों की जिला पंचायत भी हैं. पिछड़ा वर्ग आयोग अपनी रिपोर्ट सौंपने में अभी और देरी कर सकता है, क्योंकि 75 जिलों में अभी 25 से ज्यादा जिले बाकी हैं, जहां जमीनी सर्वे पूरा कर उसे पिछड़ा वर्ग के सामाजिक-आर्थिक पिछड़ेपन पर रिपोर्ट देनी है. वहीं इलाहाबाद हाईकोर्ट ने तीन महीने के भीतर चुनाव कराने का आदेश जारी किया था. ऐसे में सरकार के सामने संवैधानिक मजबूरी थी कि ग्राम पंचायतों का कार्यकाल आगे बढ़ाया जाए और इसके लिए अध्यादेश लाया जाए.
ग्राम प्रधान छह महीने रहेंगे प्रशासक
यूपी पंचायत चुनाव का कार्यकाल आगे बढ़ाने का आदेश 26 नवंबर से ही लागू हो गया. ऐसे में प्रशासक के तौर पर ग्राम प्रधान छह माह और जिम्मेदारी संभालेंगे. चूंकि यूपी में फरवरी-मार्च में बोर्ड परीक्षाएं होंगी और ठीक उसके बाद विधानसभा चुनाव की घोषणा हो सकती है. फिर नई सरकार के कामकाज संभालने में कुछ वक्त लग सकता है. ऐसे में पंचायत चुनाव मई-जून में ही संभावित हो सकते हैं.
ओबीसी रिजर्वेशन लागू करने में देरी
उत्तर प्रदेश में ओबीसी कमीशन अभी हर जिले में जाकर ओबीसी के सामाजिक-आर्थिक पिछड़ेपन पर रिपोर्ट तैयार करने में जुटा है. समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग के कार्यकाल का विस्तार भी किया गया है. OBC कमीशन अपनी रिपोर्ट के साथ पंचायतों में ओबीसी आरक्षण की रिपोर्ट सौंपेगा, जिसके आधार पर रिजर्वेशन लागू होगा.
पंचायती राज विभाग के प्रमुख सचिव रविंदर ने इस बाबत आदेश जारी किया है. इसमें कहा गया है कि ग्राम पंचायतों का कार्यकाल 26 मई से आगे बढ़ाया गया है. ऐसे में मौजूदा ग्राम प्रधान ही प्रशासक नियुक्त रहेंगे. उत्तर प्रदेश पंचायत राज संशोधन अध्यादेश लाया गया है. पंचायत राज अधिनियम में बदलाव कर ये व्यवस्था की गई है कि जनहित या असाधारण परिस्थितियों मे समय से चुनाव संभव न हों तो प्रशासनिक समिति या प्रशासक की तैनाती की जा सकती है. इनकी अवधि छह माह तक होगी.
ये भी पढ़ें - यूपी पंचायत चुनाव में नया नियम, अब 6 महीने गांव में रहने पर ही बनेंगे वोटर; योगी कैबिनेट से मिली मंजूरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं