भारत-न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च में सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जा रहा है.इस मुकाबले में भी भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बनाया गया है. इस मैच में भारत के लिए गुरनूर बरार ने डेब्यू किया है. सिराज को पहले मैच में भी नहीं खिलाने पर काफी विवाद हुआ था. हालांकि, टीम मैनेजमेंट ने किसी बाहरी शोर को नहीं सुनते हुए, टीम में सिर्फ एक बदलाव किया. वहीं मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले सिराज क्या इग्नोर किए जाने पर इमोशनल हो गए थे, भारत के पूर्व ऑफ-स्पिनर मुरली कार्तिक ने यही सवाल उठाया.
सिराज के डेब्यू के बाद पिछले छह सालों में यह पहली बार है, जब वे किसी सीरीज के एक भी मैच में नहीं खेले हैं. टॉस के बाद ब्रॉडकास्ट फीड में सिराज को धूप का चश्मा लगाए टहलते हुए देखा गया. सिराज काफी इमोशनल लग रहे थे. इस पर कार्तिक ने सवाल किया कि क्या टीम से बाहर किए जाने के कारण 32 वर्षीय यह तेज गेंदबाज काफी दुखी है?
सोनी स्पोर्ट्स पर मुरली कार्तिक ने कहा,"क्या वह रो रहे है? क्योंकि वह एक इमोशनल इंसान है. जाहिर तौर पर दुख होता है. कुछ खिलाड़ी टीम से बाहर किए जाने पर भी सामान्य रहते हैं, लेकिन कुछ ऐसे होते हैं जो हर हाल में खेलना चाहते हैं. उन्हें इस बात की परवाह नहीं होती कि उनके पैरों में दर्द है या सिरदर्द. वो जान देते हैं. सिराज बिल्कुल ऐसे ही हैं."
MOHAMMAD SIRAJ GETS EMOTIONAL.🥺💔 - Ajinkya Rahane & Murali Kartik talking about Mohammad Siraj as he gets emotional at Christchurch today. https://t.co/K4WE8yvx9x
— Tanuj (@ImTanujSingh) November 27, 2026
उन्होंने आगे कहा,"कभी-कभी आप अपने दुख को छिपा लेते हैं. उन्हें वनडे सीरीज से भी बाहर रखा गया था. वेस्टइंडीज के खिलाफ भी उन्हें बहुत बाद में मौका दिया गया था. ऐसी चीजें किसी भी खिलाड़ी को बहुत आहत करती हैं. अगर आपको लगता है कि उनका फॉर्म अच्छा नहीं है या वे नेट्स में अच्छी गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं, तो फिर उन्हें स्क्वॉड में चुनकर न्यूजीलैंड ले ही क्यों गए?"
सिराज ने टेस्ट फॉर्मेट में आखिरी बार अगस्त में भारत के श्रीलंका दौरे पर खेला था, जहां वे अपनी लय में नहीं दिखे और दो मैचों में केवल चार विकेट ले पाए. इसके बाद उन्होंने तीन फर्स्ट-क्लास मैच खेले, जिसमें उन्होंने रणजी ट्रॉफी में दो बार हैदराबाद की कप्तानी की और फिर न्यूजीलैंड 'ए' के खिलाफ एक पारी में चार विकेट लिए.
न्यूज़ीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज़ में भी सिराज को लगातार खेलने का मौका नहीं मिला; वह सिर्फ एक मैच में खेले, जिसमें उन्होंने दो विकेट लिए. फिलहाल की बात करें तो, टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. शुरुआती दो घंटे बिना किसी सफलता के बीतने के बाद, लंच के ठीक समय पर गुरनूर ने एक विकेट चटकाया. इसके बाद भारतीय तेज गेंदबाजों ने वापसी की. दूसरे सेशन में आकाश दीप और कंबोज ने 15 गेंदों के भीतर तीन विकेट झटके, जिससे न्यूज़ीलैंड की टीम का स्कोर 4 विकेट पर 110 रन हो गया. पहले दिन चायकाल तक न्यूजीलैंड ने 4 विकेट खोकर 131 रन बना लिए थे.
यह भी पढ़ें: यशस्वी जायसवाल ने रचा इतिहास, सचिन तेंदुलकर को छोड़ा पीछे, 32 साल पुराने वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की
यह भी पढ़ें: रिंकू सिंह के आउट होने पर छिड़ी बहस, बल्ले से लगी थी गेंद या अंपायर का था LBW पर सही फैसला? VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं