भारत-जापान के बीच होने वाले टी20 मुकाबले के लिए प्रसारणकर्ता को खोज पूरी हो चुकी है. दोनों देश पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में आमने-सामने होंगी. 22 सितंबर को होने वाला मैच तोचिगी प्रीफेक्चर के सानो इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. यह दुनिया की नंबर-1 और नंबर-41 रैंकिंग वाली टीम के बीच सिर्फ एक मैच भर नहीं है बल्कि भारत-जापान के बीच राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने का जश्न है. इस मुकाबले को दोनों देशों की सरकार का भी समर्थन है.
स्टार को मिले टीवी राइट्स
इकोनॉमिक्स टाइम की रिपोर्ट के अनुसार, इस मुकाबले के टीवी के प्रसारण अधिकार स्टार ने जीत लिए हैं. स्टार ने राइट्स होल्डर आईटीडब्ल्यू यूनिवर्स से यह अधिकार हासिल किए है. इससे पहले सोमवार को खबर आई थी कि फैनकोड ने इस मैच के लाइव स्ट्रीमिंग अधिकार हासिल किए हैं. क्रिकबज की रिपोर्ट में दावा था कि यू-ट्यूब और नेटफ्लिक्स जैसी दिग्गज कंपनियां इस गेम के ग्लोबल राइट्स हासिल करने की होड़ में शामिल हो सकते हैं.
एक मीडिया रिलीज़ के अनुसार, इस बड़े समझौते के तहत, आईटीडब्ल्यू यूनिवर्स के पास इस अहम मैच के ब्रॉडकास्ट फ़ीड और कमर्शियल इन्वेंट्री का पूरा मालिकाना हक है. आयोजकों के एक बयान में कहा गया, "आइची-नागोया में 2026 एशियाई खेलों के साथ आयोजित होने वाला यह मैच भारतीय क्रिकेट को एक नए बाजार में ले जाने और जापान में लंबे समय तक अपनी पहचान बनाने का एक शानदार मौका है."
जापान ने किया टीम का ऐलान
इस बीच मंगलवार को जापान ने भारत के खिलाफ इस मैच के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. जापान की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले केंडेल कादोवाकी फ्लेमिंग 22 सितंबर को सानो में भारत के खिलाफ होने वाले ऐतिहासिक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में अपने देश की कप्तानी करेंगे. इस मैच में जापान ने वही टीम उतारने का फैसला किया है जो आइची-नागोया में एशियाई खेलों में खेलेगी.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बताया कि जापान की टीम में इब्राहिम ताकाहाशी और डेक्लन सुजुकी मैककॉम्ब अन्य दो खिलाड़ी हैं जिन्हें 50 से अधिक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में खेलने का अनुभव है. आईसीसी ने कहा,"जापान ने एशियाई खेलों की तैयारी को ध्यान में रखते हुए उन खिलाड़ियों को टीम में शामिल नहीं करने का फैसला किया है जो आईसीसी नियमों के तहत टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के योग्य हैं लेकिन एशियाई खेलों के नियमों के तहत अयोग्य हैं."
तीस वर्षीय कादोवाकी फ्लेमिंग ने अब तक 55 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 139.41 के स्ट्राइक रेट से 1871 रन बनाए हैं. उनके नाम पर दो शतक और 12 अर्धशतक दर्ज हैं. जापान की 15 सदस्यीय टीम में विकेटकीपर वतारू मियाउची और लेग स्पिनर माकोतो तानियामा भी शामिल हैं. स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर जेक कुसुदा नैर्न और तेज गेंदबाज त्सुयोशी तकादा को घरेलू मैचों में अच्छे प्रदर्शन के दम पर टीम में शामिल किया गया है.
भारत के खिलाफ यह मैच भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के बीच शिखर सम्मेलन के दौरान हुए समझौते के तहत खेला जा रहा है.
जापान की टीम: केंडेल कादोवाकी फ्लेमिंग (कप्तान), चार्ली हारा हिन्ज़, बेंजामिन इटो डेविस, एलेस्टर कादोवाकी फ्लेमिंग, कोहेई कुबोटा, जेक कुसुदा नैर्न, वतारू मियाउची (विकेटकीपर), रेओ साकुरानो थॉमस, एलेक्स शिराई पाटज़ुकिटर, सुगाया मैक्लान (विकेटकीपर) त्सुयोशी तकादा, इब्राहिम ताकाहाशी, मकोतो तानियामा, लाचलान यामामोटो लेक.
यह भी पढ़ें: भारतीय तीरंदाजों का जलवा, एक दिन में जीते पांच मेडल, वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज में दिखाया दम
यह भी पढ़ें: किस भारतीय क्रिकेटर ने की है सहसे ज्यादा पढ़ाई? किसी ने की इंजीनियरिंग, तो किसी ने हासिल की PhD डिग्री
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं