विज्ञापन

10 सबसे ज्यादा पढ़े-लिखे टीम इंडिया के क्रिकेट सितारे, किसी ने की इंजीनियरिंग, तो किसी ने हासिल की PhD डिग्री

भारतीय क्रिकेटरों को अक्सर उनके रिकॉर्ड और प्रदर्शन के लिए जाना जाता है, लेकिन कुछ खिलाड़ियों ने शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ी मिसाल पेश की है.

10 सबसे ज्यादा पढ़े-लिखे टीम इंडिया के क्रिकेट सितारे, किसी ने की इंजीनियरिंग, तो किसी ने हासिल की PhD डिग्री
भारतीय क्रिकेटर कितने पढ़े-लिखे

जब भी भारतीय क्रिकेटरों की बात होती है, तो फैंस के मन में चौकों-छक्कों, विकेटों और ऐतिहासिक जीतों की तस्वीर उभरती है, लेकिन टीम इंडिया में ऐसे कई खिलाड़ी भी रहे हैं जिन्होंने मैदान पर अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ पढ़ाई में भी कमाल किया. किसी ने इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की, तो किसी ने MBA और PhD जैसी ऊंची शिक्षा पूरी की. आइए जानते हैं भारतीय क्रिकेट के उन 10 खिलाड़ियों के बारे में, जिन्होंने बल्ले और गेंद के साथ-साथ किताबों की दुनिया में भी अपनी अलग पहचान बनाई.

अनिल कुंबले

भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल गेंदबाजों में गिने जाने वाले अनिल कुंबले ने अपनी फिरकी से दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाजों को परेशान किया. टेस्ट क्रिकेट में 619 और वनडे में 337 विकेट लेने वाले कुंबले सिर्फ मैदान पर ही नहीं, पढ़ाई में भी अव्वल रहे. उन्होंने बेंगलुरु के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की थी. यही वजह है कि उन्हें भारतीय क्रिकेट के सबसे पढ़े-लिखे खिलाड़ियों में गिना जाता है.

आविष्कार साल्वी

मुंबई से आने वाले तेज गेंदबाज आविष्कार साल्वी का अंतरराष्ट्रीय करियर भले ही लंबा नहीं रहा, लेकिन उनकी शैक्षणिक उपलब्धियां बेहद खास हैं. क्रिकेट के साथ-साथ उन्होंने उच्च शिक्षा को भी महत्व दिया और एस्ट्रोफिजिक्स में पीएचडी की डिग्री हासिल की. एक समय उनके गेंदबाजी एक्शन और लाइन-लेंथ की तुलना ऑस्ट्रेलिया के महान तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा से की जाती थी.

जवागल श्रीनाथ

भारत के पूर्व तेज गेंदबाज और मौजूदा आईसीसी मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ ने क्रिकेट के साथ पढ़ाई को भी बराबर तरजीह दी. उन्होंने मैसूर के श्री जयचामराजेंद्र कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की. श्रीनाथ ने भारत के लिए 67 टेस्ट और 229 वनडे मैच खेले तथा कुल 551 विकेट अपने नाम किए.

मुरली विजय

टेस्ट क्रिकेट में भारत के भरोसेमंद ओपनरों में शामिल रहे मुरली विजय शिक्षा के मामले में भी काफी आगे रहे हैं. 61 टेस्ट मैच खेलने वाले विजय ने चेन्नई की एसआरएम यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है. क्रिकेट में सफलता हासिल करने के बावजूद उन्होंने पढ़ाई को कभी नजरअंदाज नहीं किया.

राहुल द्रविड़

'द वॉल' के नाम से मशहूर राहुल द्रविड़ ने अपने करियर में धैर्य, अनुशासन और समर्पण की मिसाल पेश की. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लेकर कोचिंग तक उनका सफर शानदार रहा है. द्रविड़ ने बेंगलुरु के सेंट जोसेफ कॉलेज ऑफ कॉमर्स से डिग्री हासिल की थी. बाद में जब वह MBA की पढ़ाई कर रहे थे, तभी उनका चयन भारतीय टीम में हो गया और क्रिकेट ने उनके करियर की दिशा बदल दी.

रविचंद्रन अश्विन

भारत के महान स्पिनरों में शामिल रविचंद्रन अश्विन ने मैदान और कक्षा दोनों जगह बेहतरीन संतुलन बनाया. हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने वाले अश्विन ने चेन्नई के एसएसएन कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में डिग्री प्राप्त की. उनकी विश्लेषणात्मक सोच का असर अक्सर उनकी गेंदबाजी में भी दिखाई देता रहा है.

रवि शास्त्री

पूर्व भारतीय कोच और दिग्गज ऑलराउंडर रवि शास्त्री भी शिक्षा के महत्व को समझने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं. उन्होंने मुंबई के एचआर कॉलेज से कॉमर्स में ग्रेजुएशन किया. क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद उन्होंने कमेंट्री की दुनिया में भी बड़ी पहचान बनाई और अपनी दमदार आवाज से फैंस का दिल जीता.

सौरव गांगुली

भारतीय क्रिकेट को नई दिशा देने वाले सौरव गांगुली अपने नेतृत्व कौशल के लिए जाने जाते हैं. पूर्व कप्तान और बीसीसीआई अध्यक्ष रह चुके गांगुली ने कोलकाता विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की. मैदान पर उनकी आक्रामक कप्तानी और पढ़ाई के प्रति गंभीरता दोनों ने उन्हें अलग पहचान दिलाई.

कृष्णमाचारी श्रीकांत

1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य कृष्णमाचारी श्रीकांत ने क्रिकेट के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी शानदार उपलब्धि हासिल की. उन्होंने चेन्नई के कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, गिंडी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डिग्री प्राप्त की थी. बाद में वह भारतीय टीम के कप्तान और मुख्य चयनकर्ता भी बने.

वेंकटेश अय्यर

आधुनिक दौर के क्रिकेटरों में वेंकटेश अय्यर सबसे ज्यादा शिक्षित खिलाड़ियों में गिने जाते हैं. कॉमर्स में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने MBA किया और आगे रिसर्च की दिशा में भी कदम बढ़ाए. क्रिकेट के साथ पढ़ाई जारी रखने की उनकी सोच युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का बड़ा उदाहरण है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com