भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने रविवार को कहा कि श्रीलंका को 72 रन से हराकर रिकॉर्ड आठवीं बार महिला एशिया कप का खिताब जीतना टीम के लिए तय किए गए ऊंचे मानकों पर लगातार खरा उतरने का नतीजा है. शेफाली वर्मा (68) और स्मृति मंधाना (59) के शानदार अर्धशतकों के बाद श्री चरणी (20 रन पर चार विकेट) की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने श्रीलंका को 72 रन से हराया. इस जीत के साथ भारत ने पिछले सत्र के फाइनल में श्रीलंका से मिली हार का बदला लेते हुए आसानी से खिताब वापस हासिल किया.
'पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया'
हरमनप्रीत ने कहा,"हमने अपने लिए कुछ बहुत ऊंचे मानक तय किए थे और हमें हर दिन उन पर खरा उतरना था. जिस तरह से हम सभी ने मिलकर प्रदर्शन किया, उससे मैं काफी खुश हूं." उन्होंने कहा,"हम जानते हैं कि हमारे अंदर कितनी क्षमता है और हमारे पास एक शानदार टीम है. हमने अपने तय मानकों के अनुरूप खेला, क्योंकि यहां आने से पहले हमने इसी बारे में चर्चा की थी. हमारे कुछ मानक हैं और हमें हर दिन उन पर खरा उतरना है." कप्तान ने कहा,"हम सभी के प्रदर्शन से बहुत खुश हैं. लड़कियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया. फाइनल में 184 रन का स्कोर खड़ा करना बड़ी बात है."
'ओपनर्स ने किया जबरदस्त काम'
सलामी बल्लेबाजों शेफाली और मंधाना के सिर जीत का सेहरा बांधते हुए हरमनप्रीत ने कहा,"हम सभी जानते थे कि वापसी करना इतना आसान नहीं है, लेकिन मुझे लगता है कि हमारी ओपनर्स - स्मृति और शैफ़ाली - ने बहुत बढ़िया काम किया, जिस तरह से उन्होंने बैटिंग की. मुझे लगता है कि शेफाली का टूर्नामेंट बहुत शानदार रहा, और यह देखकर अच्छा लगता है कि शेफाली जैसी खिलाड़ी ज़िम्मेदारी ले रही हैं और बैट और बॉल दोनों से अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं. सच कहूं तो, मैं उनसे और कुछ नहीं मांग सकती. असल बात तो अच्छा क्रिकेट खेलना है, और कुल मिलाकर मैं बहुत खुश हूं."
वहीं फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए उन्होंने कहा,"मुझे लगता है कि मैं हमेशा कहती रही हूं कि वे हमारा सबसे बड़ा सपोर्ट हैं. हम जहां भी जाते हैं, वे हमेशा हमारा साथ देने के लिए मौजूद रहते हैं. मुझे लगता है कि उनके सामने हम हमेशा शानदार क्रिकेट खेलना चाहते हैं और उम्मीद करते हैं कि हम अपने बेहतरीन प्रदर्शन से उनका मनोरंजन कर पाएं. और मुझे यकीन है कि आज बहुत सारे चेहरों पर मुस्कान देखकर और लोगों को हमारे खेल का आनंद लेते हुए देखकर अच्छा लग रहा है, और उम्मीद है कि हम ऐसा ही करते रहेंगे."
स्पिनर्स ने दिखाया जलवा
वहीं मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने भी टीम के मजबूत बल्लेबाजी प्रदर्शन की सराहना की. उन्होंने शेफाली की आक्रामकता, मंधाना की शैली और टीम के तीन प्रमुख स्पिनरों के योगदान को जीत में अहम बताया. मजूमदार ने मैच के बाद कहा,"सभी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ पर बेहद गर्व है. आज पिच शानदार था और हमने उसका अच्छा फायदा उठाया. हमारी बल्लेबाजी बहुत मजबूत रही और हमने बहुत अच्छी शुरुआत की."
उन्होंने कहा,"पूरे टूर्नामेंट के दौरान पिच थोड़ी धीमी रही और गेंद काफी टर्न हुई. इसलिए बड़ा स्कोर बनाकर उसका बचाव करना हमारी रणनीति थी. हमारे पास तीन शानदार स्पिनर थे और यही हमारी रणनीति थी."
शेफाली और मंधाना की सलामी जोड़ी के बारे में मजूमदार ने कहा कि दोनों की अलग-अलग शैली एक-दूसरे की पूरक है. उन्होंने कहा,"यह बाएं औश्र दाएं हाथ के बल्लेबाजों का संयोजन है. शेफाली की अपनी शैली है. उनकी ताकत और आक्रामकता विपक्षी टीम को दबाव में डाल देती है. स्मृति में शानदार सहजता है और दोनों एक-दूसरे की शैली की पूरक हैं."
यह भी पढ़ें: बीसीसीआई का फैसला, हम इसके साथ खड़े: नकवी से ट्रॉफी नहीं लेने पर हेड कोच अमोल मजूमदार
यह भी पढ़ें: एशिया कप में फिर ड्रामा: पोडियम पर खड़े रहे मोहसिन नकवी, टीम इंडिया नहीं आई ट्रॉफी लेने
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं