भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में वापसी को क्रिकेट जगत ने हाथों-हाथ लिया है. और ज्यादातर भारतीय पूर्व दिग्गजों ने फैसले का स्वागत किया है. भारत के पूर्व विकेटकीपर दिनेश कार्तिक ने फैसले की प्रशंसा की है. साथ ही, कार्तिक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए वीडियो में कहा कि अब भारत मोहम्मद शमी से आगे बढ़ चुका है. और उन्होंने वास्तव में चयन समिति से इस फैसले की उम्मीद नहीं की थी. कार्तिक के इस कमेंट के साथ ही अब फैंस के मन में यह सवाल पैदा हो गया है कि क्या शमी फिर से भारत के खेल पाएंगे?
'सेलेक्टरों को हिम्मत के लिए बधाई'
कार्तिक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए वीडियो में कहा, 'करीब चार साल बाद भुवनेश्वर की टीम इंडिया में वापसी हुई है. इसके लिए सबसे पहले सेलेक्टरों को किसी खिलाड़ी विशेष को चुनने के लिए इतनी हिम्मत दिखाने के लिए बहुत बधाई. भारतीय टीम ने पिछले कई कई पेसरों को आजमाया, लेकिन सभी में भुवनेश्वर बहुत ही शानदार रहे हैं.'
कार्तिक ने कहा, 'वह जो गुणवत्ता लेकर आते हैं, वह शानदार है. वह नई गेंद से गेंदबाजी कर सकते हैं, दोनों तरफ गेंद को स्विंग करा सकते हैं, और फिर डेथ ओवर्स में दबाव को अच्छी तरह संभाल सकते हैं.' कार्तिक का मानना है कि पिछले कुछ सीजन में आईपीएल में आरसीबी के लिए भुवनेश्वर के शानदार प्रदर्शन ने उनकी वापसी में एक बड़ी भूमिका निभाई.
'भुवनेश्वर इसके पूर्ण हकदार'
उन्होंने कहा, 'मैं बस दिल से चाहता हूं कि वह मैदान पर उतरें और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के अपने बचे हुए समय का पूरा आनंद लें. वह पूरी तरह से अपने प्रदर्शन के दम पर इसके हकदार हैं. मैं बहुत-बहुत खुश हूं. और यह किसी ऐसे अच्छे इंसान के साथ हुआ है जो इसका हकदार था. जब मैंने आपको हांगकांग सिक्सर्स में देखा था, तो मैंने सोचा था, 'ठीक है, भारतीय टीम के कप्तान, शानदार! लेकिन अब यह खबर उससे भी ज्यादा बेहतरीन है.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं