विज्ञापन

13 साल की गोल्फर ओजस्विनी सारस्वत ने रचा इतिहास, विमेंस इंडियन ओपन में किया बड़ा कारनामा

एमेच्योर ओजस्विनी सारस्वत 'लेडीज यूरोपियन टूर' इवेंट में कट हासिल करने वाली अब तक की सबसे कम उम्र की भारतीय खिलाड़ी बन गईं.

13 साल की गोल्फर ओजस्विनी सारस्वत ने रचा इतिहास, विमेंस इंडियन ओपन में किया बड़ा कारनामा
13 साल की गोल्फर ओजस्विनी सारस्वत ने रचा इतिहास

जयपुर की 13 वर्षीय गोल्फर ओजस्विनी सारस्वत ने हीरो वीमेंस इंडियन ओपन में इतिहास रच दिया है. वह लेडीज यूरोपियन टूर (एलईटी) के किसी टूर्नामेंट में कट हासिल करने वाली दुनिया की दूसरी सबसे युवा खिलाड़ी बन गईं है. दिल्ली के डीएलएफ गोल्फ एंड कंट्री क्लब में खेले जा रहे टूर्नामेंट में ओजस्विनी अनुभव हासिल करने के इरादे से उतरी थीं. हालांकि, उन्होंने दमदार प्रदर्शन किया. पहले राउंड में 79 (सात-ओवर) का स्कोर किया था. इसके बाद दूसरे राउंड में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 69 (तीन-अंडर) का स्कोर किया. इस तरह कुल 148 (चार-ओवर) के स्कोर के साथ उन्होंने कट हासिल किया और T-26 स्थान पर रहीं.

वह LET इवेंट में कट हासिल करने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय और कुल मिलाकर दूसरी सबसे कम उम्र की खिलाड़ी हैं. थाईलैंड की आरिया जुतानुकर्न ने 2008 के 'फिनएयर मास्टर्स' में 12 साल की उम्र में कट हासिल किया था. 

ओजस्विनी के दूसरे राउंड के खेल में चार बोगी के मुकाबले सात बर्डी शामिल रहीं. उन्होंने सभी चार 'पार-3' होल्स पर बर्डी लगाईं. 15 होल्स तक 'लेवल पार' रहने के बाद, उन्होंने लगातार तीन बर्डी लगाकर वीकेंड राउंड्स में अपनी जगह पक्की कर ली.

आठवीं कक्षा की छात्रा ओजस्विनी ने कहा,"गुरुवार के राउंड के बाद, मैं बस अच्छा खेलना चाहती थी क्योंकि मुझे पता था कि मैंने कहां गलतियां की थीं. मुझे अपने माता-पिता, भाई और प्रायोजकों से बहुत समर्थन मिला है, और मैं बहुत उत्साहित हूं."

ओजस्विनी, जो 2024 में पाइनहर्स्ट में 'यूएस किड्स वर्ल्ड चैंपियनशिप' में रनर-अप रह चुकी हैं और उसी साल 'यूएस किड्स यूरोपियन चैंपियनशिप' में सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं, अपनी कम उम्र के बावजूद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी अनुभव हासिल कर चुकी हैं. उन्होंने चार साल की उम्र में गोल्फ खेलना शुरू किया था. उनके घर के ठीक सामने 'मोहाली गोल्फ रेंज' थी, जिसे देखकर उन्होंने गोल्फ खेलना शुरू किया. अब वह जयपुर के 'रामबाग गोल्फ क्लब' में ट्रेनिंग लेती हैं.

उन्होंने बताया,"मैंने चार साल की उम्र में गोल्फ खेलना शुरू किया था. मैं मोहाली गोल्फ रेंज जाती थी. यह मेरे घर के ठीक सामने थी, इसलिए मैंने सोचा कि 'चलो, गोल्फ ट्राई करके देखते हैं'."

ओजस्विनी ने 'वर्ल्ड एमेच्योर गोल्फ रैंकिंग' में शीर्ष भारतीय खिलाड़ियों के बीच अपनी जगह बनाकर इस टूर्नामेंट में प्रवेश हासिल किया. टूर्नामेंट के 2018 संस्करण से पहले, उन्होंने 'विमेंस गोल्फ एसोसिएशन ऑफ इंडिया' द्वारा आयोजित जूनियर कैंपों में भी हिस्सा लिया था.

पिछले साल का 'इंडियन ओपन' देखकर उन्हें इस टूर्नामेंट में खेलने की प्रेरणा मिली थी, और अब उन्होंने अपनी इस चाहत को एक यादगार उपलब्धि में बदल दिया है.

उन्होंने कहा,"मैं कुछ 'बर्डी' (गोल्फ में एक अच्छा स्कोर) बनाना चाहती थी, क्योंकि यह ज़रूरी था. जब मेरा स्कोर 'सेवन-ओवर' (सात शॉट ज़्यादा) रहा, तो मुझे अंदाज़ा हो गया कि 'कट' (अगले राउंड में पहुंचने के लिए जरूरी स्कोर) इसी के आसपास होगा. मैं उस स्कोर की भरपाई करना चाहती थी."

टूर्नामेंट में अभी दो राउंड बाकी हैं. यह ओजस्विनी के लिए एक बेहतरीन मौका है कि वह खुद को शीर्ष पेशेवर खिलाड़ियों के बीच परख सकें और अपने होनहार करियर के लिए नए लक्ष्य तय कर सकें.

स्विट्जरलैंड की चियारा टैम्बुरलिनी 'सिक्स-अंडर' (छह शॉट कम) के स्कोर के साथ लीडरबोर्ड में सबसे आगे रहीं, जबकि भारत की एशियन गेम्स स्वर्ण पदक विजेता प्रणवी उर्स और अर्जेंटीना की मैग्डेलेना सिमरमाचर 'फोर-अंडर' (चार शॉट कम) के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहीं.

यह भी पढ़ें: IND vs NZ: खतरे में रोहित शर्मा की 4 साल पुरानी बादशाहत, कप्तान श्रेयस अय्यर को चाहिए सिर्फ 25 रन

यह भी पढ़ें: भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरा टी20 आज, फ्री में कहां देख पाएंगे लाइव

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Golf, Sports News, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com