- गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-2 इलाके में तेज रफ्तार एसयूवी ने तीन कारों को जोरदार टक्कर मारी, जिससे एक कार पलट गई
- हादसे में घायल ड्राइवर को राहगीरों और अन्य वाहन चालकों ने कैब से बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी
- घटना की पूरी स्थिति डैशकैम में कैद हो गई, जिसमें एसयूवी तेज रफ्तार से अन्य वाहनों को टक्कर मारती दिख रही है
दिल्ली से सटे गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-2 इलाके में गोल्फ कोर्स रोड पर एक तेज रफ्तार एसयूवी का कहर देखने को मिला. इस लाल एसयूवी ने तीन कारों में जबरदस्त टक्कर मारी. पहली कार में लगी टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वो सड़क पर पलट गई. इस कार के ड्राइवर को काफी चोट आई है. पुलिस ने बताया कि शुक्रवार देर रात हुए इस हादसे में भिडंत इतनी जोरदार थी कि कैब पलटकर सड़क पर कुछ दूर तक घिसटती चली गई. उसने बताया कि एक अन्य कार के सभी एयरबैग खुल गए.
खौफनाक वीडियो डैशकैम में हुआ कैद
इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो पीछे आ रही कार के डैशकैम में रिकॉर्ड हो गया. वीडियो में देखा जा सकता है कि एक लाल कलर की एसयूवी बड़ी तेजी से आ रही है. दूसरी कारों से आगे निकलने के चक्कर में यह पहले एक कैब को टक्कर मारती है, जिसकी वजह से वह पलट जाती है. इसके बाद अन्य दो कारों में टक्कर मारती है. वीडियो में देखकर लग रहा है कि ओवरटेक करने के चक्कर में ड्राइवर से कंट्रोल छूट गया और एक के बाद एक उसने 3 कारों को टक्कर मार दी.
ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया?
पुलिस ने बताया कि हादसा रात करीब 11 बजकर 15 मिनट पर उस समय हुआ, जब गोल्फ कोर्स रोड को डीएलएफ फेज-2 से जोड़ने वाले मार्ग पर वाहन तेज रफ्तार से जा रहे थे. उन्होंने बताया कि इसी दौरान एक कार ड्राइवर ने कथित तौर पर कंट्रोल खो दिया और अन्य वाहनों को टक्कर मार दी. इससे हादसे में चार वाहन शामिल हो गए.
ये भी पढ़ें:- 108 की स्पीड में था, टक्कर मारकर भी रुका नहीं; मर्सिडीज हिट एंड रन में अदालत में तीखी बहस
पुलिस के अनुसार, पलटी हुई कैब में फंसे ड्राइवर को वहां से गुजर रहे लोगों और अन्य वाहन चालकों ने बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी. पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और घायल चालक को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की. बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद ट्रैफिक नॉर्मल हो पाया. पुलिस के एक सीनियर ऑफिसर ने बताया कि हादसे के असल कारण का पता सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर लगाया जाएगा. जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें:- पूर्णिया में दर्दनाक हादसा, पुल की रेलिंग तोड़ नदी में गिरी फॉर्च्यूनर, कारोबारी की मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं