- जेन्सन हुआंग का अफेयर हनीट्रैप से जुड़ा है, निजी रिश्ते के माध्यम से संवेदनशील जानकारी निकालने की आशंका है.
- हनीट्रैप का मतलब होता है लंबे समय तक भावनात्मक संबंध बनाकर किसी को कमजोर करना और गुप्त जानकारी प्राप्त करना.
- इतिहास में माता हारी, बेट्टी पैक, रोमियो स्पाई जैसे मामले हनीट्रैप के उदाहरण हैं, जो जासूसी की रणनीति बने थे.
एनवीडिया के पूर्व फाउंडर जेन्सन हुआंग के तीसरे अफेयर का मामला जिस तरह से सामने आया है और पिछले कुछ दिनों में जो घटनाक्रम हुआ उससे हनीट्रैप शब्द फिर चर्चा में है. जिसका सीधा मतलब होता है, प्यार, रिश्ते और भावनाओं का इस्तेमाल करके किसी व्यक्ति से सीक्रेट जानकारी निकलवाना या उसे अपने कंट्रोल में करना. जेन्सेन हुआंग का नाम भी इसी से जुड़ा है, लेकिन वह कोई पहले व्यक्ति नहीं है, जो इस खेल में फंसे हैं, सालों से इस रणनीति का इस्तेमाल लगातार किया जाता रहा है. जिसकी इतिहास 100 साल से भी ज्यादा पुराना है, जहां कई बड़े दिग्गज हनीट्रैप के केस में फंस चुके हैं. जेन्सन हुआंग का मामला इसलिए ज्यादा बड़ा हो गया, क्योंकि यह सिर्फ एक व्यक्ति की निजी जिंदगी का मामला नहीं है. यह दुनिया की AI की रेस और एडवांस सेमीकंडक्टर, यानी चिप्स की लड़ाई से जुड़ा है. इसलिए इसकी चर्चा ज्यादा हो रही है.
जेन्सन हुआंग का मामला
दरअसल, जेन्सन हुआंग का रिश्ता एलिस हुआंग नाम की महिला से जुड़ा था, जिस पर अमेरिका को शक है कि वह चीन के लिए काम करती थी. यह बात सामने आने के बाद जेन्सन हुआंग ने अपनी बेवफाई को माना और 30 साल से ज्यादा समय तक चलाई गई अपनी ही एनवीडिया कंपनी को छोड़ दिया, जिस कंपनी के वह सीईओ थे, अब उनके नाम के सामने पूर्व जुड़ गया है. हालांकि यह अभी साबित नहीं हुआ है कि जेन्सन हुआंग को जानबूझकर हनीट्रैप में फंसाया गया था, चीन ने इन आरोपों को खारिज किया है. एनवीडिया ने भी कहा है कि उसे ऐसा कोई कारण नहीं लगता कि कंपनी या देश की सुरक्षा से जुड़ी कोई जानकारी लीक हुई हो. लेकिन चर्चा हनीट्रैप की चल रही है.
क्या होता है हनीट्रैप
सबसे पहले यह समझना भी जरूरी है कि हनीट्रैप होता क्या है. यह कोई एक छोटी सी मुलाकात या फिर तुरंत के रिश्ते का नाम नहीं होता है. बल्कि यह एक ऐसी प्रक्रिया होती है, जो लंबे समय तक चलती है. कई बार इसमें महीनों या सालों तक रिश्ता बनाया जाता है, जहां पहले भरोसा जीता जाता है, फिर धीरे-धीरे जानकारी निकाली जाती है. धीरे-धीरे जाल फैलाया जाता है. अंग्रेजी में 'हनीपॉट' शब्द सदियों से है, जिसका मतलब था शहद का बर्तन, बाद में इसका मतलब हो गया कोई ऐसी आकर्षक चीज, जो लोगों को अपनी तरफ खींचे. जासूसी से इसका जुड़ाव बाद में हुआ, जहां ब्रिटिश जासूसी उपन्यासकार जॉन ले कैरे ने 1974 में अपनी किताब 'टिंकर टेलर सोल्जर स्पाई' के जरिए इस शब्द को मशहूर किया. जासूसी की दुनिया में हनीट्रैप का मतलब है आकर्षण, नजदीकी और भावनात्मक चालबाजी का इस्तेमाल करके किसी व्यक्ति को कमजोर करना. एक गलतफहमी यह भी है कि हनीट्रैप में हमेशा महिला ही पुरुष को फंसाती है. ऐसा नहीं है. पुरुष एजेंटों को भी महिलाओं को फंसाने के लिए भेजा जाता रहा है, खासकर तब जब महिला किसी अहम पद पर हो या उसके पास सीक्रेट जानकारी हो. पिछले कुछ समय से हनीट्रैप का चलन तेजी से बढ़ा है.
ये वीडियो भी देखिए
माता हारी की कहानी
जब भी हनीट्रैप के इतिहास की चर्चा होती है, तब एक नाम हमेशा चर्चा में आता है, वो नाम है माता हारी का. एक ऐसी महिला जिसने कई दिग्गजों को अपने जाल में फंसाया. उनका असली नाम मार्गरेथा गीर्ट्रुइडा ज़ेल था, वह डच ईस्ट इंडीज में पैदा हुई थीं और प्रथम विश्व युद्ध से पहले पेरिस में मशहूर डांसर बन गईं. उनके अमीर लोगों और सेना के अफसरों से रिश्ते थे. युद्ध के दौरान उनकी हरकतों पर जासूसी एजेंसियों की नजर पड़ी. फ्रांस ने उन पर जर्मनी के लिए जासूसी करने का आरोप लगाया. कहा गया कि उन्होंने सेना के अफसरों से रिश्ते बनाकर जानकारी हासिल की. फ्रांस की मिलिट्री कोर्ट ने उन्हें दोषी माना और अक्टूबर 1917 में फायरिंग स्क्वॉड से उन्हें गोली मार दी गई थी. माता हारी बिना वस्त्रों के डांस करने के लिए फेमस हुई थी. माता हारी ने अपना कनेक्शन भारत से भी बताया था, हालांकि यह बात गलत थी.

बेट्टी पैक की कहानी
दूसरे विश्व युद्ध तक आते-आते प्यार और रिश्तों का इस्तेमाल जासूसी के लिए एक संगठित हथियार बन गया. इस दौरान का सबसे चर्चित नाम था बेट्टी पैक, जो हनीट्रैप की दुनिया का बड़ा नाम मानी जाती है. उसका असली नाम एमी एलिजाबेथ थोर्प, वह अमेरिका में पैदा हुईं और ब्रिटिश इंटेलिजेंस के लिए काम करती थीं. बेट्टी ने राजनयिकों और नेताओं से रिश्ते बनाकर संवेदनशील जानकारी हासिल की. युद्ध के दौरान उन्होंने फ्रांस की नौसेना के कोड वाली जानकारी हासिल करने में मदद की. यह जानकारी नवंबर 1942 में उत्तरी अफ्रीका पर हमले, ऑपरेशन टॉर्च से पहले मित्र देशों के लिए बहुत काम आई थी.

रोमियो स्पाई
दूसरे विश्व युद्ध ने बताया कि जासूसी में प्यार कितना काम आ सकता है, तो कोल्ड वॉर ने इसे एक पूरी रणनीति बना दिया. इसका सबसे बड़ा नाम था मार्कस वोल्फ. वह पूर्वी जर्मनी की विदेशी खुफिया एजेंसी HVA के प्रमुख थे, जो स्टासी के तहत काम करती थी. 1950 के दशक में वोल्फ ने एक प्रोग्राम बनाया, जिसमें पुरुष एजेंटों को पश्चिमी जर्मनी की सरकार, मंत्रालयों और खुफिया विभागों में काम करने वाली महिलाओं से रिश्ता बनाने के लिए भेजा जाता था. इन्हें 'रोमियो स्पाई' कहा गया. उस समय जर्मनी में युद्ध में कई पुरुष मारे गए थे, इसलिए बहुत सी महिलाएं नौकरियों में आई थीं और उनके पास सरकारी फाइलों तक पहुंच थी. एजेंटों को चार्मिंग, पढ़ा-लिखा और केयरिंग दिखने की ट्रेनिंग दी जाती थी. वे महिलाओं से प्यार का रिश्ता बनाते, भावनात्मक निर्भरता पैदा करते और फिर धीरे-धीरे दस्तावेज निकलवाते कुछ रिश्ते सालों तक चले. स्टासी ने महिला एजेंटों का भी इस्तेमाल किया. कई बार उनका मकसद आपत्तिजनक तस्वीरें लेकर ब्लैकमेल करना होता था.

प्रोफ्यूमो कांड
हनीट्रैप की दुनिया में प्रोफ्यूमो कांड भी बड़ा चर्चित हुआ था. 1961 में ब्रिटेन के युद्ध मंत्री जॉन प्रोफ्यूमो का अफेयर क्रिस्टीन कीलर नाम की मॉडल से हुआ. कीलर का रिश्ता सोवियत नौसेना के अधिकारी येवगेनी इवानोव से भी था. 1963 में यह बात सामने आई, तो प्रोफ्यूमो ने पहले संसद में झूठ बोला, फिर सच माना और इस्तीफा दिया. इस कांड ने प्रधानमंत्री हेरोल्ड मैकमिलन की सरकार को हिला दिया और उन्हें भी इस्तीफा देना पड़ा. हालांकि कीलर को जानबूझकर सोवियत हनीट्रैप के तौर पर भेजा गया था? इसका पक्का सबूत कभी नहीं मिला था.

इंटरनेट के दौर वाला हनीट्रैप
हनीट्रैप का काम भी समय के साथ बदलता गया. जब आधुनिक दौर आया तो हनीट्रैप का दौर भी बदल गया. पहले एजेंट किसी पार्टी या बिजनेस मीटिंग में मिलता था. आज पहली मुलाकात लिंक्डइन की रिक्वेस्ट, इंस्टाग्राम के मैसेज या किसी प्रोफेशनल प्लेटफॉर्म से हो सकती है. नकली फोटो, नकली प्रोफाइल और नकली पहचान से रिश्ता बनाया जाता है. महीनों तक बात होती है, व्यक्ति की निजी जिंदगी, कमजोरियों और काम के बारे में समझा जाता है. फिर जानकारी मांगी जाती है. इसके अलावा आज के दौर में एक और खतरा है. अंतरंग तस्वीरें और चैट को डिजिटल तरीके से सेव करके बाद में ब्लैकमेल के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है.

जेन्सन हुआंग मामला क्यों अहम है?
जेन्सन हुआंग ने 1993 में एनवीडिया बनाई थी. उनकी कंपनी के चिप्स दुनिया के AI सिस्टम को चलाते हैं. इसलिए एनवीडिया अमेरिका और चीन की टक्कर में रणनीतिक रूप से बहुत अहम है.रिपोर्ट्स के मुताबिक एलिस हुआंग सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड इंटरनेशनल की पूर्व अधिकारी थीं, जिसका एनवीडिया से बिजनेस रिश्ता था. अमेरिका की खुफिया एजेंसियों को शक था कि वह बीजिंग के लिए जानकारी जुटा रही थीं. इसी बीच यह जांच भी चल रही थी कि क्या एडवांस एनवीडिया चिप्स अमेरिकी रोक के बावजूद चीन की कंपनियों तक पहुंच रहे हैं. सवाल यही है कि क्या निजी रिश्ता विदेशी जासूसी के लिए रास्ता बन सकता है?.
अभी तक इसका कोई पक्का सबूत नहीं है कि जेन्सन हुआंग को जानबूझकर फंसाया गया या कोई सीक्रेट जानकारी चीन तक पहुंची. लेकिन इस मामले ने एक पुराना सवाल फिर जिंदा कर दिया है-जब किसी की निजी और पेशेवर जिंदगी आपस में मिल जाती है, तो सबसे ताकतवर व्यक्ति भी कितना कमजोर हो सकता है?. जासूसी एजेंसियों के लिए किसी व्यक्ति तक पहुंच कई बार किसी कंप्यूटर या सीक्रेट फाइल तक पहुंच से भी ज्यादा कीमती होती है. रिश्ता ऐसे दरवाजे खोल देता है, जो सामान्य निगरानी नहीं खोल सकती और जिसे फंसाया जा रहा है, उसे पता भी नहीं चलता कि रिश्ते के पीछे कोई और मकसद है.
ये भी पढ़ेंः Nvidia CEO News: कंपनी से बाहर होने के बाद जेन्सन हुआंग को लगा $108 मिलियन का झटका, अब कितनी रह गई नेटवर्थ?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं