न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे मुकाबले में मिली हार के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर काफी निराश नजर आए. मैच के बाद उन्होंने माना कि हेनरी ने कमाल की गेंदबाजी की. उन्होंने कहा, 'दोनों पारियों के बीच विकेटों में बहुत बड़ा अंतर था. मैट हेनरी की गेंदबाजी को श्रेय जाता है. पहली पारी में हमने सारे तरीके आजमाए. लग रहा था कि विकेट बहुत अच्छा है. कुछ कैच भी छूटे, लेकिन ये सब होता रहता है. ब्रेक के दौरान हमें लगा कि हम इस लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लेंगे. मगर विकेट पर स्विंग और सीम काफी हुई. जो सही और गलत हुआ उसका विश्लेषण करने के बाद इस पारी को भूलकर नए सिरे से शुरुआत करनी होगी.'
न्यूजीलैंड ने 244 रनों से हराया
न्यूजीलैंड ने चौथे वनडे मुकाबले में शुक्रवार को 244 रनों की रिकॉर्ड जीत हासिल करके सीरीज में शानदार वापसी की है. भारत की रनों के लिहाज से यह दूसरी सबसे बड़ी पराजय है. इससे पहले श्रीलंका ने 2000 में शारजाह में उसे 245 रन से हराया था. न्यूजीलैंड की रनों के लिहाज से यह दूसरी सबसे बड़ी जीत है. इससे पहले उसने आयरलैंड को 2008 में एबेरडीन में 290 रन से हराया था.
भारत ने पांच मैच की सीरीज के पहले दो मैच जीते थे और इस तरह से वह अब भी 2-1 से आगे है. सीरीद का तीसरा मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था. सीरीज का पांचवा और अंतिम मैच रविवार को खेला जाएगा.
यंग ने दो जीवनदान का फायदा उठाकर 108 गेंद पर 125 रन की पारी खेली. उन्हें उनके सलामी जोड़ीदार टिम सीफर्ट (48 गेंद पर 58 रन) और फिन एलन (41) का अच्छा साथ मिला जिससे न्यूजीलैंड ने निर्धारित 50 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 333 रन बनाए.
इसके जवाब में भारतीय टीम 26.4 ओवर में 89 रन पर ढेर हो गई. यह वनडे में आठवां अवसर है जबकि भारतीय टीम 100 से कम रन पर आउट हो गई. हेनरी ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 27 रन देकर छह विकेट लिए. मैथ्यू फिशर (31 रन देकर तीन विकेट) ने भी अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए उनका अच्छा साथ दिया.
नियमित कप्तान शुभमन गिल और केएल राहुल के बिना खेल रहे भारतीय बल्लेबाजों के पास तेजी से उठती गेंदों का कोई जवाब नहीं था. भारत की शुरुआत भयावह रही जिससे वह उबर नहीं पाया. हेनरी ने पहले ओवर में ही रोहित शर्मा, विराट कोहली और कप्तान श्रेयस अय्यर के विकेट लेकर भारतीय खेमे में खलबली मचा दी. तब भारत ने खाता भी नहीं खोला था. यह वनडे में पहला अवसर है जबकि भारत ने खाता खोले बिना तीन विकेट गंवाए. वनडे क्रिकेट में कुल मिलाकर पांचवीं बार ऐसा हुआ है.
रोहित का खराब प्रदर्शन जारी रहा. उन्होंने पारी की पहली गेंद पर पहली स्लिप में आसान कैच दिया. हेनरी ने इसके बाद चौथी गेंद पर कोहली को चकमा देकर बोल्ड किया और अगली गेंद पर अय्यर को एलबीडब्ल्यू आउट किया जिसके लिए न्यूजीलैंड ने डीआरएस का सहारा लिया था.
गिल के टेस्ट सीरीज की तैयारी करने के लिए इस मैच में नहीं खेलने के कारण पारी का आगाज करने वाले ऋतुराज गायकवाड (05) शुरू से संघर्ष करते हुए नजर आए और उन्होंने जल्द ही काइल जैमीसन की गेंद पर दूसरी स्लिप में कैच दे दिया जिससे भारत का स्कोर चार विकेट पर नौ रन हो गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं