Bihar News: गुजरात के बड़ोदरा में काम करने वाले बिहार और उत्तर प्रदेश के तीन दोस्तों की लगातार मौत ने एक बड़ा रहस्य बना दिया है. एक के बाद एक हुई इन मौतों ने परिवारों की खुशियां छीन ली हैं और अब इन तीनों युवाओं की आत्महत्या की वजह एक गुत्थी बनकर रह गई है. परिजनों को आशंका है कि ये तीनों किसी बड़े साइबर अपराध या ब्लैकमेलिंग के जाल में फंस गए थे.
निकाले लाखों रुपये और जेवरात
घटना की शुरुआत शेखपुरा (बिहार) के रोहित कुमार की आत्महत्या से हुई. रोहित अपने परिवार का इकलौता सहारा था. उसके दोस्तों ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से बेहद परेशान रहने लगा था. मौत से पहले उसने अपनी मां के खाते से लाखों रुपये निकाले और घर के जेवर बेचकर नकली जेवर रख दिए थे. इसके बाद बड़ोदरा में रह रहे नवादा के रवि कुमार और गोरखपुर के विकास ने भी अपनी जान दे दी. रवि के पिता राजकुमार महतो बताते हैं कि रवि ने घर से जेवर तक ले लिए थे और अक्सर पैसों की मांग करता था.
क्या था मौत का असली खेल?
मृतकों के परिजनों का मानना है कि तीनों दोस्त किसी खतरनाक डिजिटल जाल में उलझ गए थे. रोहित ने मरने से ठीक पहले रवि को वीडियो कॉल किया था और रवि ने अपने परिवार को बताया कि अब उसका दोस्त नहीं रहा तो वह भी नहीं बचेगा. इसके बाद रवि ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी. जैसे ही रवि की मौत की खबर गोरखपुर स्थित उसके दोस्त विकास को मिली, उसने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
पुलिस की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, मामला अत्यंत संवेदनशील है. चूंकि घटना गुजरात के बड़ोदरा से जुड़ी है, इसलिए तकनीकी पहलुओं की जांच के लिए फॉरेनसिक टीम की मदद ली जा रही है. पुलिस फिलहाल रोहित के लॉक मोबाइल को अनलॉक करने की कोशिश कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि इन युवाओं को कौन डरा रहा था या किससे वे पैसे की मांग पूरी कर रहे थे.
यह भी पढ़ें- लव मैरिज का ऐसा खौफनाक अंत! पति ने पत्नी का गला दबाया, गन्ने के खेत में हत्या के बाद पेड़ से लटकाया शव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं