विज्ञापन

फर्स्ट AC का सफर, 2 सूटकेस और VIP क्लाइंट्स... रईसों तक डिलीवरी से पहले कैसे पकड़ी गई नेहा? पढ़िए पूरी कहानी

फर्स्ट AC का कूपे, महंगे सूटकेस, अंग्रेजी में फर्राटेदार बातचीत और पूरा VIP अंदाज. ट्रेन में सफर कर रही युवती को देखकर शायद ही किसी को शक हुआ होगा कि उसके लगेज में ऐसा राज छिपा है, जो कुछ ही देर में पुलिस और यात्रियों को हैरान कर देगा.

ट्रेन में मिला शराब

फर्स्ट एसी का कूपे, महंगे लगेज और बेफिक्र अंदाज में सफर... ऊपर से टिकट जांच के दौरान पुलिस और रेलकर्मियों के सामने अंग्रेजी में बातचीत कर रौब जमाने की कोशिश. पहली नजर में मामला किसी हाई-प्रोफाइल यात्रा जैसा लग रहा था. लेकिन जब पुलिस ने दो सूटकेस खोले तो पूरी कहानी बदल गई. दोनों सूटकेस से अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब की बोतलें बरामद हुईं, जिन्हें देखकर रेल पुलिस भी हैरान रह गई.

यह मामला बिहार के समस्तीपुर रेलवे स्टेशन का है, जहां 75 लीटर विदेशी शराब के साथ 25 वर्षीय ग्रेजुएशन छात्रा नेहा झा और उसके जीजा के भाई ईशान को गिरफ्तार किया गया. दोनों ट्रेन संख्या 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एच-1 कोच के कूपे नंबर-7 में यात्रा कर रहे थे और दरभंगा जा रहे थे.

आरपीएफ इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष अविनाश करोसिया के अनुसार, दोनों एक ही टिकट पर सफर कर रहे थे. टिकट जांच के दौरान टीटीई ने पूछताछ की तो विवाद की स्थिति बन गई. आरोप है कि नेहा ने टीटीई से बदसलूकी की, जिसके बाद टीटीई ने आरपीएफ को सूचना दी. ट्रेन के समस्तीपुर स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंच गई.

अंग्रेजी में बात कर पुलिस को प्रभावित करने की कोशिश

आरपीएफ टीम के पहुंचने के बाद भी नेहा पूरी तरह आत्मविश्वास में नजर आ रही थी. वह अधिकारियों से अंग्रेजी में बातचीत कर रही थी. उसके व्यवहार और बातचीत के अंदाज ने कुछ समय के लिए पुलिसकर्मियों को भी चौंका दिया. हालांकि, पूछताछ जारी रही और उसके सामान की जांच की गई.

नेहा के पास कई बैग और सूटकेस थे. शुरुआती जांच में सब कुछ सामान्य लगा, लेकिन दो सूटकेस खोलते ही मामला शराब तस्करी से जुड़ा हुआ दिखाई दिया. दोनों सूटकेस से करीब 75 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई.

शराब मिलने के बाद बढ़ी जांच

शराब बरामद होने के बाद आरपीएफ ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी. इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी, जीआरपी और सीआईबी टीम भी पहुंची. नेहा और ईशान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बाद में जीआरपी को सौंप दिया गया. जीआरपी ने प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

एक टिकट पर दो यात्री कर रहे थे सफर

आरपीएफ के अनुसार, एच-1 कोच के कूपे नंबर-7 में एक टिकट पर दो यात्री यात्रा करते मिले थे. टीटीई की शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों से पूछताछ की और सामान की जांच में शराब बरामद हुई. पूछताछ में नेहा ने दावा किया कि उसके घर में शादी का कार्यक्रम है और वह उसी के लिए हरियाणा से शराब लेकर दरभंगा जा रही थी. हालांकि, पुलिस इस दावे की जांच कर रही है. अधिकारियों को संदेह है कि इसके पीछे शराब सप्लाई का कोई बड़ा नेटवर्क भी हो सकता है.

मिली जानकारी के अनुसार ईशान नेहा की बड़ी बहन का देवर है. स्थानीय लोगों में चर्चा है कि नेहा का पूरा परिवार शराब के धंधे में लिप्त था. उसके पिता पकंज झा को भी पहले गिरफ्तार किया गया था. स्थानीय लोगों में चर्चा है कि शराब दरभंगा के डॉक्टरों के बीच सप्लाई होती थी. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच है. लोगों में भी इस मामले को लेकर खूब चर्चा है. 

परिवार के पुराने शराब कनेक्शन की जांच

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि नेहा के पिता संजय कुमार झा को करीब दो वर्ष पहले शराब से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया था. वहीं, उसकी बहन निशु झा को नवंबर 2025 में करीब 21 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया था.

ये भी पढ़ें : जहरीली शराब कांड में ताबड़तोड़ कार्रवाई: SDOP के बाद SDM हटीं, 14 आरोपी कोर्ट पहुंचे, 16 की तलाश जारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Samastipur Railway Station, Foreign Liquor Seized
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com