विज्ञापन

महिला का दावा- 'फोन के 21 ऐप्स से लेकर उम्र और जॉब स्टेटस तक ट्रैक करता है Blinkit', कंपनी ने जवाब दिया

अनिका बेरी ने ब्लिंकिट ऐप डीकंपाइल करके 5 ऐसी बाते बताईं, जिनसे सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई और विवाद को शांत करने के लिए कंपनी को सफाई देनी पड़ी.

महिला का दावा- 'फोन के 21 ऐप्स से लेकर उम्र और जॉब स्टेटस तक ट्रैक करता है Blinkit', कंपनी ने जवाब दिया
वाई-फाई से लेकर बैटरी तक ट्रैक करने के आरोपों पर कंपनी ने तोड़ी चुप्पी.
Instagram@berispills

Viral Video: अनिका बेरी नाम की कंटेंट क्रिएटर ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में ब्लिंकिट के कोड को रिवर्स इंजीनियर करने का दावा किया है, जिससे पता चला कि यह ऐप आपकी उम्र, आप किसके साथ रहते हैं, और आप अपने ऑर्डर को लेकर कितने बेताब हैं, इसका अंदाजा लगा सकता है. इतना ही नहीं, अनिका के मुताबिक यह ऐप आपको फोन में मौजूद डिस्ट्रिक्ट, इंस्टाग्राम, स्लैक जैसी 21 ऐप्स को चेक करता है, ताकि आपको कुछ बेचा जा सके, आपके इंट्रेस्ट के हिसाब के ऐड दिखाए जा सकें और यह पता किया जा सके कि आप नौकरी करते हैं या नहीं.

फॉन्ट साइज से लगाता है उम्र का अंदाजा

अनिका ने आगे कहा, 'मैं ब्लिंकिट ऐप को यूज नहीं करती. लेकिन अगर आप यूज कर रहे हैं तो यह आपके फोन का साइज, जूम लेवल और यह भी रिकॉर्ड करता है कि आप स्क्रीन रीडर का इस्तेमाल करते हैं या नहीं. ये सब मिलकर इस बात का साफ संकेत देते हैं कि फोन इस्तेमाल करने वाला व्यक्ति उम्रदराज हो सकता है. यानी अगर आपके माता-पिता बड़े फॉन्ट का इस्तेमाल करके ऑर्डर करते हैं, तो ऐप समझ जाता है कि ऐसे ग्राहक शायद ही कभी चीजों की तुलना करेंगे. वे बस वही मान लेंगे जो पहले से चुना हुआ है.'

'बिना OTP के लॉगिन ने मुझे किया हैरान'

अनिका ने बताया, 'ब्लिंकइट ऐप आपके लॉगिन डेटा वाली फाइल का बैकअप लेकर रखता है. जब भी आप एक फोन से दूसरे फोन पर स्विच करके दोबारा लॉगिन करते हैं, तब आपको बिना OTP के भी लॉगिन कर पाते हैं. इसी बात ने मुझे सबसे ज्यादा हैरान कर दिया.'

'Wi-Fi के नाम से पता कर रहा फैमिली में कौन-कौन?'

अनिका ने दावा करते हुए आगे कहा, 'हर बार जब आप ऑर्डर करते हैं, तो यह आपकी असली लोकेशन के साथ आपके वाई-फाई का नाम भी सेव कर लेता है. जैसे कि 'शर्मा 5G'. इससे पता चल जाता है कि यह किसका घर है और घर के सभी लोग उसी वाई-फाई का इस्तेमाल करते हैं. इस तरह, आपका और आपकी मां का अकाउंट एक ही घर से जुड़ जाता है, जिससे उन्हें आप दोनों को फिर से टारगेट करना आसान हो जाता है. बिना आपके बताए.'

वीडियो के आखिर में अनिका ने कहा, 'यह आपकी बैटरी का लेवल भी रिकॉर्ड करता है, जिसका कोई आइटम ऑर्डर करने से कोई लेना-देना नहीं है. लेकिन उबर की एक रिसर्च में कहा गया था कि जब बैटरी कम होती है, तो यूजर्स महंगे दाम को भी आसानी से मान लेते हैं. वे इंतजार नहीं करते और न ही तुलना करते हैं.' यानी आप बस 8 लीटर दूध लेने आए थे, लेकिन जाते-जाते वे आपके ऐप्स, आपकी उम्र, आपके घर की जानकारी और आपका लॉगिन डेटा, सब ले गए.

यहां देखें पूरा वीडियो:-

Blinkit App ने दी कमेंट करके दी सफाई

इन आरोपों पर विवाद बढ़ता देख ब्लिंकिट की एंड्रॉयड टीम ने इंस्टाग्राम पर ही इन आरोपों का जवाब दिया है. कंपनी का कहना है कि वीडियो में जिन चीजों का जिक्र किया गया है, उनका इस्तेमाल यूजर्स पर नजर रखने के लिए नहीं, बल्कि ऐप को बेहतर चलाने के लिए किया जाता है.

  • Blinkit के मुताबिक, Zomato और District जैसे ऐप्स की पहचान इसलिए की जाती है ताकि "Login with Zomato" जैसी सुविधाएं आसानी से काम कर सकें.
  • WhatsApp और Instagram का इस्तेमाल ऐप के शेयरिंग फीचर्स के लिए होता है. उदाहरण के तौर पर, यूजर रेसिपी, कार्ट या अन्य कंटेंट दोस्तों और परिवार के साथ शेयर कर सकते हैं.
  • कंपनी ने कहा कि फॉन्ट साइज, स्क्रीन रीडर और दूसरी एक्सेसिबिलिटी सेटिंग्स की जानकारी इसलिए ली जाती है ताकि बड़े टेक्स्ट या विशेष जरूरतों वाले लोग भी ऐप को आसानी से इस्तेमाल कर सकें.
  • Wi‑Fi नेटवर्क का नाम (SSID) मार्केटिंग या परिवार की पहचान के लिए नहीं रखा जाता. Blinkit का कहना है कि इससे लोकेशन को तेजी से पहचानने में मदद मिलती है और हर बार GPS का इंतजार नहीं करना पड़ता.
  • बैटरी लेवल और डिवाइस परफॉर्मेंस से जुड़ी जानकारी का उपयोग यह देखने के लिए किया जाता है कि फोन कितना सक्षम है. अगर फोन कमजोर है या बैटरी कम है तो ऐप कुछ अतिरिक्त विजुअल फीचर्स कम कर देता है, ताकि ऑर्डर देने का अनुभव प्रभावित न हो.

कंपनी का दावा है कि इन तकनीकी प्रक्रियाओं के बारे में वह पहले भी सार्वजनिक रूप से जानकारी साझा कर चुकी है और इनके पीछे कोई छिपा हुआ मार्केटिंग उद्देश्य नहीं है. हालांकि, सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर बहस जारी है. कुछ यूजर्स इन जानकारियों को जरूरी तकनीकी डेटा मान रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे प्राइवेसी से जुड़ा सवाल बता रहे हैं.

यह भी पढ़ें:- वॉट्सऐप पर शादी का कार्ड डाउनलोड करते ही हैक हो गया फोन, बैंक अकाउंट से कट गए 10 लाख रुपये

यह भी पढ़ें:- अनंत सिंह की बेटी की शादी में हुई घुड़दौड़ का फाइनल अभी बाकी, इन 6 घोड़े मालिकों में से किसी एक को मिलेगी THAR

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Woman, Blinkit, Reverse Engineering, Viral Video, Digital Content Creator
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com