- दिल्ली से बिहार के लिए बस सेवा नियमित रूप से संचालित होगी.
- दोनों राज्यों की सरकार पारस्परिक परिवहन समझौते करने जा रही.
- बिहार और पूर्वांचल के लगभग 20 लाख लोगों को फायदा होने वाला है.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और बिहार के बीच सालभर चलने वाली नियमित अंतरराज्यीय बस सेवाओं के लिए दोनों राज्यों की सरकार पारस्परिक परिवहन समझौते (Reciprocal Transport Agreement) पर हस्ताक्षर करने जा रही हैं. इस पहल से दिल्ली में रहने वाले बिहार और पूर्वांचल के लगभग 20 लाख लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है. समझौते के तहत प्रत्येक रूट पर दिल्ली और बिहार दोनों को 12-12 बस परमिट आवंटित किए जाने का प्रावधान है.
प्रस्तावित रूट और किराया
अधिकारियों के अनुसार, अंतरराज्यीय रूटों के जरिए दिल्ली को बिहार के प्रमुख शहरों से जोड़ेगा. दोनों ओर से सेवाओं के संचालन की तैयारी की जा रही है. बस रूट में पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर, बक्सर, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज, मधुबनी, पूर्वी चंपारण और नवादा सहित अन्य केंद्रों को जोड़ने की योजना है.
अधिकारियों के मुताबिक स्लीपर और नॉन-स्लीपर श्रेणियों के लिए संभावित किराया लगभग 2000 रुपये से 3000 रुपये के आसपास रह सकता है. हालांकि अंतिम किराया और बुकिंग विवरण टाइम टेबल तय होने के बाद स्पष्ट होंगे.
बस परमिट
दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह ने बताया कि यह समझौता यात्रियों को बड़ी राहत देगा, खासकर व्यस्त सीजन और त्योहारों के दौरान जब ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल होता है और बसों में भीड़ बढ़ जाती है. इस साल दिवाली और छठ पूजा के दौरान दिल्ली-बिहार रूट पर चलाई गई करीब 76–77 बसों को मिले व्यापक प्रतिक्रिया ने स्थायी व्यवस्था की जरूरत को मजबूत किया.
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने अंतरराज्यीय परिचालन के लिए 75 नॉन-एसी और 74 एसी बसों की व्यवस्था की है, जबकि 150 बसें पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत तैनात करने का प्रस्ताव है. अधिकारियों के अनुसार शुरुआती चरण में 18 रूटों पर करीब 200 एसी और नॉन-एसी वोल्वो बसों के संचालन की योजना है.
परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह के अनुसार, दोनों सरकारें मिलकर बसों को शुरू करने और टाइम टेबल को अंतिम रूप देंगी, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और सालभर उपलब्ध सड़क परिवहन का विकल्प मिल सके.
यह भी पढ़ें | नोएडा में रफ्तार पकड़ेगी 100 इलेक्ट्रिक बसें, सेक्टर 82 टर्मिनल से होगा संचालन, बनेंगे चार्जिंग स्टेशन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं