Viral Video: टिक-टॉक पर 11 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स वाली ऑड्रे पीटर्स ने हाल ही में खुलासा किया है कि वह अपना हर एक मील फूड डिलीवरी ऐप डोरडैश से ऑर्डर करती हैं. उनके एक दिन के खाने का बिल 13 हजार रुपये (करीब 136.50 डॉलर) के पार पहुंच जाता है, जिसे देखकर इंटरनेट की जनता हैरान रह गई है.
सुबह के कॉफी से लेकर रात के खाने तक
पीपल डॉट कॉम पर छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, ऑड्रे के दिन की शुरुआत 1862 रुपये ($19.44) की पम्पकिन स्पाइस लाटे कॉफी से होती है. इसके बाद लंच में उन्होंने एक कैफे से 7917 रुपये ($82.65) का चिकन सलाद, पिज्जा और हमस मंगाया. रात के खाने में करीब 2746 रुपये ($28.67) के मीटबॉल्स ऑर्डर किए. इसके अलावा उन्होंने कुछ आइसक्रीम भी मंगवाई. इस तरह उनके एक दिन के खाने का कुल बिल 13075 रुपये ($136.50) आया.
कभी-कभी तो वह 'नोबू' जैसे महंगे रेस्टोरेंट से एक ही बार में 23 हजार रुपये ($240) का सुशी ऑर्डर कर देती हैं. हालांकि, खुद ऑड्रे भी मानती हैं कि यह खर्च बहुत ज्यादा है और उन्हें इस बात का थोड़ा गिल्ट भी होता है.
आखिर इतना पैसा क्यों लुटा रही हैं ऑड्रे?
इस महंगी आदत के पीछे दो बड़ी वजहें हैं. पहली वजह है ऑड्रे का आलस. उनका कहना है कि उन्हें खाना बनाना बिल्कुल पसंद नहीं है और वह बहुत आलसी हैं.
दूसरी और सबसे चौंकाने वाली वजह है रेज-बेटिंग. ऑड्रे जानबूझकर ऐसे वीडियो बनाती हैं ताकि लोग भड़कें और उनके पोस्ट पर कमेंट करें. उन्होंने खुद एक इंटरव्यू में माना था कि जब उन्हें लोगों को उकसाना होता है, तो वह जानबूझकर इतनी महंगी कॉफी ऑर्डर करती हैं. लोगों का गुस्सा उनके वीडियो की रीच बढ़ाता है और उन्हें तगड़े व्यूज मिलते हैं.
वीडियो वायरल होते ही इंटरनेट पर छिड़ी बहस
इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर लोग दो हिस्सों में बंट गए हैं. कई लोग इस फिजूलखर्ची से भड़के हुए हैं. हालांकि, कई लोग ऑड्रे के सपोर्ट में भी उतरे.
एक यूजर ने हैरानी से पूछा, 'क्या कोई 1800 रुपये की कॉफी पी सकता है? क्या मैं किसी दूसरी दुनिया में आ गया हूं?' वहीं एक अन्य यूजर ने 7900 रुपये के सलाद पर कड़े सवाल उठाए.
तीसरे यूजर ने कहा, 'अगर आपके पास पैसा है और आपको सहूलियत चाहिए, तो इसमें कुछ गलत नहीं है.' कुछ यूजर्स ने यह भी तर्क दिया कि घर पर तीनों टाइम का खाना बनाने का सामान लाना और उसे पकाना भी कोई बहुत सस्ता या आसान काम नहीं है.
यह भी पढ़ें:- 30 हजार कमाने वाले Gen Z की Thar देख Boss होंडा सिटी ले आया, अगले दिन युवक रेंज रोवर में बैठकर आया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं