बिहार के जमुई जिले में एक नाबालिग से छेड़छाड़ के घिनौने वीडियो ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठे. विपक्ष सरकार पर हमलावर हो गया. पुलिस नाबालिग के साथ घिनौने हरकत करने वाले आरोपियों की तलाश में जुटी है. इस सब के बीच बिहार सरकार के एक मंत्री ने चौंकाने वाला बयान दे दिया. उन्होंने कहा कि ऐसी छिटपुट घटनाएं होती रहती हैं.
क्या है जमुई की घिनौनी घटना
19 सितंबर 2026 को जमुई शहर के रहने वाले दो नाबालिग छात्र-छात्रा स्कूटी से मड़वा पहाड़ इलाके में घूमने के लिए गए थे. वापस लौटते समय रास्ते में 8 से 10 लड़कों ने उन्हें रोक लिया. इसके बाद लड़कों ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी. एक युवक ने छात्रा घसीटा और उसे गलत तरीके से छुआ. छात्रा के साथ मौजूद छात्र ने उसे बचाने की कोशिश की तो युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. इसके बाद आरोपी छात्रा को गलत तरीके से छूते रहे. छात्रा मनचलों के सामने हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाते हुए छोड़ने की गुहार लगाते रहे, लेकिन आरोपी नहीं माने. मारपीट और बदसलूकी की हद पार करने के काफी देर बाद युवकों ने दोनों को छोड़ा.
घटना पर किसने क्या कहा?
यह 'संस्कृति' नहीं है, यह पितृसत्ता है- राहुल गांधी
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा- 'बिहार के जमुई का एक वीडियो बहुत बेचैन करने वाला है. 10वीं क्लास के छात्र और छात्रा को रास्ते में जबरदस्ती रोक लिया गया. उन्हें प्रताड़ित किया गया, अपमानित किया गया और छात्रा के साथ उत्पीड़न किया गया. बच्ची हाथ जोड़कर उसे जाने देने की विनती करती रही, मगर गुंडे उसे गलत तरीके से छूते और खींचतान करते रहे. यह 'संस्कृति' नहीं है, यह पितृसत्ता है, ये सोच कि किसी भी पुरुष का किसी लड़की के शरीर, उसके आने-जाने और उसकी पसंद-नापसंद पर नियंत्रण है'.
जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने कहा- घटना के लिए बिहार सरकार पूरी तरह से जवाबदेह है. मुख्यमंत्री अगर जवाब देने में विफल रहते हैं, तो हमारी पार्टी भूख हड़ताल करेगी. दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए.
पुलिस ने मामले में क्या कार्रवाई?
पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) और किशोर न्याय अधिनियमों के तहत केस दर्ज कर किया. इस मामले में अब नाबालिगों समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है. अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें...
कानून भी है, अधिकार भी.. फिर भी किसी के साथ घूमने पर क्यों होती है मॉरल पुलिसिंग?
पहाड़ पर घूमने गए थे लड़का-लड़की, पहले से घात लगाए बैठे थे आरोपी, जमुई कांड में बड़ा खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं