विज्ञापन

पोलैंड में रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच फंसा ट्रक, तेज रफ्तार ट्रेन ने 10 सेकंड में उड़ाए परखच्चे; देखें वीडियो

पोलैंड में रेलवे क्रॉसिंग पर फंसे एक ट्रेलर ट्रक को तेज रफ्तार ट्रेन ने टक्कर मार दी. हादसे के बाद ट्रेन में करीब 300 पैसेंजर सवार थे. गनीमत रही की सभी सुरक्षित बच गए. अब ड्राइवर को पुलिस ने पकड़ लिया है.

पोलैंड में रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच फंसा ट्रक, तेज रफ्तार ट्रेन ने 10 सेकंड में उड़ाए परखच्चे; देखें वीडियो
रेलवे ट्रैक पर फंसे ट्रेन के टकराते वक्त ली गई तस्वीर.
Gdansk Fire Department

Viral Video: पोलैंड (Poland) में गुरुवार को एक बड़ा रेल हादसा (Train Accident) हुआ. करीब 300 यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार इंटरसिटी ट्रेन रेलवे क्रॉसिंग पर फंसे एक ट्रक के ट्रेलर से जा टकराई. गनीमत यह रही कि इतनी भयानक टक्कर के बावजूद किसी की जान नहीं गई. इस हादसे का वीडियो पिछले 2 दिनों से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

कैसे हुआ यह हादसा?

RMF24 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह दुर्घटना दोपहर 2 बजे से ठीक पहले नीगोव्स्का स्ट्रीट (Niegowska Street) पर स्थित ग्दान्स्क लिप्स (Gdańsk Lipce) रेलवे क्रॉसिंग पर हुई. जब ट्रक क्रॉसिंग में घुसा, तब बैरियर नीचे आ रहे थे, जिससे उसका ट्रेलर बैरियर्स के बीच फंस गया. मौके पर मौजूद लोगों ने ड्राइवर को इशारा किया कि वह गाड़ी आगे बढ़ाकर बैरियर तोड़ दे और पटरियों से हट जाए. लेकिन ड्राइवर ने ऐसी कोई कोशिश नहीं की. कुछ ही सेकंड बाद वहां से गुजर रही गिडनिया से जिलोना गोरा जाने वाली ट्रेन ने ट्रक के पिछले हिस्से के परखच्चे उड़ा दिए.

एक्सीडेंट के बाद भी होश में था ट्रक ड्राइवर

ट्रक ड्राइवर हादसे के बाद पूरी तरह होश में था और खुद ही गाड़ी से बाहर निकल आया. ड्राइवर और कुछ यात्रियों ने घबराहट व बेचैनी की शिकायत की थी, जिसके बाद पैरामेडिक्स ने घटनास्थल पर ही उनकी जांच की. लेकिन किसी को भी एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाने की जरूरत नहीं पड़ी. पुलिस ने तुरंत ट्रेन के लोको पायलट और ट्रक ड्राइवर का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट किया, जिसमें पुष्टि हुई कि दोनों ने शराब नहीं पी थी. हालांकि, मेडिकल प्रोटोकॉल के तहत खून की जांच के लिए दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई.

279 ट्रेनें लेट हुईं, 35 लाख रुपये का नुकसान

इस एक्सीडेंट की वजह से रेलवे नेटवर्क पर भारी असर पड़ा. 279 ट्रेनें लेट हुईं, जिससे कुल 17,500 मिनट से ज्यादा की देरी हुई. 30 ट्रेनों को रूट के बीच में रद्द किया गया. 45 ट्रेनों को ग्दान्स्क ओल्स्ज़िंका स्टेशन के रास्ते डायवर्ट किया गया. इससे रेलवे को करीब 1,40,000 ज़्लॉटी (करीब 35 लाख रुपये) का नुकसान हुआ. रेलवे के अधिकारी ने कहा कि वे इस नुकसान की भरपाई के लिए आरोपी ड्राइवर पर मुकदमा करेंगे.

ट्रक ड्राइवर को हो सकती है 3 साल की जेल

हादसे के बाद प्रशासन ने कड़ा एक्शन लेते हुए 42 साल के आरोपी ट्रक ड्राइवर पर सड़क यातायात में गंभीर खतरा पैदा करने का मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी ड्राइवर ने अपना जुर्म कबूलने से इनकार कर दिया है, लेकिन उसने अपना बयान दर्ज करा दिया है. दोषी साबित होने पर उसे तीन साल तक की जेल हो सकती है.

ये भी पढ़ें:- इंस्टाग्राम से 1 महीने में 20 लाख कमाने वाली महिला का छलका दर्द, बोली- हर रात रोते हुए सोती हूं

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Poland, Train Accident,  viral Video, Railway Crossing, Train Hits Truck
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com