Viral Video: अमेरिका में 10 साल के शानदार कॉर्पोरेट करियर और एक सक्सेसफुल स्टार्टअप चलाने के बाद, एंटरप्रेन्योर अनिरुद्ध (Aniruddha) बड़े सपनों के साथ भारत लौटे थे. उन्हें लगा था कि अपने देश में काम करना आसान होगा, लेकिन सिस्टम की खामियों और धोखेबाजी के चलते उनके लगातार 3 स्टार्टअप पूरी तरह डूब गए. इस एक्सपीरियंस के बाद अनिरुद्ध ने जो सीखा, उसे एक वीडियो के जरिए दुनिया के समाने रखा है, ताकि विदेश छोड़कर भारत में बिजनेस करने की प्लानिंग कर रहे लोगों को उनकी स्टोरी से कुछ सीख मिल सके.
कौन-कौन से 3 बिजनेस किए?
इंस्टाग्राम (growwith_ani) पर 66 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स वाले अनिरुद्ध बताते हैं, 'मैं सबसे पहले बिल्डिंग मटीरियल की दुकान खोली. मेरा बैकग्राउंड कंस्ट्रक्शन का है, इसलिए यह सबसे सही पहला कदम लगा. मैंने ग्राहकों को सीमेंट और सरिया उधार पर दिया, जैसा कि यहां बिजनेस में होता है. मैंने सोचा नहीं था कि मुझे अपने ही पैसे के लिए पीछे भागना पड़ेगा. एक साल बाद पेमेंट पाने के लिए उसी व्यक्ति को 10 बार फोन करना. आखिरकार, जो पैसा मेरा ही था, उसके लिए खुद को बेइज्जत होते देख मैं थक गया. लोगों पर से भरोसा उठ गया. मैंने इसे बंद कर दिया.'
अनिरुद्ध आगे बताते हैं, 'इसके बाद मैंने इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी का काम शुरू किया. इसमें हम इंडस्ट्री और बड़े सरकारी-प्राइवेट प्रोजेक्ट्स पर काम करने लगे. हमें शहर की प्लानिंग के लिए ड्रोन सर्वे करने का सरकारी टेंडर मिला. इसे जी जान से पूरा करने के लिए मैंने और मेरी टीम ने अपना सब कुछ लगा दिया. लेकिन फिर एक दिन प्रोजेक्ट चुपचाप खत्म हो गया. जिस IAS अधिकारी को हमें टेंडर देना था, वह बस चुप हो गया. कोई सफाई नहीं. कोई नतीजा नहीं. बस गायब हो गया.'
तीसरा बिजनेस अनिरुद्ध ने FlyDining का इंदौर में शुरू किया, लेकिन प्रोसेस पर से उनका भरोसा उठ गया. वे बताते हैं, 'यह वाला बिज़नेस आसानी से चलने वाला था. लेकिन, करप्शन और लोकल लोगों की खुली ब्लैकमेलिंग की वजह से हमें 6 महीने में ही इसे बंद करना पड़ा.'
1 मिलियन लोगों ने देखा वीडियो
अनिरुद्ध की इस कहानी को इंस्टाग्राम पर करीब 1 मिलियन लोग देख चुके हैं और ये तेजी से वायरल हो रही है.
यहां देखें पूरा वीडियो:-
इन 3 नाकामियों से क्या सीखे अनिरुद्ध?
यूएस में करीब करोड़ रुपये का स्टार्टअप खड़ा करने वाले एंटरप्रेन्योर अनिरुद्ध जब भारत में 3 बार फेल हुए तो उन्होंने कहा, 'भारत उन लोगों के लिए नहीं बना है जो ईमानदारी और सम्मान के साथ बिजनेस करना चाहते हैं. यहां जीतने के लिए, अक्सर आपको ईमानदार होने से पहले चालाक होना पड़ता है. यही एक वजह है कि भारत एक गरीब देश है जहां अमीर लोग रहते हैं. सिस्टम गलत चीजों को इनाम देता है. मैं अभी भी इसलिए मुस्कुरा रहा हूं क्योंकि मेरा US वाला बिजनेस अभी भी चल रहा है और मुनाफा कमा रहा है, और इसी वजह से मैं भारत में तीन बार फेल होने के बाद भी मजबूती से खड़ा रह पाया. आज, मेरा भारत में कोई और बिजनेस शुरू करने का कोई प्लान नहीं है.'
ये भी पढ़ें:- आसमान के सबसे करीब बसा है भारत का कोमिक गांव, जहां पेड़ भी तोड़ देते हैं दम; गोबर के भरोसे कटती हैं रातें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं