विज्ञापन

जमुई कांड पर सांसद अरुण भारती सख्त, बोले- नाबालिगों के साथ मारपीट बेहद गंभीर, किसी को बख्शा नहीं जाएगा

जमुई में नाबालिगों के साथ मारपीट और कथित 'मोरल पुलिसिंग' की घटना पर सांसद अरुण भारती ने इसे बेहद गंभीर बताया है. उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.

जमुई घटना पर सांसद अरुण भारती का बयान सामने आया
NDTV
  • जमुई में नाबालिग लड़की और लड़के के साथ मारपीट की घटना पर सांसद अरुण भारती का बयान
  • पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर FIR दर्ज कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है
  • सांसद ने कहा कि घटना की राजनीति करने की बजाय दोषियों की गिरफ्तारी और पीड़ितों को न्याय देना प्राथमिकता

जमुई में नाबालिग लड़की और लड़के के साथ मारपीट और कथित 'मोरल पुलिसिंग' की घटना पर सांसद अरुण भारती ने गहरी चिंता जताई. NDTV से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र में इस तरह की घटना होना बेहद गंभीर और चिंताजनक है. पीड़ित दोनों बच्चे नाबालिग हैं. उन्होंने कहा कि जिस तरह से उनके साथ मारपीट की गई, वह स्वीकार्य नहीं है और पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है.

'सभी दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा'

सांसद अरुण भारती ने बताया कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद से वह लगातार पुलिस और जिला प्रशासन के संपर्क में हैं. उनके मुताबिक पुलिस ने तुरंत मामले का संज्ञान लेते हुए FIR दर्ज की और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है. बाकी आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है. उन्होंने भरोसा जताया कि सभी दोषियों को जल्द कानून के दायरे में लाया जाएगा.

'पीड़ितों को न्याय दिलाना प्राथमिकता'

कानून-व्यवस्था पर उठ रहे सवालों के बीच सांसद ने कहा कि इस घटना से प्रशासन की कोशिशों पर सवाल जरूर उठते हैं और समय-समय पर स्थिति की समीक्षा की जानी चाहिए. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन सक्रिय है और पूरे मामले पर नजर रखे हुए है. उन्होंने कहा कि घटना की राजनीति करने के बजाय प्राथमिकता सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ितों को न्याय दिलाने की होनी चाहिए.

उमेश कुशवाहा के बयान पर क्या बोले?

जदयू नेता उमेश कुशवाहा द्वारा घटना को 'छोटी-मोटी' बताए जाने संबंधी सवाल पर अरुण भारती ने साफ कहा कि किसी भी नागरिक को डराने, धमकाने या नुकसान पहुंचाने वाली आपराधिक घटना को छोटी घटना नहीं कहा जा सकता. उन्होंने कहा कि वह इस बयान का समर्थन नहीं करते और खुद को उससे पूरी तरह अलग करते हैं. उनके मुताबिक यह घटना बेहद गंभीर है और इसे उसी गंभीरता से देखा जाना चाहिए.

सांसद ने कहा कि उनकी प्राथमिकता अपने संसदीय क्षेत्र के नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति इस घटना में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि कानून से कोई नहीं बच सकता और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अपराधी चाहे कहीं भी छिपे, कानून आखिरकार उसके दरवाजे तक पहुंचेगा और दोष साबित होने पर उसे सख्त सजा मिलेगी.

यह भी पढ़ें:  जमुई घटना पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने बिहार के DGP से मांगी रिपोर्ट, सोशल मीडिया से वीडियो हटाने के निर्देश

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jamui, Jamui Bihar News, Jamui Viral Video, Jamui News, Bihar News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com