- शशिकांत पांडे ने मां के कैंसर से निधन के बाद करियर को छोड़ पिता के सपनों को पूरा करने का फैसला किया.
- अपने 80 वर्षीय पिता के साथ यात्रा शुरू की और पिता के जीवन का पहला हवाई सफर सोशल मीडिया पर साझा किया
- वीडियो में पिता की खुशी और आश्चर्य की झलक दिखाई दी, जब उन्होंने पहली बार हवाई जहाज को देखा और बादलों को निहारा
जब सिर से मां का साया उठ गया, तो शशिकांत पांडे नाम के एक शख्स को जिंदगी का सबसे बड़ा सच समझ में आया. उन्हें अहसास हुआ कि जिंदगी बहुत छोटी है और जिन अपनों से हम प्यार करते हैं, उनके साथ बिताए जाने वाले पलों को कल पर नहीं टाला जा सकता. बस फिर क्या था. मां को कैंसर की वजह से खोने के बाद, शशिकांत ने अपने करियर को टाटा-बाय बाय कह दिया. उनका सिर्फ एक ही मकसद था- अपने 80 साल के बूढ़े पिता के उन सपनों को सच करना, जिन्हें वो बरसों से अपनी आंखों में संजोए बैठे थे.
शशिकांत ने अपने बाबूजी के साथ घूमने का सफर शुरू किया. सोशल मीडिया पर उन्होंने एक बेहद खूबसूरत वीडियो शेयर किया है, जिसे देखकर किसी का भी दिल पसीज जाए.
इस वीडियो में उनके 80 साल के पिता जिंदगी में पहली बार हवाई जहाज पर चढ़ रहे हैं. जब बाबूजी ने पहली बार लोहे की उस विशाल चिड़िया को अपनी आंखों के सामने देखा, तो उनके चेहरे पर जो हैरानी और मासूम सी खुशी थी, उसकी कीमत करोड़ों रुपये से भी ज्यादा है.
वीडियो में दिख रहा है कि कैसे बाबूजी खिड़की वाली सीट पर बैठकर बच्चों की तरह बाहर के बादलों को निहार रहे हैं. उनकी आंखों की वो चमक सब बयां कर रही थी. इस वीडियो को शेयर करते हुए शशिकांत ने लिखा, "एक ऐसा सपना, जिसे सच होने में पूरे 80 साल लग गए."
इंटरनेट पर जिसने भी इस बाप-बेटे की जुगलबंदी को देखा, वो भावुक हो गया. लोग कह रहे हैं कि आज के जमाने में ऐसा श्रवण कुमार जैसा बेटा मिलना वाकई खुशनसीबी है. कुछ लोग तो इस वीडियो को देखकर अपने खुद के माता-पिता को हवाई सफर कराने की कसमें खाने लगे हैं.
वहीं लोगों ने इस बात की भी तारीफ की कि कैसे फ्लाइट के क्रू मेंबर्स ने बाबूजी का दिल से स्वागत किया और बाबूजी ने भी उतने ही प्यार से हाथ जोड़कर उनका अभिवादन स्वीकार किया.
वाकई, यह कहानी हमें याद दिलाती है कि करियर और पैसा तो पूरी उम्र कमाया जा सकता है, लेकिन माता-पिता का साथ और उनके चेहरे की ये बेफिक्र मुस्कान दोबारा नहीं लौटती.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं