विज्ञापन

'यह संस्कृति नहीं, पितृसत्ता है', जमुई में छात्रा से अभद्रता पर राहुल गांधी; आरोपियों पर POCSO लगाने की मांग

जमुई में छात्रा के साथ अभद्रता की घटना पर राहुल गांधी ने सरकार को घेरा है. उन्होंने कहा कि यह संस्कृति नहीं, पितृसत्ता है. उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

राहुल गांधी ने सवाल किया है कि अब तक आरोपियों को पकड़ा क्यों नहीं गया.
NDTV
नई दिल्ली:

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को बिहार के जमुई में छात्रा के साथ अभद्रता मामले पर चिंता जताई और कहा कि यह बहुत बैचेन करने वाला है. उन्होंने कहा कि जब नियंत्रण को ही संस्कृति मान कर 'अंधभक्त' ऐसी सोच को सामान्य ठहराते हैं, तो भीड़ को लगने लगता है कि वही कानून है.

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोमवार को X पर लिखा, 'बिहार के जमुई का एक वीडियो बहुत बेचैन करने वाला है. 10वीं क्लास के एक छात्र और छात्रा को रास्ते में जबरदस्ती रोक लिया गया. उन्हें प्रताड़ित किया गया, अपमानित किया गया और छात्रा के साथ उत्पीड़न किया गया. बच्ची हाथ जोड़कर उसे जाने देने की विनती करती रही, मगर गुंडे उसे गलत तरीके से छूते और खींचतान करते रहे.'

'यह संस्कृति नहीं, पितृसत्ता है'

उन्होंने सवाल किया कि इन लोगों को ऐसी बदतमीजी करने का हक किसने दिया? साथ ही, राहुल गांधी ने पोस्ट में लिखा, 'यह 'संस्कृति' नहीं है, यह पितृसत्ता है: ये सोच कि किसी भी पुरुष का किसी लड़की के शरीर, उसके आने-जाने और उसकी पसंद-नापसंद पर नियंत्रण है. जब नियंत्रण को ही संस्कृति मान कर 'अंधभक्त' ऐसी सोच को सामान्य ठहराते हैं, तो भीड़ को लगने लगता है कि वही कानून है.'

राहुल गांधी ने मांग की कि वीडियो में दिख रहे हर व्यक्ति की पहचान होनी चाहिए और उन अपराधियों पर पोक्सो के तहत मुकदमा चलाकर उन्हें जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए.

उन्होंने फिर से सवाल उठाते हुए कहा कि अगर ये घटना 19 सितंबर की है तो गुनहगार अब तक सलाखों के पीछे क्यों नहीं हैं? बिहार सरकार जवाब दे कि शाम 7 बजे कोई लड़की राज्य की सड़कों पर सुरक्षित क्यों नहीं है?

यह भी पढ़ेंः जमुई में दोस्त के साथ घूम रही नाबालिग को लड़कों ने घेरकर छेड़ा, पीटा, वीडियो वायरल होने पर चार गिरफ्तार

पुलिस ने दर्ज किया केस

जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि 19 सितंबर की घटना है और इस मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है. उन्होंने कहा कि पुलिस जांच कर रही है. मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है.

जानकारी के अनुसार, दोनों नाबालिग 10वीं कक्षा के छात्र-छात्रा हैं और जमुई शहर के रहने वाले हैं. दोनों शनिवार को कोचिंग करने के बाद स्कूटी से मड़वा पहाड़ घूमने गए थे. 

दोनों जब लौट रहे थे, उसी दौरान सड़क पर कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया. इसके बाद उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया. इसी दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया. वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला सामने आया.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi, Jamui, Bihar Viral Video, Jamui News, Bihar News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com