- कर्नाटक के कोप्पल शहर में लंगूर का धक्का लगने से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई.
- महिला जब अपने घर के आंगन में टहल रही थी तभी अचानक से लंगूर ने उन्हें धक्का मार दिया.
- घटना का सीसीटीवी सामने आया है, जिसमें लंगूर महिला को धक्का मारते दिख रहा है.
कर्नाटक के कोप्पल शहर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 91 साल की एक बुजुर्ग महिला शाम के वक्त अपने घर के आंगन में टहल रही थी. तभी एक लंगूर आया और उसने महिला को धक्का मार दिया. धक्का लगते ही वह नीचे गिरी और फिर नहीं उठ पाई. यह पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई. घटना के बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया लेकिन यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. महिला को परिजनों ने बताया कि जिस वक्त यह घटना हुई तब वह आंगन में अकेली थी. ऐसे में लंगूर को देखकर वह तेजी से हट नहीं पाई.
प्रसिद्ध लेखक की पत्नी थी नजमुन्निसा बेगम
मृतक महिला की पहचान 91 साल नजमुन्निसा बेगम के रूप में हुई है, जो क्षेत्र के प्रसिद्ध लेखक एम.एस. सवदत्ती की पत्नी थीं. जानकारी के मुताबिक नजमुन्निसा बेगम रोज की तरह अपने घर के आंगन में टहल रही थीं. इसी दौरान एक लंगूर अचानक दीवार फांदकर परिसर के अंदर आया. इससे पहले कि बुजुर्ग महिला कुछ समझ पातीं या खुद को संभाल पातीं, लंगूर ने उन पर सीधे झपट्टा मारा और उन्हें जोर से धक्का दे दिया. धक्का इतना जोरदार था कि वह अनियंत्रित होकर कंक्रीट के फर्श पर गिर गईं. सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि जैसे ही बुजुर्ग महिला जमीन पर गिरती हैं, उनके चीखने की आवाज सुनकर उनकी बेटी तुरंत घर से बाहर दौड़ती है. लेकिन बेटी ने जैसे ही अपनी मां को उठाने और बंदर को भगाने की कोशिश की तो लंगूर ने उन पर भी हमला कर दिया.
लंगूर से इलाके के लोग परेशान
किसी तरह उन्होंने लंगूर को भगाया और मां को उठाकर अंदर ले गई. गिरने के कारण बुजुर्ग महिला को गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद उन्हें तुरंत शहर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया. लेकिन यहां उनकी मौत हो गई. इस घटना को लेकर बी.टी. पाटील नगर और आसपास के इलाकों के नागरिकों में भारी गुस्सा है. उनका कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से बंदरों और लंगूरों का आतंक है. लेकिन प्रशासन इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा.
ये भी पढे़ंः IIT बॉम्बे ने मांगी माफी, साहिल की मौत मामले में अपने पहले बयान को बताया गलत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं