- बिहार के जमुई जिले में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित अभद्र व्यवहार के मामले में पुलिस ने तीन गिरफ्तार
- राष्ट्रीय महिला आयोग ने डीजीपी को पत्र लिखकर जांच का निर्देश दिया है
- महिला आयोग वायरल वीडियो की आगे शेयरिंग रोकने के आदेश दिए हैं
बिहार के जमुई जिले में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किए जाने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. घटना जमुई टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा गांव की बताई जा रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी. मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग और राज्य महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है. NCW ने इस मामले में बिहार के डीजीपी से रिपोर्ट मांगी है.
महिला आयोग ने लिया संज्ञान
राष्ट्रीय महिला आयोग ने बिहार के जमुई जिले में एक युवती और उसके पुरुष साथी के साथ कथित सार्वजनिक छेड़छाड़, मारपीट, जबरन रोकने एवं उत्पीड़न की घटना का संज्ञान लिया है. NCW ने एक्स पर लिखा, 'मीडिया रिपोर्ट्स और वायरल वीडियो के अनुसार, कुछ लोगों ने रात में दोनों को घेरकर युवती को पकड़ने, खींचने और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया, जबकि उसके साथी के साथ भी मारपीट की गई.
आयोग की अध्यक्ष विजया राहतकर ने बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र लिखकर मामले में तत्काल FIR, वीडियो फुटेज के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने को कहा है.

आयोग ने पीड़ितों को सुरक्षा, कानूनी सहायता, मनोवैज्ञानिक परामर्श और सोशल मीडिया पर वायरल आपत्तिजनक वीडियो की आगे की शेयरिंग पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. अध्यक्ष ने 7 दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) भी मांगी है.
इसके अलावा बिहार महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में जमुई के जिलाधिकारी से बात की है. जिलाधिकारी ने उन्हें बताया कि घटना लखीसराय और जमुई की सीमा के पास शाम के समय हुई थी और यह 19 सितंबर की घटना है. उन्होंने बताया कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर ली गई है और FIR भी दर्ज की गई है. उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि सोमवार शाम तक मामले में हुई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी.
महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि वह इस मामले में जमुई के पुलिस अधीक्षक को भी पत्र भेजेंगी और घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई की जानकारी लेंगी. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है.

क्या है मामला?
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि बाइक सवार लड़के और लड़की को कुछ लोग रास्ते में रोक लेते हैं. वीडियो में लड़की के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किए जाने का दृश्य दिखाई देता है. लड़की वहां मौजूद लोगों से हाथ जोड़कर उन्हें जाने देने की अपील करती नजर आ रही है. वह कहती सुनाई देती है, "बच्चा हैं, जाने दीजिए. अब कभी नहीं आएंगे." इस दौरान मौके पर कई अन्य लोग भी मौजूद दिखाई दे रहे हैं.
पुलिस ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार
जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने बताया कि पुलिस को घटना से संबंधित वीडियो मिले थे. वीडियो के आधार पर पीड़िता की पहचान की गई और उसका बयान दर्ज किया गया. पुलिस के अनुसार, पीड़िता के बयान से पता चला कि घटना 19 सितंबर की शाम करीब सात बजे की है. एसपी ने बताया कि वीडियो के फ्रेम में छह-सात लोग दिखाई दे रहे हैं. इनमें से कुछ लोगों की पहचान पुलिस ने कर ली थी.
पुलिस ने मामले में FIR दर्ज करने के बाद तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस आगे की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे.
यह भी पढ़ें: जमुई में दोस्त के साथ घूम रही नाबालिग को लड़कों ने घेरकर छेड़ा, पीटा, वीडियो वायरल होने पर चार गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं