Viral Video: पिछले 15 साल से अमेरिका में रह रहे डिजिटल कंटेंट क्रिएटर नितिन मल्होत्रा (NRI Nitin Malhotra) ने अपनी कमाई की तुलना भारत में मिलने वाली सैलरी (Salary) से करके सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है. उनका कहना है कि यूएस में 1 करोड़ कमाने के बाद भी वो इतने पैसे नहीं बचा पा रहे हैं, जितने वे भारत में 25 लाख रुपये की सैलरी में बचा लेते थे. इसे साबित करने के लिए उन्होंने अपने खर्चे का पूरा ब्योरा भी दिया है, ताकि लोग आसानी से समझ सकें कि कैसे घर, टैक्स, इंश्योरेंस और रोजमर्रा के खर्च उनकी डिस्पोजेबल इनकम को काफी कम कर देते हैं.
समझें कहां खर्च होते हैं 8000 डॉलर
इंस्टाग्राम (desidadinamerica) पर शेयर किए गए 1 मिनट 17 सेकंड के इस वीडियो में मल्होत्रा बताते हैं, 'मैं 8000 डॉलर कमाता हूं. इसमें से लगभग 2500 डॉलर होम लोन में चला जाता है. करीब 1500 डॉलर टैक्स में कट जाते हैं. करीब 500 डॉलर दोनों कारों के इंश्योरेंस में चले जाते हैं. 500 रुपये फैमिली हेल्थ इंश्योरेंस पर खर्च होते हैं. 1000 से 1200 डॉलर हमारे खाने-पीने में खर्च हो जाते हैं. इसके बाद 500 से 800 डॉलर एक्सट्रा खर्चों में खत्म हो जाते हैं. ये सारे खर्च काटने के बाद हाथ में 1000 या 1200 डॉलर ही बचते हैं जो मंथली सेव हो पाते हैं.'
यहां देखें पूरा वीडियो:-
इंडिया में बचा जाती थी आधी सैलरी
मल्होत्रा बताते हैं कि फिलहाल उनकी पत्नी जॉब नहीं कर रही हैं, इसलिए बच्चों के डे-केयर का खर्च बचा हुआ है. अगर वो भी काम करने लगें, तो खर्चे काफी बढ़ जाएंगे. भारत के दिनों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि वहां वे सालाना 25 लाख (करीब 2.5 लाख रुपये महीना) कमाते थे. 30 हजार रुपये किराये और बाकी मामूली खर्चों के बाद भी, वो हर महीने अपनी आधी सैलरी यानी 1 से सवा लाख रुपये आसानी से बचा लेते थे.
इंटरनेट पर लोगों की अलग-अलग राय
उनकी इस बात पर सोशल मीडिया पर यह बहस छिड़ गई कि ज्यादा सैलरी का मतलब हमेशा ज्यादा बचत नहीं होता. इस पर एक यूजर ने लिखा कि अमेरिका बेशक महंगा है. वहां बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर, करप्शन फ्री सिस्टम और शानदार इमरजेंसी सेवाएं तो हैं, लेकिन नौकरी जाने का डर हमेशा सताता है. भारत में कम पैसों में भी गुजारा हो सकता है, लेकिन अमेरिका में नहीं.
वहीं, एक दूसरे शख्स का मानना था कि भारत और अमेरिका की लाइफस्टाइल की तुलना करना ही गलत है. अगर मल्होत्रा की पत्नी भी वहां जॉब करने लगें, तो वे अमेरिका में भी अच्छी-खासी बचत कर पाएंगे.
ये भी पढ़ें:- ब्रिटिश महिला ने असम में चखा भारत की सबसे महंगी चाय का स्वाद, बोलीं- 'सोचा था ये पिघले सोने जैसी होगी'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं