VIRAL VIDEO: अमेरिका में ट्रेन का 51 घंटे का सफर, टिकट की कीमत करीब 87 हजार रुपये और लेट होने का ऐसा रिकॉर्ड कि भारतीय ट्रेनें भी पीछे छूट जाएं! यूट्यूबर रौनक साहनी ने अमेरिका की मशहूर ट्रेन साउथवेस्ट चीफ में सफर किया. मंकी मैजिक नाम से यूट्यूब चैनल चलाने वाले रौनक को गूगल ने अमेरिका बुलाया था, लेकिन उन्होंने अपने स्टे को आगे बढ़ाकर इस ट्रिप को एक शानदार हॉलिडे में बदल लिया. इस दौरान उन्होंने ट्रेन में मिलने वाली लग्जरी सुविधाओं से लेकर इसकी लेटलतीफी तक का अनुभव किया. यह कहानी है अमेरिका की दूसरी सबसे लंबी दूरी तय करने वाली ट्रेन में यात्रा करने के अनुभव की.
यह ट्रेन अमेरिका में शिकागो से लॉस एंजिल्स के बीच चलने वाली साउथवेस्ट चीफ है. उनका यह सफर लॉस एंजिल्स के यूनियन स्टेशन से शुरू हुआ, जो 43 घंटे बाद शिकागो पहुंचकर खत्म होना था. हालांकि, यह ट्रेन तो लेट होने के मामले में भारतीय ट्रेनों को भी पीछे छोड़ती दिखी.
नोट- साउथवेस्ट चीफ को एमट्रैक कंपनी ऑपरेट करती है.
क्यों खास है यह ट्रेन?
यूट्यूबर ने जुलाई में पोस्ट किए गए 2.5 मिलियन से अधिक व्यू वाले अपने ब्लॉग में दिखाया कि ट्रेन में अपनी सीट पर बैठते ही फ्लाइट की तरह होस्टेस आती है. आपकी सीट के पास बटन भी होता है, जिससे आप जब चाहें उसे बुला सकते हैं. इस ट्रेन के सफर में 900 डॉलर के टिकट में आपको ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर मिलता है. आप जब चाहें अल्कोहलिक और नॉन-अल्कोहलिक ड्रिंक्स ले सकते हैं. यह सब बिना किसी एक्स्ट्रा चार्ज के है. ऐसा नहीं है कि आप अपना खाना अपनी सीट पर खाएंगे. ट्रेन में स्पेशल डाइनिंग कार होती है, एकदम किसी फैंसी होटल की तरह. सभी यात्री वहीं आकर खाना खाते हैं.
इस ट्रेन में शानदार शावर का इंतजाम है. रौनक ने बीच में यह भी बताया कि यह ट्रेन अपने सफर में तीन घंटे लेट हो चुकी थी. सफर इतना लंबा होता है कि खास शहरों में यह ट्रेन 40 मिनट का ब्रेक भी लेती है. लोग बाहर जाते हैं और खा-पीकर आते हैं. आखिर में इस ट्रेन को दोपहर 2 बजे शिकागो पहुंचना था, लेकिन यह रात 9:30 बजे के आसपास पहुंची. यानी यह ट्रेन लगभग 7.5 घंटे लेट हुई. आखिर में रौनक ने कहा कि हमें यह सब देखते हुए भारतीय ट्रेनों की बुराई थोड़ी कम करनी चाहिए. कुल मिलाकर, रौनक ने इस ट्रेन में 51 घंटे का सफर किया.
क्या यूट्यूबर के साथ भेदभाव हुआ?
इस यूट्यूबर को यह भी शक था कि कहीं उसके साथ बातों ही बातों में नस्लभेद तो नहीं हुआ. दरअसल, लॉस एंजिल्स के यूनियन स्टेशन को मैनेज करने वाले एक कर्मचारी से रौनक ने पूछा कि शिकागो जाने वाली ट्रेन किस प्लेटफॉर्म पर आएगी. इस पर जवाब मिला कि 12 नंबर प्लेटफॉर्म पर. जवाब जानने के बाद जब रौनक मुड़े, तो उस कर्मचारी ने खुद ही मान लिया कि यूट्यूबर ने पक्का सीटिंग बोगी का टिकट लिया होगा और उन्हें दूसरे रास्ते से 12 नंबर प्लेटफॉर्म पर जाने को कहा.
हालांकि, रौनक ने स्लीपर क्लास (रूमेट) का टिकट लिया था और उन्हें इस बात का बुरा लगा कि कर्मचारी ने खुद ही मान लिया कि उन्होंने सीटिंग बोगी का टिकट लिया है. इतना ही नहीं, कर्मचारी ने उन्हें टोककर दूसरे रास्ते से प्लेटफॉर्म पर जाने को भी कहा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं