Longest Kiss World Record: इश्क का खुमार जब चढ़ता है...तो इंसान रिकॉर्ड दर रिकॉर्ड तोड़ देता है, लेकिन जब वही इश्क उतरता है...तो दिल के हजार टुकड़े हो जाते हैं. कुछ ऐसा ही हुआ है थाईलैंड के उस मशहूर जोड़े के साथ, जिन्होंने अपनी 'किस' से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की किताब में अपना नाम सुनहरे अक्षरों से दर्ज कराया था. एक्काचाई और लकसाना तिरानरात (Ekkachai and Laksana Tiranarat split), जिन्हें दुनिया उनकी अटूट मोहब्बत के लिए जानती थी, अब एक दशक से ज्यादा वक्त साथ गुजारने के बाद अलग हो चुके हैं. इनकी इस खबर ने सोशल मीडिया पर उनके फैंस को गहरा सदमा दिया है.
ये भी पढ़ें:-VIDEO: शादियों का नया 'भौकाल', मेहमानों को मिली VIP सर्विस! प्रेस, हेयरकट और जूता पॉलिश तक हर चीज का काउंटर
रिकॉर्ड तोड़ मोहब्बत का अफसोसजनक अंत (58 hour kiss couple)
साल 2013 की बात है, जब इस जोड़े ने लगातार 58 घंटे, 35 मिनट और 58 सेकंड तक किस करके पूरी दुनिया को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया था. उन्होंने अपना ही 2011 का 46 घंटे वाला पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त किया था. हालांकि, बाद में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इस कैटेगरी को ही बंद कर दिया था, लेकिन इनकी दास्तान लोगों की जुबान पर हमेशा रही. अब खबर आ रही है कि 2025 की शुरुआत में ही दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला कर लिया है.
म्यूचुअल रिस्पेक्ट और बच्चों की परवरिश पर जोर (Mutual Respect and Co-Parenting Future Plans)
हैरानी की बात ये है कि इतने सालों के साथ के बाद भी इनके बीच कोई कड़वाहट नहीं है. रिपोर्टों की मानें तो दोनों आज भी एक-दूसरे की इज्जत करते हैं और मिलकर अपने बच्चों की परवरिश करने का इरादा रखते हैं. सोशल मीडिया पर लोग अपनी हैरानी जताते हुए लिख रहे हैं कि 'जब इतने लंबे वक्त तक साथ रहने वाले अलग हो सकते हैं, तो फिर सच्चे प्यार पर यकीन कैसे करें?' वाकई, ये खबर उन आशिकों के लिए किसी सबक से कम नहीं, जो समझते हैं कि सिर्फ रिकॉर्ड बनाने से रिश्ते निभ जाते हैं.
ये भी पढ़ें:-'कलयुग' में श्रवण कुमार जैसे भाई! बहन की वफादारी का दिया ऐसा सिला, देख रो पड़ा पूरा इंटरनेट
कहते हैं न कि वक्त से बड़ा मरहम और वक्त से बड़ा कातिल कोई नहीं होता. कभी दुनिया को प्यार की नई परिभाषा सिखाने वाला ये जोड़ा आज अपनी नई और अलग जिंदगी की शुरुआत कर रहा है.
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल खबर के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं