Virat Kohli Fourteen Thousand T20 Runs Record, RCB vs KKR IPL 2026: विराट कोहली के बल्ले से निकले एक और ऐतिहासिक शतक (Virat Kohli Century vs KKR) के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने आईपीएल 2026 के 57वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 6 विकेट से धूल चटा दी. इस धमाकेदार जीत के साथ ही आरसीबी की टीम अंक तालिका (Points Table) में सबसे ऊपर पहुंच गई है. केकेआर से मिले बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने 19.1 ओवर में ही मैच अपने नाम कर लिया.
विराट कोहली ने रचा 'विराट' इतिहास
जीत के साथ ही किंग कोहली ने क्रिकेट इतिहास में एक और बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है. विराट कोहली अब टी20 क्रिकेट में 14,000 रन बनाने वाले दुनिया के चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं. खास बात यह है कि उन्होंने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए विश्व के तमाम दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है. कोहली ने टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 14 हजार रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया है.
सबसे कम पारियों में 14000 टी20 रन
विराट कोहली - 409 पारियां
क्रिस गेल - 423 पारियां
डेविड वॉर्नर - 431 पारियां
जॉस बटलर - 468 पारियां
एलेक्स हेल्स - 505 पारियां
कीरोन पोलार्ड - 633 पारियां
सलामी जोड़ी ने दी ठोस शुरुआत
बड़े टारगेट के सामने आरसीबी को जैकब बेथेल और विराट कोहली की सलामी जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई. दोनों ने मिलकर शुरुआती 20 गेंदों में ताबड़तोड़ 37 रन जोड़े. बेथेल के आउट होने के बाद कोहली को देवदत्त पड्डिकल का साथ मिला. दोनों ने मिलकर केकेआर के गेंदबाजों की रिमांड ली और 59 गेंदों में 92 रनों की शानदार साझेदारी करके जीत की नींव रख दी.
पड्डिकल 27 गेंदों में 7 चौके लगाकर 39 रन पर पवेलियन लौटे. इसके बाद कोहली ने कप्तान रजत पाटीदार (11 रन) के साथ 28 रन और टिम डेविड (2 रन) के साथ 23 रन जोड़े. हालांकि, ये बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं सके, लेकिन कोहली एक छोर पर अंगद की तरह पैर जमाए खड़े रहे.विराट का 9वां आईपीएल शतकएक तरफ विकेट गिरते रहे, लेकिन विराट कोहली ने अपना आक्रामक रुख नहीं छोड़ा.
उन्होंने महज 58 गेंदों में अपना 9वां आईपीएल शतक पूरा किया. कोहली ने 60 गेंदों का सामना करते हुए 105 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 11 गगनचुंबी चौके और 3 कड़क छक्के शामिल रहे. केकेआर की तरफ से कार्तिक त्यागी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए, जबकि सुनील नरेन को 1 सफलता मिली, लेकिन वे आरसीबी को जीतने से नहीं रोक सके.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं