विज्ञापन

इंडिगो फ्लाइट में फैमिली ने खोला 'ढाबा'! Video देख भड़के लोग बोले- इन्हें बैन कर दो

Indian family eating thepla on flight: इंडिगो फ्लाइट में ढोकला-थेपला बांटते और खाते भारतीय परिवार का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है. 30 हजार फीट पर खुली इस 'देसी रसोई' ने सोशल मीडिया को सिविक सेंस और अपनेपन की तीखी बहस में बांट दिया है.

इंडिगो फ्लाइट में फैमिली ने खोला 'ढाबा'! Video देख भड़के लोग बोले- इन्हें बैन कर दो

सोचिए, आप 30 हजार फीट की ऊंचाई पर एक फ्लाइट में सफर कर रहे हों और अचानक आपको लगे कि आप किसी सुपरफास्ट ट्रेन के स्लीपर या एसी कोच में बैठे हैं. जहां चारों तरफ टिफिन के डिब्बे खुल रहे हों, एक-दूसरे को ढोकला और थेपला थमाया जा रहा हो और पूरा कुनबा सफर का पूरा मजा ले रहा हो. जी हां, सोशल मीडिया पर इंडिगो (IndiGo) की फ्लाइट का एक ऐसा ही वीडियो इस वक्त वायरल हो रहा है, जिसने इंटरनेट को दो गुटों में बांट दिया है.

हवा में खुली 'देसी रसोई': वीडियो में क्या है?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक बड़ा भारतीय परिवार नजर आ रहा है. सफर लंबा था या छोटा, लेकिन तैयारी पूरी देसी अंदाज में थी. घर से बने ढोकले, थेपले और तरह-तरह के स्नैक्स के डिब्बे खुले हुए हैं. एक महिला हाथ में प्लेट लेकर पूरे परिवार में खाना बांटती दिख रही है. लोग खड़े होकर एक-दूसरे को प्लेटें थमा रहे हैं, बातचीत चल रही है और हंसी-मजाक का दौर जारी है. ठीक वैसे ही, जैसे हम और आप अक्सर भारतीय ट्रेनों में सफर के दौरान देखते हैं. हालांकि, परिवार ने जिम्मेदारी दिखाते हुए इस्तेमाल की गई प्लेटों और कटलरी को फेंकने के लिए एक बड़ा कचरे का बैग भी साथ रखा हुआ था. 

सोशल मीडिया पर मचा बवाल 

जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, इंटरनेट पर 'सिविक सेंस' (नागरिक शिष्टाचार) को लेकर एक बड़ी बहस छिड़ गई. वीडियो पोस्ट करने वाले यूजर ने नाराजगी जताते हुए लिखा, "हमारे यहां सिविक सेंस की भारी कमी है. उड़ती फ्लाइट में कैफेटेरिया खोल दिया. 15 लोग मिलकर केबिन में प्लेटें लेकर घूम रहे हैं. दिक्कत सिर्फ खाने की नहीं, बल्कि बंद फ्लाइट में खाने की महक की है जो बाकी यात्रियों को परेशान कर सकती है." एक यूजर ने तो यहां तक कह दिया, "इन्हें कम से कम एक साल के लिए 'नो फ्लाई लिस्ट' में डाल देना चाहिए. दुनिया में हमारा मजाक बन रहा है." वहीं एक ने तंज कसते हुए लिखा, "बड़ी शर्म की बात है, फ्लाइट का पूरा गलियारा खाली था, वहां गरबा भी कर लेते!"

परिवार के समर्थन में उतरे लोग

लेकिन तस्वीर का दूसरा पहलू भी है. कई लोगों ने इस परिवार का खुलकर बचाव किया और आलोचकों को आड़े हाथों लिया. एक यूजर ने लिखा, "फ्लाइट में घर का खाना ले जाने की पूरी इजाजत है, तो इन्होंने कौन सा नियम तोड़ा? और रही बात महक की, तो क्या एयरलाइंस जो खाना परोसती हैं उसमें से खुशबू नहीं आती? इस हीनभावना (Inferiority Complex) से बाहर निकलिए." एक अन्य यूजर ने भावुक होते हुए लिखा, "जब आप किसी परिवार को साथ बैठकर हंसते-मुस्कुराते और घर का खाना खाते देखते हैं, तो जलन के बजाय अपनों की याद आना स्वाभाविक है."

कुल मिलाकर यह वीडियो इस वक्त इंटरनेट पर चर्चा का सबसे बड़ा विषय बना हुआ है. एक तरफ वो लोग हैं जिनका मानना है कि फ्लाइट में एक शांत और अनुशासित माहौल होना चाहिए ताकि दूसरों को परेशानी न हो. वहीं दूसरी तरफ वो लोग हैं जो कहते हैं कि अगर नियम नहीं टूटे और गंदगी नहीं फैलाई गई, तो परिवार के साथ घर का खाना खाने में कोई बुराई नहीं है. इस पूरे मामले पर आपकी क्या राय है? क्या हवाई सफर में ऐसा देसी अंदाज सही है या फिर शिष्टाचार के दायरे में रहना जरूरी है?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Viral Flight Video, Offbeat Story, IndiGo Flight, Viral Video Social Media
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com