- लंदन से ढाका जा रही फ्लाइट में भिड़े दो यात्री, VIDEO वायरल
- बीच उड़ान में जमकर चले मुक्के, केबिन क्रू ने संभाला मामला
- बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस की फ्लाइट में फैली दहशत
बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस की लंदन से ढाका जा रही एक उड़ान में दो यात्रियों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि दोनों यात्रियों के बीच पहले बहस हुई, जो बाद में शारीरिक झगड़े में बदल गई. घटना से विमान में मौजूद अन्य यात्रियों, खासकर बच्चों और बुजुर्गों में घबराहट फैल गई. वायरल वीडियो में दोनों यात्रियों को एक-दूसरे पर हमला करते देखा जा सकता है. बाद में केबिन क्रू और अन्य यात्रियों ने हस्तक्षेप कर हालात को नियंत्रण में किया और दोनों को अलग कराया.
पहले देखिए वायरल VIDEO
🔴#BREAKING | बांग्लादेश जा रहे विमान में 3 यात्रियों के बीच मारपीट, सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद#BangladeshFlight | #TabishHussainNDTV @tabishh_husain pic.twitter.com/gYy3GcI8EK
— NDTV India (@ndtvindia) September 18, 2026
उड़ान के दौरान बढ़ा विवाद
ढाका ट्रिब्यून (Dhaka Tribune) की रिपोर्ट के अनुसार, बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस की उड़ान में सफर कर रहे दो पुरुष यात्रियों के बीच पहले कहासुनी हुई. कुछ समय बाद विवाद बढ़ गया और दोनों एक-दूसरे से उलझ पड़े. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों यात्रियों के बीच हाथापाई शुरू हो गई. इससे विमान के अंदर तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई.
वायरल वीडियो में दिखी हाथापाई
इस घटना का जो वीडियो सामने आया है उसमें दोनों यात्रियों को पहले बहस करते और फिर एक-दूसरे पर हाथ उठाते देखा जा सकता है. वीडियो में दोनों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट होती दिखाई देती है. हाथापाई के दौरान एक यात्री की टी-शर्ट भी फट गई.
यात्रियों में दहशत
उड़ान के दौरान हुई इस घटना से अन्य यात्री परेशान हो गए. विमान में मौजूद बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों के बीच भी डर और घबराहट का माहौल बन गया. बताया गया कि विवाद बढ़ने के साथ ही यात्रियों का ध्यान उसी ओर केंद्रित हो गया और कुछ समय के लिए केबिन में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई.
केबिन क्रू ने संभाला मोर्चा
जैसे ही केबिन क्रू की नजर इस झगड़े पर पड़ी, कर्मचारियों ने तुरंत बीच-बचाव किया. एयरलाइन के अनुसार, क्रू मेंबर्स ने अन्य यात्रियों की मदद से दोनों लोगों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रण में लाया. इसके बाद उड़ान सामान्य रूप से जारी रही.
एयरलाइन ने नहीं बताई विवाद की वजह
बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस के पब्लिक रिलेशन विभाग से जुड़े अधिकारियों ने घटना की जानकारी मिलने की पुष्टि की है, लेकिन अभी तक विवाद के कारणों का खुलासा नहीं किया है. एयरलाइन की ओर से यह भी स्पष्ट नहीं किया गया कि दोनों यात्रियों के बीच झगड़ा किस बात पर शुरू हुआ था.
यह भी पढ़ें : प्लेन में सीट पर पुरुष पैसेंजर्स से भिड़ी महिला, बेटे ने किया मना तो उसे भी पीट डाला, देखें वायरल Video
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं