Watermelon foam viral video: गर्मियों की दोपहर और ठंडा-मीठा तरबूज...सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है न? लेकिन, थोड़ा संभल जाइए. बाजार में बिकने वाला हर लाल तरबूज मिठास की गारंटी नहीं, बल्कि सेहत के लिए 'खतरे की घंटी' भी हो सकता है. आजकल सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब गर्दिश में है, जिसमें तरबूज को काटते ही उसमें से सफेद झाग और बुलबुले निकलने लगते हैं. लोग इसे 'कैल्शियम कार्बाइड' का कमाल बता रहे हैं. ये वही खतरनाक केमिकल है, जिसे फल पकाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है. अगर आप भी ऐसा तरबूज घर लाए हैं, जिससे अजीब सी महक आ रही हो या काटते ही झाग निकले, तो समझ लीजिए कि वो कुदरती तौर पर नहीं, बल्कि रसायनों के इंजेक्शन से ताजा किया गया और पकाया जा रहा है. वीडियो के मुताबिक, ये जहर सीधे आपके पेट और त्वचा पर हमला करता है.

Photo Credit: pexels
सेहत से खिलवाड़ और मुनाफे का खेल (Health Risks of Artificially Ripened Fruits)
देसी भाषा में कहें तो ये 'मौत का सामान' है. तरबूज को गहरा लाल दिखाने के लिए अक्सर 'एरिथ्रोसिन' जैसी डाई का इस्तेमाल होता है. दुकानदार चंद रुपयों के लालच में आपकी सेहत के साथ ऐसा खिलवाड़ करते हैं कि, सीधे अस्पताल का चक्कर लग सकता है. कैल्शियम कार्बाइड से पके फल खाने से सिरदर्द, चक्कर आना और यहां तक कि पेट की गंभीर बीमारियां हो सकती हैं. अगर तरबूज काटने पर अंदर से जरूरत से ज्यादा लाल दिखे और उसके बीच में बड़ी दरारें (Cracks) हों, तो समझ जाइए कि दाल में कुछ काला है.
ये भी पढ़ें:-15 हजार में चाहिए था घर, मांगा 50 हजार का किराया...इस महिला का वीडियो देख आप भी कहेंगे- ये तो ज्यादती है
असली और नकली की पहचान कैसे करें? (How to identify original vs chemical Watermelon)
अब सवाल ये है कि बेचारा आम आदमी करे तो क्या करे? पहचान का तरीका बहुत आसान है. तरबूज खरीदते वक्त देखें कि उस पर एक तरफ हल्का पीला धब्बा (Field Spot) है या नहीं. अगर पूरा तरबूज एक ही जैसा हरा और चमकता हुआ है, तो मुमकिन है कि उसे केमिकल से चमकाया गया है. साथ ही, तरबूज को काटने के बाद उसे पानी में डालकर देखें. अगर पानी तुरंत लाल हो जाए, तो समझो इसमें रंग मिलाया गया है.

Photo Credit: pexels
असली तरबूज अपना रंग इतनी जल्दी नहीं छोड़ता. लालच और मिलावट के इस दौर में अपनी आंखों को खुला रखना ही समझदारी है. फल खाइए, पर जरा परख कर. सेहत है तो सब है, वरना ये रसीला तरबूज आपकी मुश्किल बढ़ा सकता है. अगली बार ठेले पर जाएं, तो सिर्फ 'लाली' न देखें, उसकी 'खालिस' क्वालिटी भी चेक करें.
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं