Eid Drinks Recipes: ईद-उल-अजहा खुशियों, मेल-मिलाप और लजीज पकवानों का त्योहार है. बिरयानी, कबाब, कोरमा और मीठी सेवइयों से सजी दावत हर किसी को अट्रैक्ट करती है. लेकिन, इस बार ईद ऐसे मौसम में आ रही है जब देश के कई शहर भीषण गर्मी की चपेट में हैं. ऐसे में भारी और मसालेदार भोजन शरीर को थका सकता है और डिहाइड्रेशन की समस्या बढ़ा सकता है. इसलिए जरूरी है कि त्योहार के मेन्यू में कुछ ऐसी चीजें भी शामिल हों जो शरीर को ठंडक और ताजगी दें. ठंडी ड्रिंक्स, हल्के साइड डिश और चिल्ड डेजर्ट न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाते हैं, बल्कि शरीर को हाइड्रेट रखने में भी मदद करते हैं. अगर आप चाहते हैं कि इस ईद पर स्वाद के साथ सेहत का भी संतुलन बना रहे, तो ये 5 हाइड्रेटिंग रेसिपीज आपके त्योहार को और भी खास बना सकती हैं.
ईद पर बनाने के लिए 5 हाइड्रेटिंग रेसिपीज | 5 Hydrating Recipes to Make for Eid
1. रोज लेमन शरबत
गर्मी के मौसम में रोज लेमन शरबत तुरंत ताजगी देने वाला ड्रिंक है. गुलाब के शरबत, नींबू के रस, ठंडे पानी और बर्फ से तैयार यह ड्रिंक्स मीठे और खट्टे स्वाद का बेहतरीन मेल होता है. गुलाब की ठंडक और नींबू की ताजगी शरीर को गर्मी से राहत देती है. मेहमानों के स्वागत के लिए यह एक शानदार और आसान विकल्प है.

2. दही चना चाट
अगर भारी खाने के बीच कुछ हल्का और हेल्दी खाना चाहते हैं, तो दही चना चाट बेहतरीन चुनाव है. उबले हुए चने, ठंडी दही, प्याज़, टमाटर और हल्के मसालों से बनी यह चाट पेट को ठंडक देती है. इसमें प्रोटीन और फाइबर भरपूर मात्रा में होते हैं, जिससे लंबे समय तक ऊर्जा बनी रहती है. यह डिश स्वाद और सेहत दोनों का सही संतुलन है.
3. वाटरमेलन मिंट कूलर
तरबूज गर्मियों का सबसे हाइड्रेटिंग फल माना जाता है. जब इसे पुदीने की पत्तियों और बर्फ के साथ ब्लेंड किया जाता है, तो यह एक शानदार समर ड्रिंक बन जाता है. वाटरमेलन मिंट कूलर शरीर में पानी की कमी को दूर करता है और गर्म दोपहर में तुरंत राहत देता है. इसका हल्का और प्राकृतिक स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है.
4. पान रबड़ी फालूदा
ईद की मिठास को खास बनाने के लिए पान रबड़ी फालूदा एक शानदार डेज़र्ट है. ठंडे दूध, फालूदा सेव, सब्जा बीज और पान फ्लेवर से तैयार यह मिठाई स्वाद में बेहद रिच होती है. इसे ठंडा परोसने से शरीर को ठंडक मिलती है और गर्मी का असर कम महसूस होता है. त्योहार के बाद मीठे में यह एक अलग और शाही विकल्प साबित हो सकता है.

5. मैंगो कुल्फी
आम के मौसम में मैंगो कुल्फी से बेहतर मिठाई शायद ही कोई हो. पके हुए आम, दूध और ड्राई फ्रूट्स से तैयार यह फ्रोजन डेज़र्ट हर उम्र के लोगों को पसंद आता है. भारी खाने के बाद इसकी ठंडी और मलाईदार मिठास मूड को फ्रेश कर देती है. घर पर आसानी से बनने वाली यह कुल्फी बच्चों के लिए भी खास आकर्षण बन सकती है.
ये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:
कभी सोचा है नारियल में पानी कहां से आता है? जानिए कैसे बनता है इतना मीठा और साफ लिक्विड
पाचन से लेकर सांसों की बदबू तक, पुदीने की पत्तियां शरीर को दे सकती हैं ये 10 फायदे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं