विज्ञापन
21 days ago

Rajasthan Nikay Chunav 2025 LIVE Updates: राजस्थान निकाय चुनाव में बीकानेर, अजमेर, उदयपुर, पाली नगर निगम का रिजल्ट आ गया है. बीकानेर मेयर चुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत हुई है. 80 पार्षदों में से कांग्रेस को 50 वोट मिले और अनिल कल्ला बने बीकानेर नगर निगम के नए मेयर बने.कांग्रेस प्रत्याशी अनिल कल्ला ने बीजेपी प्रत्याशी को हराया. अलवर नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बनाने ओर प्रत्याशी सुमनलता अग्रवाल की जीत हुई है. भरतपुर में भाजपा की अनुराधा सिंह नगर निगम मेयर बनी हैं.

पाली नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बना है. यहां बीजेपी प्रत्याशी नमिता मेहता को 33 वोट और निर्दलीय राजबाला को 29 वोट मिले. कांग्रेस की सुमित्रा को सिर्फ 3 वोट मिले.

राजस्थान के निकाय चुनाव से जुड़े लेटेस्ट अपडेट्स के लिए इस LIVE पेज पर बने रहें.

LIVE: राजस्थान निकाय चुनाव में BJP का दबदबा

राजस्थान निकाय चुनाव में बीजेपी ने दबदबा कायम रखा है. 7 में से 6 नगर निगमों में बीजेपी ने कब्जा कर लिया है. अजमेर और पाली में बढ़त के बावजूद कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा. दोनों जगह बड़ा उलटफेर हुआ. सिर्फ बीकानेर में कांग्रेस अपना मेयर बना पाई, जहां अनिल कल्ला मेयर बने हैं. अजमेर में अनामिका शर्मा और पाली में नमिता बुबकिया मेयर बनी हैं. उदयपुर में बीजेपी के पारस सिंघवी और अलवर में बीजेपी की सुमनलता अग्रवाल ने जीत दर्ज की है.

LIVE: राजस्थान निकाय चुनाव के बड़े अपडेट्स

धौलपुर - सैपऊ
भाजपा के पप्पू अध्यक्ष निर्वाचित
भाजपा - 16 वोट, कांग्रेस के मुनेश कुशवाहा - 4 वोट

सपोटरा (करौली)
भाजपा की सपना बैरवा अध्यक्ष बनीं
सपना बैरवा - 16 वोट, कांग्रेस की कविता महावर - 4 वोट
20 पार्षदों ने किया मतदान

दांता नगरपालिका
कांग्रेस का बोर्ड, भंवर लाल कुमावत चेयरमैन
कांग्रेस - 14 वोट, भाजपा - 11 वोट

नोखा (बीकानेर)
CPI(M) समर्थित विकास मंच का बोर्ड
बजरंग सोनी बने अध्यक्ष, भाजपा के दिनेश सुथार को हराया
CPI(M) - 32 वोट, भाजपा - 13 वोट
लगातार 5वीं बार बोर्ड, पहली बार OBC वर्ग का अध्यक्ष

बीकानेर मेयर चुनाव
मतदान पूरा, 80 पार्षदों ने किया वोट
मतगणना जारी, परिणाम का इंतजार

श्रीगंगानगर
भाजपा के अजय दावड़ा सभापति निर्वाचित
बागी संजय मूंधड़ा को हराया

टोडारायसिंह (टोंक)
भाजपा के संत कुमार जैन तीसरी बार अध्यक्ष
भाजपा - 28 वोट, कांग्रेस - 7 वोट, 21 वोटों से जीत

देवली (टोंक)
भाजपा की कजोड़ी देवी पालिकाध्यक्ष
भाजपा - 24 वोट, कांग्रेस - 11 वोट
कोई पार्षद रॉल्स रॉयस से तो कोई ट्रैक्टर से पहुंचा

पीपलू (टोंक)
भाजपा के रमेश वर्मा चेयरमैन बने
भाजपा - 13 वोट, कांग्रेस - 7 वोट

करौली
कांग्रेस के सुनील सैनी सभापति निर्वाचित
सुनील सैनी - 30 वोट, भाजपा के वीरेंद्र शर्मा - 25 वोट

भरतपुर नगर निगम
भाजपा की अनुराधा सिंह बनीं मेयर
रिटर्निंग ऑफिसर रिछपाल सिंह ने दिलाई शपथ
बोलीं - सड़क, सफाई, लाइट और पानी प्राथमिकता में


 

LIVE: भरतपुर में बीजेपी की अनुराधा सिंह बनीं नगर निगम मेयर

भरतपुर नगर निगम में भाजपा का परचम लहरा गया है. बीजेपी की अनुराधा सिंह भरतपुर नगर निगम की नई मेयर बन गई हैं. सोमवार को नगर निगम सभागार में आयोजित गरिमामय समारोह में रिटर्निंग ऑफिसर रिछपाल सिंह ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. शपथ के तुरंत बाद उन्होंने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया.

इस दौरान नगर निगम परिसर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों से खचाखच भरा रहा. अनुराधा सिंह के परिसर में पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. महिला कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया.

पदभार ग्रहण के बाद मीडिया से बातचीत में नवनिर्वाचित मेयर अनुराधा सिंह भावुक नजर आईं. उन्होंने भरतपुर की जनता, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश प्रभारी अशोक परनामी का आभार जताया और कहा कि पार्टी ने एक छोटे से कार्यकर्ता पर बड़ा भरोसा जताया है.
उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता शहर की मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करना होगी - टूटी सड़कों की मरम्मत, नियमित साफ-सफाई, बंद स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराना और पेयजल समस्या का समाधान.

मेयर ने कहा कि मुख्यमंत्री का भरतपुर को स्मार्ट सिटी बनाने का सपना पूरा करने के लिए वह दिन-रात काम करेंगी. हर वार्ड में बिना भेदभाव के विकास कराया जाएगा और निगम को भ्रष्टाचार मुक्त व पारदर्शी बनाया जाएगा.

 

LIVE: करौली नगर परिषद में कांग्रेस के सुनील सैनी सभापति निर्वाचित

करौली नगर परिषद सभापति पद चुनाव में कांग्रेस के सुनील सैनी निर्वाचित हुए हैं. उन्हें 30 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र शर्मा को 25 वोट मिले. नगर परिषद में 28 कांग्रेस, 11 भाजपा, 1 बसपा और 15 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए थे. चुनाव रिटर्निंग अधिकारी राकेश कुमार रावत के निर्देशन में हुआ.
 

LIVE: टोंक के पीपलू में भाजपा के रमेश वर्मा बने चेयरमैन

नवसृजित पीपलू नगर पालिका में भाजपा के रमेश वर्मा चेयरमैन बने हैं. उन्होंने कांग्रेस के पंकज बैरवा को हराया. भाजपा को 13 और कांग्रेस को 7 मत मिले.

LIVE: टोंक के देवली में बीजेपी की कजोड़ी देवी बनीं पालिकाध्यक्ष

देवली नगर पालिका अध्यक्ष पद पर भाजपा का बोर्ड बना है. वार्ड नंबर 9 की पार्षद कजोड़ी देवी पालिकाध्यक्ष बनी हैं. भाजपा को 24 मत मिले, वहीं कांग्रेस को 11 मत मिले. कल उपाध्यक्ष के लिए मतदान होगा. चुनाव में अनूठा क्रेज देखने को मिला, कोई पार्षद रॉल्स रॉयस से पहुंचा तो कोई ट्रैक्टर से.

LIVE: टोंक के टोडारायसिंह में संत कुमार जैन तीसरी बार अध्यक्ष बने

नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव में भाजपा के संत कुमार जैन अध्यक्ष बने हैं. उन्हें 28 मत मिले, जबकि कांग्रेस के सत्यनारायण सैनी को 7 मत मिले. रिटर्निंग ऑफिसर जयंत कुमार ने परिणाम घोषित किया. संत कुमार जैन 21 मतों से विजयी हुए और तीसरी बार अध्यक्ष बनने पर उनका भव्य स्वागत किया गया.
 

LIVE: श्रीगंगानगर में बीजेपी के अजय दावड़ा बने सभापति

श्रीगंगानगर नगर परिषद सभापति चुनाव में भाजपा के अजय दावड़ा विजयी रहे. उन्होंने भाजपा के बागी उम्मीदवार संजय मूंधड़ा को हराया. जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई.

LIVE: बीकानेर के नोखा में CPI(M) का बना बोर्ड

नोखा नगरपालिका में CPI(M) समर्थित विकास मंच का बोर्ड बना है. CPI(M) के बजरंग सोनी पालिकाध्यक्ष बने हैं. उन्होंने भाजपा के दिनेश सुथार को हराया. CPI(M) के पक्ष में 32 वोट पड़े, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 13 वोट मिले. तीन निर्दलीयों ने भी मतदान में भूमिका निभाई. बजरंग सोनी के चेयरमैन बनने पर स्वर्णकार समाज में खुशी की लहर है. लगातार पांचवीं बार विकास मंच का बोर्ड बना है. नोखा नगरपालिका के इतिहास में पहली बार OBC वर्ग का अध्यक्ष निर्वाचित हुआ है.
 

LIVE: दांता नगरपालिका में कांग्रेस का बना बोर्ड, भंवर लाल कुमावत बने चेयरमैन

दांता नगरपालिका चेयरमैन पद के चुनाव में कांग्रेस ने बहुमत हासिल कर बोर्ड बना लिया है. कांग्रेस के भंवर लाल कुमावत चेयरमैन निर्वाचित हुए हैं. उन्हें 14 वोट मिले, जबकि भाजपा को 11 वोट मिले. कुल 25 वोट डाले गए थे.
 

LIVE: करौली बीजेपी की सपना बैरवा बनीं अध्यक्ष

सपोटरा नगरपालिका अध्यक्ष पद का चुनाव परिणाम घोषित हो गया है. रिटर्निंग अधिकारी अनूप सिंह ने परिणाम घोषित किया. भाजपा की सपना बैरवा निर्वाचित हुई हैं. उन्हें कुल 16 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की कविता महावर को 4 वोट मिले. 20 निर्वाचित पार्षदों ने बैलेट पेपर से वोट डाले. निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपकर शपथ दिलाई गई. जीत के बाद सपना बैरवा ने कहा कि नगर पालिका सपोटरा का विकास करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी. विधायक हंसराज मीणा और भाजपा कार्यकर्ताओं ने जीत की खुशियां मनाई. विधायक ने कहा कि यह सर्वसमाज और सपोटरा की देवतुल्य जनता की जीत है.

LIVE: धौलपुर में बीजेपी के पप्पू जीते

धौलपुर के सैपऊ नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव का परिणाम आ गया है. भाजपा के प्रत्याशी पप्पू ने जीत हासिल की है. उन्हें 16 मत मिले, जबकि कांग्रेस के मुनेश कुशवाहा को 4 मत मिले. जीत के बाद भाजपा के पप्पू को अध्यक्ष पद पर विजयी घोषित किया गया.

LIVE: बीकानेर मेयर चुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत

बीकानेर नगर निगम मेयर चुनाव में कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज की है. कांग्रेस प्रत्याशी अनिल कल्ला बीकानेर नगर निगम के नए मेयर बन गए हैं. उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को बड़े अंतर से हराया है. कुल 80 वोटों में से कांग्रेस को 50 वोट मिले. मतदान के बाद मतगणना में कांग्रेस के पक्ष में बहुमत आया है. जीत के साथ ही कांग्रेस खेमे में जश्न का माहौल है और अब बीकानेर की मेयर कुर्सी पर अनिल कल्ला काबिज हो गए हैं.

LIVE: राजसमंद नगर परिषद में बीजेपी की अनीता पालीवाल बनीं सभापति

राजसमंद नगर परिषद सभापति चुनाव में भाजपा की अनीता पालीवाल ने जीत हासिल की है. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान प्रक्रिया पूरी हुई, जिसके बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.

आज जिला परिषद सभागार में सुबह 10 बजे से चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई थी. कुल 45 पार्षदों ने मतदान किया. सभापति पद के लिए भाजपा से अनीता पालीवाल और कांग्रेस से मोहनलाल कुमावत के बीच मुकाबला था.
अनीता पालीवाल को 30 वोट मिले जबकि कांग्रेस के मोहनलाल कुमावत को 15 वोट मिले. इसके बाद अनीता पालीवाल को विजयी घोषित किया गया.

(इनपुट- तरुण जोशी)

LIVE: पाली नगर निगम में भी भाजपा का बोर्ड

पाली नगर निगम में भी भाजपा ने अपना बोर्ड बना लिया है. अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी नमिता को 33 वोट मिले. वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी राजबाला को 29 वोट और कांग्रेस प्रत्याशी सुमित्रा को 3 वोट मिले.

LIVE: मालपुरा (टोंक) के डिग्गी में बीजेपी का बोर्ड

टोंक जिले के मालपुरा से बड़ी खबर सामने आई है. नवगठित डिग्गी नगरपालिका में भाजपा ने अपना बोर्ड बना लिया है. भाजपा प्रत्याशी अरविंद शर्मा नवगठित डिग्गी नगरपालिका के प्रथम अध्यक्ष बन गए हैं. उन्हें कुल 15 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी करमचंद को 10 वोट मिले.

LIVE: निवाई से नरेंद्र शर्मा बने पालिका अध्यक्ष

निवाई नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव में नरेंद्र शर्मा ने जीत हासिल की है और नए पालिका अध्यक्ष बन गए हैं. इस जीत में पूर्व पालिका अध्यक्ष दिलीप इसरानी किंग मेकर बनकर उभरे हैं. जीत के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है और भारत माता की जय के नारे लगाए जा रहे हैं.

LIVE: सीकर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हंगामा, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

फतेहपुर नगर परिषद चुनाव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया. नगर परिषद के अंदर कार्यकर्ताओं के जाने को लेकर विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया है. फिलहाल मामला शांत है.

LIVE: दौसा में सभापति के लिए वोटिंग के दौरान हाईवोल्टेज ड्रामा

दौसा नगर परिषद सभापति चुनाव के लिए कांग्रेस खेमे के पार्षद पहुंच गए हैं. कांग्रेस विधायक डीसी बैरवा की अगुवाई में सभी पार्षद चुनाव के लिए पहुंचे. इस दौरान बीजेपी और कांग्रेस दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नारेबाजी शुरू हो गई. एक तरफ बीजेपी कार्यकर्ता किरोड़ी लाल मीणा जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे, तो दूसरी तरफ कांग्रेस कार्यकर्ता विधायक डीसी बैरवा को कंधे पर बैठाकर नारेबाजी कर रहे थे. फिलहाल, कांग्रेस खेमे के पार्षद वोटिंग कर रहे हैं.

LIVE: अजमेर नगर निगम चुनाव के ताजा अपडेट

अजमेर नगर निगम चुनाव को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है. पार्षद बस में बैठे हुए थे, इसी दौरान पुलिस प्रशासन ने बस को रोक दिया. इसके बाद पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विरोध हुआ. विरोध के बाद बस को अंदर जाने की अनुमति दी गई.

दौसा नगर परिषद में सभापति चुनाव के लिए कांग्रेस खेमे के पार्षद पहुंचे. कांग्रेस विधायक डीसी बैरवा की अगुवाई में सभी पार्षद पहुंचे हैं. इस दौरान भाजपा और कांग्रेस दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नारेबाजी शुरू हो गई.

एक तरफ किरोड़ी लाल मीणा जिंदाबाद के नारे लगे तो दूसरी तरफ विधायक डीसी बैरवा के कार्यकर्ताओं ने उन्हें कंधे पर बैठाकर नारेबाजी की. फिलहाल कांग्रेस खेमे के पार्षद वोटिंग कर रहे हैं.

LIVE: बीकानेर के खाजूवाला में बीजेपी के मंगल सिंह बने चेयरमैन

बीकानेर के खाजूवाला नगरपालिका चेयरमैन चुनाव में बीजेपी ने जीत का परचम लहरा दिया है. बीजेपी प्रत्याशी मंगल सिंह ने बाजी मारते हुए चेयरमैन पद पर कब्जा कर लिया है. चुनाव में बीजेपी के मंगल सिंह को 12 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी रेणु राकेश सहारण को 8 वोटों से संतोष करना पड़ा. इस तरह बीजेपी ने 4 मतों के अंतर से जीत हासिल की है. निर्वाचन अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी प्रभजोत सिंह गिल ने चुनाव परिणाम की आधिकारिक जानकारी दी.

LIVE: पंचकूला में हाईवोल्टेज ड्रामा! 18 पार्षदों को किडनैप करने का आरोप, कांग्रेस नेता धरने पर बैठे

राजस्थान के तिजारा नगर परिषद में चेयरमैन चुनाव से ठीक पहले पंचकूला में हाईवोल्टेज सियासी ड्रामा देखने को मिला है. चेयरमैन पद की वोटिंग से कुछ घंटे पहले कांग्रेस के 18 पार्षदों को हरियाणा पुलिस द्वारा उठाने का आरोप लगा है.

जानकारी के मुताबिक, ये सभी 18 पार्षद हिमाचल प्रदेश से राजस्थान लौट रहे थे. आरोप है कि चंडीमंदिर इलाके के पास हरियाणा पुलिस ने पार्षदों की गाड़ियों को रोका और उन्हें हिरासत में लेकर थाने ले गई.
घटना की सूचना मिलते ही राजस्थान से कांग्रेस नेता और पार्षदों के समर्थक पंचकूला पहुंच गए. पुलिस की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस नेता थाने के बाहर ही धरने पर बैठ गए हैं.

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि आज होने वाले चेयरमैन पद के चुनाव को प्रभावित करने के लिए जानबूझकर उनके पार्षदों को रोका गया है. ताकि वोटिंग के दौरान वे मौजूद न रह सकें.

हालांकि इस पूरे मामले में हरियाणा पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है कि पार्षदों को किस वजह से रोका गया है.
 

LIVE: 305 नगरीय निकायों में आज चुने जाएंगे नए अध्यक्ष

राजस्थान के 305 नगरीय निकायों में आज महापौर (मेयर), नगर परिषद सभापति और नगरपालिका चेयरमैन पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू हो रही है. पार्षदों के नतीजे आने के बाद से ही कांग्रेस और बीजेपी दोनों दलों ने अपने-अपने पार्षदों को रिसॉर्ट्स और होटलों में सुरक्षित रखा हुआ था. आज सुबह 10 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी और दोपहर बाद साफ हो जाएगा कि किस शहर में किसका बोर्ड बनेगा.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajashtan, Rajasthan Nikay Chunav, Mayor Election, Nikay Chunav Voting, BJP Congress
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com